MI को WPL में पहली बार हराकर एलिमिनेटर में पहुंची GG, हरमनप्रीत की शानदार पारी बेकार
GG 167-4 (गार्डनर 46, वेयरहम 44*, कर 2-26) ने MI 156-7 (हरमनप्रीत 82*, डिवाइन 2-23, वेयरहम 2-26) को 11 रन से हराया।
WPL 2026 के 19वें मैच में गुजरात जायंट्स (GG) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 11 रन से हराया और एलिमिनेटर में अपनी जगह पक्की कर ली। WPL में यह जायंट्स की MI के ख़िलाफ़ नौ मैचों में पहली जीत है। GG की जीत में सबसे अहम योगदान जॉर्जिया वेयरहम ने दिया जिन्होंने 44 रनों की पारी खेलने के अलावा दो विकेट भी लिए। एश्ली गार्डनर ने भी बढ़िया ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 46 रनों की पारी खेलने के साथ एक विकेट भी लिया। MVP सोफ़ी डिवाइन ने भी 25 रन बनाने के साथ किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए दो विकेट भी लिए।
मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आठ चौके और चार छक्कों की मदद 48 गेंदों में 82 रनों की बेहतरीन नाबाद पारी खेली लेकिन टीम को अंत में जीत नहीं दिला सकीं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी GG को तीसरे ओवर में पहला झटका लगा और बेथ मूनी सिर्फ़ 5 रन बनाकर आउट हो गईं। अनुष्का शर्मा (31 गेंद 33) ने डिवाइन (21 गेंद 25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े लेकिन दो रन के अंदर दोनों के आउट होने से जायंट्स को बड़ा नुकसान हुआ। यहां से कप्तान गार्डनर ने वेयरहम के साथ 71 रनों की तेज़ साझेदारी निभाई और 28 गेंदों में 46 रनों की बढ़िया पारी खेली। वेयरहम ने 26 गेंदों में 44 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को 170 के क़रीब पहुंचाया। MI की तरफ़ से एमेलिया कर ने 26 रन देकर दो विकेट लिए।
लक्ष्य के जवाब में MI की शुरुआत ख़राब रही और पावरप्ले में ही उनकी दोनों ओपनर पवेलियन लौट चुकी थीं। सातवें ओवर में नैट सिवर-ब्रंट सिर्फ़ 2 रन बनाकर आउट हुईं और यह मुंबई के लिए बहुत बड़ा झटका था। हरमनप्रीत ने कर (16 गेंद 20) के साथ चौथे विकेट के लिए 45 और अमनजोत कौर (12 गेंद 13) के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को संभाला। आख़िरी ओवर में MI को जीत के लिए 26 रनों की ज़रूरत थी लेकिन हरमनप्रीत सिर्फ़ दो ही छक्के लगा सकीं।
WPL 2026 एलिमिनेटर की दूसरी टीम का फ़ैसला आख़िरी मैच में होगा। मुंबई इंडियंस को फ़िलहाल रविवार को दिल्ली कैपिटल्स और वॉरियर्ज़ के बीच होने वाले मैच के परिणाम का इंतज़ार करना पड़ेगा।