नेपाल के लिए 'लॉन्चपैड' साबित हो सकता है T20 विश्व कप
ग्रुप मैच
इंग्लैंड के ख़िलाफ़, मुंबई, 8 फ़रवरी
इटली के ख़िलाफ़, मुंबई, 12 फ़रवरी
वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़, मुंबई, 15 फ़रवरी
स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़, मुंबई, 17 फ़रवरी
बड़ी तस्वीर: क्या नेपाल अगली बड़ी कहानी है?
नेपाल के जुनूनी फ़ैंस उनसे बड़ी उम्मीदें रखते हैं। अगर 2024 के T20 विश्व कप में अमेरिका और कैरेबियन में उनका प्रदर्शन कोई संकेत था, तो नेपाल सिर्फ़ औपचारिक मौजूदगी तक सीमित नहीं रहने वाला। उस टूर्नामेंट में वे साउथ अफ़्रीका को हराने से एक रन दूर रह गए थे और उन्होंने बांग्लादेश को 106 रन पर ऑल आउट कर दिया था।
तब दबाव और अनुभव की कमी उन पर भारी पड़ी थी। लेकिन उसके बाद के दो सालों में नेपाल एक पहचाने हुए कोर टीम के साथ आगे बढ़ा है। 2024 की टीम के 10 खिलाड़ी भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी संस्करण का भी हिस्सा हैं। नेतृत्व में भी निरंतरता है और 23 साल के बल्लेबाज़ी स्तंभ रोहित पॉडेल कप्तानी संभाल रहे हैं।
पॉडेल की लीडरशिप को नेपाल प्रीमियर लीग के दूसरे सीज़न में मिली सफलता ने और मज़बूत किया है। पहले चार मैचों में सिर्फ़ एक जीत के बाद, पॉडेल की लुंबिनी लायंस ने लगातार छह जीत हासिल की और दिसंबर 2025 में चैंपियन बनते हुए तालिका में सबसे नीचे से शिखर तक का सफ़र तय किया।
इस दल का हर सदस्य NPL में खेला। इनमें से दो खिलाड़ी नंदन यादव और शेर मल्ला ऐसे रहे, जिन्होंने वहां के प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम तक का सफ़र तेज़ किया। उन्होंने फ़ाफ़ डु प्लेसिस, मार्टिन गप्टिल और जिमी नीशम जैसे स्थापित विदेशी सितारों के साथ और उनके ख़िलाफ़ खेला।
2024 और अब के बीच नेपाल में सबसे बड़ा बदलाव मैदान के बाहर दिख रहा है। बढ़ती कॉरपोरेट स्पॉन्सरशिप, सरकारी समर्थन और NPL की जबरदस्त कामयाबी ने ICC फ़ंडिंग से आगे जाकर नए राजस्व स्रोत खोले हैं। इससे खेल के लिए सकारात्मक बदलाव शुरू हुए हैं। खिलाड़ियों की बेहतर कमाई, ज़्यादा प्रोफ़ेशनल माहौल और इंफ़्रास्ट्रक्चर में बेहद ज़रूरी निवेश भी हुए हैं। भारत में अच्छा प्रदर्शन इस आधार को और मज़बूत करेगा।
हालिया फ़ॉर्म
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेपाल आख़िरी बार सितंबर-अक्तूबर में ओमान में हुए T20 विश्व कप क्वालिफ़ायर में खेला था, जहां उन्होंने सभी छह मैच जीते और लगातार दूसरे पुरुष T20 विश्व कप के लिए क्वालिफ़ाई किया। उससे ठीक पहले उन्होंने किसी पूर्ण सदस्य देश के ख़िलाफ़ अपनी पहली T20I सीरीज़ जीत दर्ज की थी। UAE में उन्होंने वेस्टइंडीज़ को 2-1 से हराया था।
इन पर रहेंगी नज़रें: शेर मल्ला और करन केसी
आर अश्विन को देखते हुए अपनी गेंदबाज़ी निखारने वाले, शानदार नियंत्रण और विविधताओं से भरपूर ऑफ़ स्पिनर शेर मल्ला NPL 2025 में संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे। उन्होंने चैंपियन लुंबिनी लायंस के लिए 10 मैचों में 6.50 की इकॉनमी से 17 विकेट लिए। पॉडेल ने नई गेंद से शुरुआती सफलता के लिए बार-बार उन्हीं पर भरोसा किया और मल्ला ज़्यादातर मौक़ों पर खरे उतरे।
2023 एशिया कप याद है, जब तेज़ गेंदबाज़ करन केसी ने नई गेंद से रोहित शर्मा को असहज कर दिया था। गेंद दोनों किनारों से निकल रही थी और उन्होंने दो बार पैड्स पर भी मारा था। मौजूदा करन पहले से अधिक तेज़ हैं और उनकी सटीकता लगातार बेहतर हुई है। वह नेपाल के तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण की अगुआई करेंगे। निचले क्रम में ज़रूरी रन जोड़ने की क्षमता के साथ वह एक मज़बूत पैकेज बनते हैं।
आख़िरी पड़ाव
टीम की औसत उम्र 20s में है। करन (34 साल), टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं, लेकिन वह सबसे फ़िट खिलाड़ियों में भी शामिल हैं। यह कोर ग्रुप अभी कुछ साल तक साथ रहने वाला है।
सर्वश्रेष्ठ एकादश
1 आरिफ़ शेख, 2 कुशल भुर्तेल, 3 रोहित पॉडेल(कप्तान), 4 आसिफ़ शेख (विकेटकीपर), 5 संदीप जोरा, 6 गुलशन झा, 7 करन केसी, 8 सोमपाल कामी, 9 संदीप लामिछाने, 10 ललित राजबंशी या नंदन यादव, 11 शेर मल्ला
सवाल
शशांक किशोर ESPNcricinfo में वरिष्ठ संवाददाता हैं
