अभिषेक, गिल और दुबे की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को हराया
भारत 174/4 (अभिषेक 74, गिल 47, रउफ़ 2-26) ने पाकिस्तान 171/5 (फ़रहान 58, दुबे 2-33) को छह विकेट से हराया
एशिया कप 2025 में भारत का शानदार अभियान लगातार जारी है। सुपर-4 के अपने पहले ही मैच में उन्होंने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को छह विकेट से हराया है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान ने साहिबज़ादा फ़रहान (58) की पारी की बदौलत 171/5 का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में भारतीय टीम ने सात गेंद शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने केवल 39 गेंद में 74 रनों की पारी खेली।
फ़रहान और फ़ख़र ज़मान के साथ पाकिस्तान ने इस मैच में नई ओपनिंग जोड़ी को उतारा था जिन्होंने टीम को तेज़ शुरुआत भी दिलाई। हालांकि तीसरे ओवर में ही फ़ख़र 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आए सईम अयूब ने फ़रहान के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। भले ही लगातार तीन मैचों में खाता खोले बिना आउट होने वाले अयूब ने इस मैच में अपना खाता खोला लेकिन वह 17 गेंद में केवल 21 रन ही बना सके। इस बीच फ़रहान के साथ उनकी 72 रनों की एक अहम साझेदारी हुई।
जब भारत के प्रमुख स्पिनर्स इस साझेदारी को नहीं तोड़ पा रहे थे तब शिवम दुबे ने अयूब का विकेट लेते हुए इस साझेदारी का अंत किया। 34 गेंद में अर्धशतक पूरा करने वाले फ़रहान के रन बनाने की गति भी धीमी पड़ गई और उन्हें भी दुबे ने ही आउट किया। 10 ओवर के बाद अगले लगभग सात ओवर तक पाकिस्तान की टीम कोई बाउंड्री नहीं लगा सकी। हालांकि फ़हीम अशरफ़ ने केवल आठ गेंद में नाबाद 20 रन बनाते हुए अपनी टीम को 171 के स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान के इस स्कोर तक पहुंचने में भारत के फ़ील्डर्स का भी अहम योगदान रहा जिन्होंने लगभग छह कैच टपकाए।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक ने पारी की पहली गेंद पर ही छक्का लगाते हुए दमदार तरीके से शुरू किया। इसके बाद शुभमन गिल ने भी उनका बख़ूबी साथ दिया और भारतीय टीम ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 69 रन जोड़ लिए। गिल और अभिषेक के दम पर पहले 8.4 ओवर में ही भारत के 100 रन भी पूरे हो चुके थे। पाकिस्तानी टीम के पास इस जोड़ी का कोई जवाब नहीं दिख रहा था। इसी बीच गिल को पैर में थोड़ी सी समस्या हुई और खेल को रोकना पड़ा।
दोबारा खेल शुरू होने पर पहले ही गेंद पर गिल क्लीन बोल्ड हुए और 105 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। इसके बाद पाकिस्तान को सूर्यकुमार यादव और अभिषेक का विकेट भी 18 रन के अंदर ही मिल गया। अभिषेक ने अपनी पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। तिलक वर्मा ने 19 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाते हुए भारत को आसानी से जीत दिला दी।