T20 विश्व कप के वॉर्म अप मैचों में इंडिया ए के लिए खेलेंगे मयंक यादव

PTI

Mayank Yadav ने पिछली बार IPL 2025 में खेला था © PTI

इंडिया ए की टीम में तेज़ गेंदबाज़ मयंक यादव की वापसी हुई है। वह विश्व कप की तैयारियों के लिहाज़ से USA और नामीबिया के ख़िलाफ़ होने वाले अभ्यास मैचों में खेलते नज़र आएंगे।

IPL 2024 में अपनी तेज़ रफ़्तार से बल्लेबाज़ों को छकाने वाले मयंक लंबे समय बाद मैदान पर लौट रहे हैं। स्ट्रेस फ़्रैक्चर की वजह से वह साल भर से ज़्यादा समय तक क्रिकेट से दूर रहे। उन्होंने अपना पिछला मुक़ाबला IPL 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ खेला था। वहीं ग्रोइन इंजरी से उबरने वाले तिलक वर्मा को भी टीम में जगह मिली है। BCCI के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस से फ़िटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद तिलक सीनियर टीम के साथ जुड़ेंगे, लेकिन उससे पहले वह अभ्यास मैच में अपनी लय तलाशेंगे।

न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ T20 सीरीज़ से बाहर रहने के बाद अब बाएं हाथ के बल्लेबाज़ तिलक वर्मा की टीम इंडिया में वापसी हो रही है। BCCI ने सोशल मीडिया के ज़रिए टीम का ऐलान करते हुए जानकारी दी कि सीनियर टीम के साथ जुड़ने से पहले तिलक वर्मा एक अभ्यास मैच में हिस्सा लेंगे।

तय शेड्यूल के मुताबिक इंडिया ए की टीम 2 फ़रवरी को नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में अमेरिका का सामना करेगी। इसके बाद 6 फ़रवरी को बेंगलुरु के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में नामीबिया के ख़िलाफ़ दूसरा मुक़ाबला खेला जाएगा।

15 सदस्यीय इंडिया ए टीम की कमान आयुष बदोनी के हाथों में होगी। इस टीम में नमन धीर, विप्रज निगम और रियान पराग जैसे खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। डिफ़ेंडिंग चैंपियन भारत विश्व कप में अपना पहला मैच सात फ़रवरी को टूर्नामेंट के शुरुआती दिन ही USA के ख़िलाफ़ खेलेगा।

इंडिया ए स्क्वॉड: आयुष बदोनी (कप्तान), नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्य, एन जगदीशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रियान पराग, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, ख़लील अहमद, मयंक यादव

Comments