CSK में ऋतुराज गायकवाड़ की जगह 17 वर्षीय आयुष म्हात्रे
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई के 17-वर्षीय सलामी बल्लेबाज़ आयुष म्हात्रे को अपने चोटिल कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की जगह टीम में शामिल किया है। उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये के बराबर राशि मिलेगी।
म्हात्रे ने अभी तक T20 क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन उनके नाम दो प्रथम श्रेणी और दो लिस्ट ए शतक है। वह ऑफ़ स्पिन गेंदबाज़ी भी कर सकते हैं और उनके नाम चार लिस्ट ए पारियों में सात विकेट भी हैं।
CSK के गेंदबाज़ी सलाहकार एरिक सिमंस ने बताया, "वह चेन्नई में ट्रायल के लिए आए थे और नेट्स में हमारे साथ जुड़े थे। इन युवा खिलाड़ियों को खेलते देखना एक सुखद एहसास है। वे निडर होकर क्रिकेट खेलते हैं। CSK भी कुछ इसी तरह की क्रिकेट खेलती है और हम खिलाड़ियों को खुलकर और आक्रामकता से खेलने की आज़ादी देते हैं। उनका नेट्स अच्छा गया था और वहां उपस्थित हमारे स्टाफ़ के लोग उनसे बहुत प्रभावित हुए थे। उनको दल में शामिल करके हम बहुत उत्साहित हैं।"
एशिया कप 2024 के दौरान म्हात्रे ने इंडिया अंडर-19 टीम में भी जगह बनाई थी। इसके बाद ईरानी कप के लिए वह मुंबई की सीनियर टीम में चुने गए। तबसे वह प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए मैचों में मुंबई के नियमित सदस्य हैं।
SRH में ज़ैम्पा की जगह स्मरण
चोट के कारण ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर ऐडम ज़ैम्पा भी IPL 2025 से बाहर हो गए हैं और सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) ने उनकी जगह कर्नाटक के युवा बल्लेबाज़ आर स्मरण (21) को 30 लाख रूपये में शामिल किया है।
स्मरण ने 2024-25 विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के दौरान सात पारियों में 100 से ऊपर के स्ट्राइक रेट और 72 की औसत से सात पारियों में 433 रन बनाए थे, जिसमें फ़ाइनल में खेली गई 101 रनों की मैच-जिताऊ पारी शामिल थी। उन्होंने अभी तक छह T20 मैचों में 170 के स्ट्राइक रेट से 170 रन बनाए हैं। उन्होंने हाल ही में मुंबई में डीवाई पाटिल टूर्नामेंट भी खेला था।