भारत अंडर-15 के पूर्व क्रिकेटर राजेश बैनिक का सड़क हादसे में निधन
त्रिपुरा और भारत अंडर-15 के पूर्व क्रिकेटर राजेश बैनिक की पश्चिमी त्रिपुरा के आनन्दनगर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उनकी उम्र 40 वर्ष थी और वह अपने पीछे अपने परिवार में पिता, मां और भाई छोड़ गए हैं।
बैनिक ने 2001-02 सीज़न में त्रिपुरा के लिए रणजी ट्रॉफ़ी में पदार्पण किया था। वह उस समय राज्य के प्रमुख क्रिकेटरों में से एक थे और बाद में राज्य की अंडर-16 टीम के चयनकर्ता के रूप में भी कार्य किया।
12 दिसंबर 1984 को जन्मे बैनिक दाएं हाथ के बल्लेबाज़ और कामचलाऊ लेग स्पिनर थे। उन्होंने त्रिपुरा के लिए 42 प्रथम श्रेणी मैचों में 19.32 की औसत से 1469 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 24 लिस्ट A मैचों में 378 रन और 18 T20 मैचों में 203 रन बनाए। ये सभी मुकाबले 2001-02 से 2017-18 के बीच खेले गए।
बैनिक 2000 में कुआलालम्पुर में हुए एशियन क्रिकेट काउंसिल अंडर-15 टूर्नामेंट में भारत अंडर-15 टीम के सदस्य थे और इरफ़ान पठान व अंबाती रायुडू के साथ खेले थे। उसी साल वह इंग्लैंड दौरे पर भी गए थे, जहां रायडू और पठान फिर उनके साथ थे। बाद में उन्होंने त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व कई घरेलू आयु वर्ग के टूर्नामेंट्स में किया।
अगरतला में बंगाल के ख़िलाफ़ खेल रही त्रिपुरा की टीम ने रणजी ट्रॉफ़ी मैच के दौरान बैनिक के सम्मान में काली पट्टियां पहनीं। TCA ने शनिवार को अगरतला स्थित अपने मुख्यालय में इस पूर्व क्रिकेटर को श्रद्धांजलि दी।
TCA सचिव सुभ्रता डे ने न्यूज़ एजेंसी PTI से कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमने एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर और अंडर-16 क्रिकेट टीम के चयनकर्ता को खो दिया। हम स्तब्ध हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।"
त्रिपुरा स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स क्लब के सचिव अनिर्बन देब ने कहा, "बैनिक का योगदान उनके करियर से भी बहुत आगे था। बहुत कम लोग उनकी युवा प्रतिभा को पहचानने की क्षमता के बारे में जानते थे। इसी वजह से उन्हें अंडर-16 राज्य टीम का चयनकर्ता बनाया गया था।"