पंत की पारी के बाद कंबोज और सुथार ने दिलाई भारत ए को जीत

ESPNcricinfo स्टाफ़

सुथार और कंबोज के बीच आठवें विकेट के लिए नाबाद 62 रनों की साझेदारी हुई © PTI

भारत ए 234 (म्हात्रे 65, सुब्रायेन 5-61) और 277 पर 7 (पंत 90 और बदोनी 34) ने साउथ अफ़्रीका ए 309 (जॉर्डन 71, हम्ज़ा 66 और कोटियान 4-83) और 199 (हम्ज़ा 37 और कोटियान 4-26) को तीन विकेट से हराया

अंशुल कंबोज और मानव सुथार के बीच आठवें विकेट के लिए नाबाद 62 रनों की साझेदारी से भारत ए ने पहले अनौपचारिक टेस्ट में साउथ अफ़्रीका ए को तीन विकेट से मात दे दी।

275 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए की चेज़ उस समय लड़खड़ाती प्रतीत होने लगी जब भारत ए ने सुबह के सत्र में जल्दी अंतराल पर तीन विकेट गंवा दिए, यह तीनों ही विकेट शॉर्ट पिच गेंद पर गिरे। इसके बाद सुथार और कंबोज के बीच साझेदारी पनपी और दूसरे सत्र में भारत ए ने जीत सुनिश्चित कर ली।

दिन के खेल की शुरुआत भारत ए ने 119 पर चार विकेट के स्कोर पर की थी और ऋषभ पंत ने आक्रामक अंदाज़ में दिन के खेल की शुरुआत की थी। पंत ने दिन के खेल के पहले ओवर में ही 14 रन बटोरे जिसमें दूसरी ही गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से लगाया गया छक्का भी शामिल था।

पंत आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी कर रहे थे लेकिन शॉर्ट गेंद पर वह स्लिप में कैच थमा बैठे। 113 गेंदों पर 90 रनों की पारी खेलकर वह पवेलियन लौटे।

एक समय भारत ने 215 पर सात विकेट गंवा दिए थे और यहां से भारत ए की पारी मुश्किल में नज़र आने लगी थी। लेकिन फिर कंबोज और सुथार ने मोर्चा संभाला और भारत ए को जीत दिलाकर ही पवेलियन लौटे।

Comments