SA20 प्रिटोरिया कैपिटल्स के प्रमुख कोच बने सौरव गांगुली

ESPNcricinfo स्‍टाफ़

Sourav Ganguly संभालेंगे नई जिम्‍मेदारी © NurPhoto via Getty Images

सौरव गांगुली 26 दिसंबर से शुरू होने वाले SA20 के चौथे सीज़न के लिए प्रिटोरिया कैपिटल्स के नए मुख्य कोच बनने जा रहे हैं। वह इस भूमिका में जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे। गांगुली पिछले साल से ही प्रिटोरिया कैपिटल्स की मूल कंपनी JSW स्पोर्ट्स के लिए क्रिकेट निदेशक के रूप में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही सोमवार को पूर्व साउथ अफ़्रीकी हरफनमौला शॉन पोलक को टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया है।

प्रिटोरिया कैपिटल्स का अब तक टूर्नामेंट में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने पहले सीज़न में ग्रुप चरण में तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन फ़ाइनल में सनराइज़र्स ईस्टर्न केप से हार गए थे। उसके बाद से दो सीज़न 2023-24 और 2024-25 में उन्हें और भी ख़राब नतीजे़ मिले हैं और दोनों बार वे पांचवें स्थान पर रहकर प्लेऑफ़ के लिए क्वालिफ़ाई करने में नाकाम रहे।

प्रिटोरिया कैपिटल्स को उम्मीद होगी कि गांगुली की नियुक्ति से उनकी क़‍िस्मत पलट जाएगी। पूर्व भारतीय कप्तान पहली बार मुख्य कोच बनेंगे। 2015 से 2019 तक, चार साल तक, वह बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रहे। 2019 सीज़न के लिए वह दिल्ली कैपिटल्स में मेंटर के रूप में शामिल हुए, लेकिन इसके तुरंत बाद ही BCCI के अध्यक्ष बनने के लिए फ़्रैंचाइज़ी छोड़ दी।

उसके बाद से, पिछले वर्ष JSW के क्रिकेट निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति ने उन्हें उनकी एक फ़्रैंचाइज़ी के कोचिंग की भूमिका के क़रीब पहुंचा दिया, जिसमें IPL और WPL में GMR के साथ सह-स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स भी शामिल है।

उनका पहला ध्यान 9 सितंबर को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी पर होगा, जहां कैपिटल्स नए कोच की नियुक्ति के साथ-साथ अपनी टीम में नयापन लाने पर विचार करेगी।

Comments