2028 तक IPL को स्पॉन्सर करेगा TATA

ESPNcricinfo स्‍टाफ़

22 मार्च से आईपीएल के शुरू होने की संभावना है © BCCI

TATA ग्रुप अब 2028 तक IPL का टाइटल स्पॉन्सर बना रहेगा। कंपनी को पांच वर्ष (2024-28) का एक्सटेंशन मिला है। इसके लिए TATA को 2500 करोड़ रुपए की कीमत अदा करनी होगी। BCCI द्वारा जारी बयान के मुताबिक यह इस लीग के इतिहास में राशि के लिहाज़ से सबसे बड़ी स्पॉन्सरशिप डील भी है।

TATA ग्रुप 2022 और 2023 के सीज़न के लिए भी IPL का टाइटल स्पॉन्सर था और इसके साथ ही वह विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का भी टाइटल स्पॉन्सर है।

IPL के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने कहा, "IPL 2024-28 के टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए TATA ग्रुप का सहयोग IPL की यात्रा में एक मील का पत्थर है। TATA ग्रुप द्वारा अदा की जाने वाली 2500 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ रकम इस बात का सबूत है कि खेल की दुनिया में IPL कितना प्रासंगिक है। यह रकम ना सिर्फ़ इस लीग के इतिहास में नए पैमाने स्थापित करती है बल्कि यह वैश्विक स्तर पर IPL के इम्पैक्ट और उसके प्राथमिक स्पोर्टिंग इवेंट होने के तथ्य को भी स्थापित करती है। क्रिकेट और स्पोर्ट्स के प्रति TATA ग्रुप की प्रतिबद्धता वास्तव में प्रशंसनीय है। हम एक साथ मिलकर नई ऊंचाई छूने और प्रशंसकों तक क्रिकेटिंग मनोरंजन पहुंचाने की ओर देख रहे हैं।"

TATA ग्रुप ने VIVO को पिछले दो सीज़न में IPL के टाइटल स्पॉन्सर के रूप में रिप्लेस किया था। भारत और चीन के बीच पनपे राजनीतिक तनाव के बाद BCCI ने VIVO के साथ अपने संबंध अस्थाई रूप से अलग कर लिए थे। VIVO ने 2018 से लेकर 2022 तक के IPL सीज़न के लिए 2199 करोड़ रुपए में IPL की टाइटल स्पॉन्सरशिप हासिल की थी। लेकिन 2020 के सीज़न में ड्रीम 11 ने बतौर टाइटल स्पॉन्सर VIVO को रिप्लेस किया था। हालांकि 2021 में बतौर टाइटल स्पॉन्सर, दोबारा VIVO की वापसी हो गई थी।

अगले पांच वर्षों के लिए TATA की बिड, VIVO द्वारा अदा की गई रकम की तुलना में 13.7 फ़ीसदी अधिक है।

BCCI के सचिव जय शाह ने TATA ग्रुप और IPL के इस गठजोड़ को उत्कृष्टता तक पहुंचने के क्रम में विकास की भावना, इनोवेशन और म्यूचुअल डेडीकेशन का प्रतीक करार दिया है। शाह ने कहा कि यह यह डील अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर IPL के इम्पैक्ट को दर्शाती है।

IPL 2024 का सीज़न 22 मार्च से लेकर मई के अंत तक खेले जाने की संभावना है। इसके ठीक बाद 1 जून से टी20 विश्व कप भी खेला जाना है।

Comments