मांधना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हज़ार रन पूरे किए

ESPNcricinfo स्टाफ़

स्मृति मांधना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10000 रन तक पहुंचने में सबसे कम समय लिया © BCCI

स्मृति मांधना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10000 रन पूरे करने वाली चौथी बल्लेबाज़ बन गईं। वह भारत की ऐसी दूसरी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। उनसे पहले मिताली राज यह मुकाम हासिल कर चुकी हैं। 10868 रनों के साथ वह सबसे ज़्यादा रन बनाने वालों की सूची में सबसे आगे हैं। सूज़ी बेट्स 10652 रन के साथ दूसरे और शार्लेट एडवर्ड्स 10273 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

मांधना इस मुकाम तक पहुंचने वाली सबसे तेज़ बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट मिलाकर अपनी 281वीं पारी में 10000 रन पूरे किए। राज ने यह उपलब्धि 291 पारियों में हासिल की थी, जबकि एडवर्ड्स और बेट्स को ऐसा करने में क्रमशः 308 और 314 पारियां लगी थीं।

श्रीलंका के ख़िलाफ़ चौथे T20I से पहले मांधना इस आंकड़े से सिर्फ़ 27 रन दूर थीं और उन्होंने यह उपलब्धि बाएं हाथ की स्पिनर निमाशा मीपाजे की गेंद को लॉन्ग ऑन की दिशा में एक रन के लिए ड्राइव कर हासिल किया।

मांधना के लिए 2025 अब तक एक शानदार साल रहा है। भारत की विजयी महिला विश्व कप अभियान के दौरान मांधना एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन बनाने वाली पहली महिला बल्लेबाज़ बनी थीं। उन्होंने साल का अंत वनडे फ़ॉर्मेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ के रूप में किया, जहां उन्होंने 1362 रन बनाए। वहीं दूसरे स्थान पर रहीं लॉरा वुलफ़ार्ट ने 1174 रन बनाए थे। मांधना ने इस साल पांच शतक भी लगाए, जिसकी बराबरी साउथ अफ़्रीका की तेज़मिन ब्रिट्स और लॉरा वुलफ़ार्ट ने की।

स्मृति मांधना के इस साल 1660 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय रन हो गए हैं और अभी साल का एक मैच बाक़ी है। यह एक कैलेंडर साल में किसी भी बल्लेबाज़ का सर्वाधिक रन है। इस मामले में मांधना ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। पिछले साल उन्होंने 1659 रन बनाए थे।

मांधना के नाम अब T20I में भारत की तरफ़ से सर्वाधिक 78+ छक्के हो गए हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर के 77 छक्कों को पीछे छोड़ा। मांधना (80) और शेफ़ाली वर्मा (79) के बीच पहले विकेट के लिए 15.2 ओवरों में 162 रनों की साझेदारी हुई। यह दोनों के बीच चौथी T20I शतकीय साझेदारी थी। इस दौरान दोनों ने भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए T20I में अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी की। मांधना और शेफ़ाली ने 2019 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ बनाए गए अपने ही 143 रनों की साझेदारी के रिकॉर्ड को तोड़ा। तीसरी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी भी इसी जोड़ी के नाम है।

इस सीरीज के पहले मैच के दौरान मांधना महिला T20I में 4000 रन पूरे करने वाली दूसरी बल्लेबाज़ भी बनी थीं। महिला T20I में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ों की सूची में केवल बेट्स उनसे आगे हैं, जिनके नाम 4716 रन दर्ज हैं।

Comments