भारत दौरे पर आए न्यूज़ीलैंड के नए खिलाड़ियों से मिलिए

क्या है आदित्य अशोक का भारत कनेक्शन? क्यों भारत आ रहे हैं क्रिस्टन क्लार्क के घर वाले?

क्रिस्टन क्लार्क अपने संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के क़रीब हैं © Getty Images

अपनी पहली पसंद वाले कई खिलाड़ियों के बिना भारत के दौरे पर आई न्यूज़ीलैंड की वनडे टीम बहुत नई दिख रही है। यह इन नए खिलाड़ियों के लिए ख़ुद को साबित करने और बांग्लादेश दौरे के लिए एक और मौक़ा कमाने का बढ़िया अवसर है, जहां IPL 2026 के कारण कई सीनियर खिलाड़ी फिर से उपलब्ध नहीं होंगे। न्यूज़ीलैंड के इन नए चेहरों से मिलिए।

जायडेन लेनॉक्स

एक बाएं हाथ के स्पिनर, जो निचले क्रम में ठीक-ठाक बल्लेबाज़ी भी कर लेते हैं। अनकैप्ड जायडेन लेनॉक्स, मिचेल सैंटनर के जैसे विकल्प हैं। 31 वर्षीय लेनॉक्स, सैंटनर की तरह मुश्किल ओवर डालते हैं। यहां तक कि वह T20 मैचों में पावरप्ले में भी गेंदबाज़ी करते हैं। सेंट्रल स्टैग्स को पिछले सीज़न सुपर स्मैश जिताने में योगदान देने के बाद लेनॉक्स, गयाना में हुए ग्लोबल सुपर लीग में भी काफ़ी क़िफ़ायती रहे, जहां उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ़ 5.07 की इकॉनमी से रन देते हुए चार विकेट लिए।

क्रिस्टन क्लार्क

पूरे होम समर सीज़न के दौरान न्यूज़ीलैंड टीम के साथ जुड़े रहने के बाद तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर क्रिस्टन क्लार्क अब अपने संभावित डेब्यू के क़रीब हैं। लम्बे क़द के क्लार्क डेक हिट कर सकते हैं और बल्लेबाज़ी में तगड़ा हिट भी लगा सकते हैं। फ़ोर्ड ट्रॉफ़ी के शुरुआती हिस्से में क्लार्क ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के आक्रमण के ख़िलाफ़ अपना पहला लिस्ट ए शतक जड़ा, जिसमें लेनॉक्स और एजाज़ पटेल भी शामिल थे। इसके बाद उन्होंने तीन विकेट भी लिए। क्लार्क का पूरा परिवार भारत आने की योजना बना चुका है, ताकि उनका संभावित डेब्यू और विराट कोहली व रोहित शर्मा के ख़िलाफ़ उन्हें खेलता हुआ देख सकें।

आदित्य अशोक तीन अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं © Joe Allison/Getty Images

आदित्य अशोक

एक लेग स्पिनर जिनके पास तेज़ और प्रभावी गुगली भी है। आदित्य अशोक को ईश सोढ़ी के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। 23 वर्षीय आदित्य तीन सीमित ओवर के अंतरराष्ट्रीय मैच पहले ही खेल चुके हैं, जिनमें आख़िरी मैच दिसंबर 2023 में था। उन्हें न्यूज़ीलैंड का पहला कॉन्ट्रैक्ट उस समय मिला था, जब गैरी स्टीड कोच थे। नए कोच वॉल्टर ने अभी अनुभव के कारण सोढ़ी को तरजीह दी है। तो क्या आदित्य नए साल में ख़ुद को ऊपर ला पाएंगे?

आदित्य ने सर्दियों के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था और बांग्लादेश व साउथ अफ़्रीका में न्यूज़ीलैंड ए के लिए लाल गेंद व लिस्ट ए क्रिकेट, दोनों में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। इन दौरों के बीच आदित्य चेन्नई में सुपर किंग्स एकेडमी भी गए, जहां उन्होंने स्पिन-केंद्रित कैंप में अपने स्किल को और निखारा।

आदित्य की जड़ें भारत से जुड़ी हुई हैं। उनका जन्म तमिलनाडु के वेल्लोर में हुआ था और वह लगभग चार साल की उम्र में परिवार के साथ ऑकलैंड चले गए थे। उनका विस्तारित परिवार अभी भी वडोदरा में रहता है, जहां पहला वनडे खेला जाएगा।

माइकल रे

लंबे क़द के तेज़ गेंदबाज़ माइकल रे नई गेंद को स्विंग और पुरानी गेंद से हिट द डेक गेंदबाज़ी सकते हैं। रे क्रिस मार्टिन की तरह हेडबैंड पहनते हैं। जब उन्हें लगा था कि उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सपना ख़त्म हो चुका है, तभी उन्हें चोटों से जूझती टेस्ट टीम में बुलाया गया। 30 वर्षीय रे ने क्रिसमस से पहले दो टेस्ट खेले और अब वह भारत में कोहली और रोहित के सामने गेंदबाज़ी करते नज़र आएंगे।

माइकल रे दो टेस्ट खेल चुके हैं © Getty Images

निक केली

वेलिंग्टन फ़ायरबर्ड्स के अनुभवी बल्लेबाज़ निक केली भारत में अपने तीन वनडे मैचों में और इज़ाफ़ा करना चाहेंगे। मेलबर्न में जन्मे केली, वेलिंग्टन के लिए लगातार प्रदर्शन करते रहे हैं और टीम के कप्तान भी हैं। केली के पास न्यूज़ीलैंड से बाहर का भी T20 अनुभव है, क्योंकि वह CPL में भी खेल चुके हैं। भारत में वह शीर्ष क्रम में खेलते नज़र आ सकते हैं।

देवरायण मुथु ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं

Comments