आंकड़े - हार्दिक का 16 गेंद में पचासा, वरुण का साउथ अफ़्रीका से प्यार

भारत का T20I सीरीज़ जीत का सिलसिला लगातार जारी, जानें रोचक आंकड़े

Play 01:51
हां या ना: संजू सैमसन ओपनर की रेस में शुभमन गिल से आगे हैं

10 - अहमदाबाद में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ भारत की पांचवें T20I में जीत के साथ उसकी लगातार T20I सीरीज़ जीत की स्ट्रीक 10 पर पहुंच गई। इसमें एक एशिया कप और एक विश्व कप भी शामिल है। पुरुष T20I में यह किसी भी टीम की दूसरी सबसे लंबी स्ट्रीक है, जो 2016 से 2018 के बीच पाकिस्तान की 11 जीतों की स्ट्रीक से पीछे है।

11 - अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज़ से हार के बाद से भारत लगातार 11 द्विपक्षीय सीरीज़ में अजेय रहा है। यह पुरुष T20I में दूसरी सबसे लंबी स्ट्रीक है, जो 2023 में वेस्टइंडीज़ से सीरीज़ हार से पहले भारत की ही 12 सीरीज़ की स्ट्रीक है। यह पुरुष T20I में घर पर भारत की लगातार नौवीं द्विपक्षीय सीरीज़ जीत भी थी, जो एक और रिकॉर्ड है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2006 से 2010 के बीच घर पर लगातार आठ सीरीज़ जीती थीं।

16 - हार्दिक पंड्या ने अपना अर्धशतक पूरा करने में 16 गेंदें लीं, जो भारत के लिए T20I में दूसरा सबसे तेज़ पचासा है। भारत के लिए रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 में डरबन में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 12 गेंदों में पचासा जड़ा था, जबकि इस साल मुंबई में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अभिषेक शर्मा 17 गेंदों के पचासे के साथ अब तीसरे स्थान पर हैं।

5 - हार्दिक ने 2000 T20I रन पूरे किए और पुरुष T20I में 2000 रन व 100 विकेट का डबल पूरा करने वाले केवल पांचवें ऑलराउंडर बने। यह कारनामा करने वालों में वीरनदीप सिंह (मलेशिया), सिकंदर रज़ा (ज़िम्बाब्वे), शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) और मोहम्मद नबी (अफ़ग़ानिस्तान) शामिल हैं, जिससे हार्दिक इस क्लब में एकमात्र सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर बन गए।

4/53 - वरुण चक्रवर्ती ने 53 रन देकर चार विकेट चटकाए जो पुरुष T20I में चार या उससे अधिक विकेट लेने के साथ सबसे महंगा स्पेल है। इससे पहले यह रिकॉर्ड युज़वेंद्र चहल के नाम था, जिन्होंने 2017 में इंदौर में श्रीलंका के ख़िलाफ़ 52 रन देकर चार विकेट लिए थे।

वरुण चक्रवर्ती ने रन लुटाने के बावजूद चार विकेट लिए © BCCI

8.4 - T20I में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वरुण का बॉलिंग स्ट्राइक रेट 8.4 का है। यह किसी एक टीम के ख़िलाफ़ कम से कम 20 विकेट लेने वाले किसी भी गेंदबाज़ का सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट है। सूची में दूसरे स्थान पर जर्सी के चार्ल्स पर्चार्ड हैं, जिनका ग्वेर्नसी के ख़िलाफ़ 32 विकेटों के लिए स्ट्राइक रेट 9.6 है।

3 - यह तीसरी बार था जब वरुण ने किसी द्विपक्षीय सीरीज़ में 10 या उससे ज़्यादा विकेट लिए जो पुरुष T20I में सबसे अधिक है। न्यूज़ीलैंड के जैकब डफ़ी ही ऐसे दूसरे गेंदबाज़ हैं जिन्होंने एक से अधिक बार 10+ विकेट वाली द्विपक्षीय सीरीज़ की हैं; उन्होंने यह कारनामा दो बार (दोनों इसी साल) किया है।

4 - चार भारतीय बल्लेबाज़ों ने अपनी पहली गेंद पर ही बाउंड्री लगाई--अभिषेक (4), तिलक वर्मा (4), हार्दिक (6) और शिवम दुबे (6)। इससे पहले केवल एक बार भारत के लिए पुरुष T20I में चार (या उससे अधिक) बल्लेबाज़ों ने पहली गेंद पर बाउंड्री लगाई थी--2021 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़। ये अहमदाबाद में रोहित शर्मा (6), सूर्यकुमार यादव (6), श्रेयस अय्यर (4), शार्दुल ठाकुर (4) और वॉशिंगटन सुंदर (4) थे।

231/5 - भारत ने पांच विकेट के नुक़सान पर 231 रन बनाए जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में T20I का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2023 में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ उन्होंने 234/4 का स्कोर बनाया था।

हार्दिक पंड्या का 16 गेंदों का अर्धशतक पुरुष T20I में भारत का दूसरा सबसे तेज़ पचासा रहा Shammi Mehra / © AFP/Getty Images

13.62 - इस साल T20I में सूर्यकुमार यादव का बल्लेबाज़ी औसत 13.62 का है। यह किसी फुल मेंबर टीम के T20I कप्तान के लिए (कम से कम 15 पारियों में) दूसरा सबसे कम औसत है। इस अनचाहे रिकॉर्ड पर 2022 में 11.64 के साथ नबी क़ाबिज़ हैं।

1 - यह पहली बार भी है जब सूर्यकुमार ने 2021 में डेब्यू के बाद किसी कैलेंडर वर्ष में T20I अर्धशतक नहीं लगाया। उन्होंने साल का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 47 के साथ समाप्त किया।

3.3 ओवर - साउथ अफ़्रीका ने अपने पहले 50 रन बनाने के लिए केवल 3.3 ओवर लिए जो भारत के ख़िलाफ़ किसी भी टीम द्वारा सबसे तेज़ है। इससे पहले 2023 में साउथ अफ़्रीका और 2018 में श्रीलंका ने 3.4 ओवर में टीम फिफ़्टी पूरी की थी।

8 - भारत और साउथ अफ़्रीका ने एक-दूसरे के ख़िलाफ़ 200+ स्कोर आठ बार बनाए हैं जो पुरुष T20I में किसी एक विपक्षी के ख़िलाफ़ सबसे ज़्यादा 200-प्लस स्कोर का रिकॉर्ड है।

Shubham Agarwal is a senior stats analyst at ESPNcricinfo

Comments