जायसवाल और सुदर्शन की पारियों की मदद से पहला दिन रहा भारत के नाम

Play 01:42
हां या ना: जायसवाल की बड़ी पारियां खेलने की आदत सहवाग की याद दिलाती है

भारत 318/2 (जायसवाल 173*, सुदर्शन 87, वारिकन 2-60)

यशस्वी जायसवाल के सातवें टेस्ट शतक और साई सुदर्शन के 87 रन की मदद से भारत ने दिल्ली टेस्ट के पहले दिन को अपने नाम कर लिया। 58 रन के स्कोर पर केएल राहुल का पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद दोनों के बीच 306 गेंदों में 193 रनों की साझेदारी हुई। दोनों ने गेंद को उसके मेरिट पर खेला और केवल ढीली गेंदों पर ही शॉट लगाए। हालांकि एक बार टिक जाने के बाद दोनों ने मनचाहे ढंग से रन बनाए।

इस मैच से पहले सुदर्शन पर कई सवाल उठ रहे थे। इंग्लैंड दौरे से लेकर अहमदाबाद के पहले टेस्ट तक उन्हें कई बार शुरुआत तो मिल रही थी, लेकिन वह उसे बड़ी पारियों में नहीं बदल पा रहे थे। चार टेस्ट की सात पारियों में उनके नाम सिर्फ़ एक अर्धशतक था और वह सिर्फ़ 20 की औसत से रन बना पा रहे थे। हालांकि इस मैच से पहले टीम प्रबंधन और कप्तान शुभमन गिल ने सुदर्शन पर पूरा भरोसा जताया था, जिस पर वह पूरी तरह खरे उतरे।

उन्होंने मैदान के चारों तरफ़ शॉट खेले, लेकिन उनके ऑन साइड का खेल ज़्यादा आकर्षक था। उन्होंने कुछ बेहतरीन ऑन ड्राइव, पुल और फ़्लिक शॉट खेले और लेग साइड में अपने 12 में से सात चौके बटोरे। उनके 62% रन इसी साइड में बने।

वहीं जायसवाल ने अपने इंग्लैंड वाले फ़ॉर्म को बरक़रार रखा। वह सुदर्शन से ज़्यादा आक्रामक थे, लेकिन उन्होंने भी पहले क्रीज़ पर टिकने के लिए समय लिया और जमने के बाद गेंदों को उनके मेरिट पर शॉट लगाए।

जहां सुदर्शन का खेल मुख्यतः ऑन साइड पर आधारित था, वहीं उन्हीं की तरह बाएं हाथ के बल्लेबाज़ जायसवाल ने ऑफ़ साइड पर शॉट खेले। उन्होंने अपने 40% रन ऑन साइड में जबकि 60% रन ऑफ़ साइड में बनाए। उनके 22 बाउंड्री में से सिर्फ़ पांच ही ऑन साइड में आए।

सुदर्शन दुर्भाग्यशाली रहे कि वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके। जब वह अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे, तभी वॉरिकन की एक अंदर आती लेंथ गेंद को वह बैकफ़ुट से अक्रॉस होकर ऑन साइड में खेलने गए और गेंद उनके पैड पर लगी, जिससे वह आउट हो गए। हालांकि इसके बाद जायसवाल ने कप्तान गिल के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और अपना 150 पूरा किया। यह टेस्ट क्रिकेट में जायसवाल का पांचवां 150+ स्कोर था। 24 साल की उम्र में उनसे आगे सिर्फ़ डॉन ब्रैडमैन हैं, जिनके नाम आठ 150+ स्कोर थे।

इससे पहले गिल ने अपने टेस्ट करियर का पहला टॉस जीता और अक्तूबर की धूप भरी दिल्ली की सुबह में पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया। इस फ़ैसले को उनके सलामी बल्लेबाज़ों केएल राहुल और जायसवाल ने सही साबित किया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 105 गेंदों में 58 रन जोड़े। इस दौरान राहुल कुछ ज़्यादा ही आक्रामक नज़र आए।

उनकी 38 रनों की पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल था। उन्होंने 17वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर खारी पिएर की गेंद पर आगे बढ़कर सीधा छक्का लगाया था। अगले ओवर में उन्होंने जोमेल वॉरिकन की गेंद पर भी यही करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बाहर की ओर टर्न हुई और वह स्टंपिंग आउट हो गए।

इसके बाद जब सुदर्शन ने जायसवाल के साथ पारी को संभाला, तब से पूरा दिन भारतीय टीम के नाम हो गया।

दया सागर ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं।dayasagar95

Comments