पोटिंग: अभिषेक शर्मा का साबित होगा यह विश्व कप
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भविष्यवाणी की है कि भारतीय सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा आगामी T20 विश्व कप में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ और संभवतः प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बनेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि 2018 में जब वह IPL में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ थे, तब उन्होंने टीम मालिकों से अभिषेक को रिटेन करने के लिए कहा था।
पोंटिंग ने ICC रिव्यू कार्यक्रम में कहा, "मैं उसका पहला IPL कोच था। उसने मेरे अंडर ही डेब्यू किया था और तुरंत प्रभावित भी किया था। मुझे लगता है उसने अपनी पहली ही गेंद पर सीधे बल्ले से गेंदबाज़ के सिर के ऊपर से चार या छक्का मारा था और पोज़ को बनाए रखा था। तब 17 साल की उम्र में ही दिख गया था कि उसमें कुछ ख़ास है।
"आख़िर में हमने उसे दिल्ली से ट्रेड कर दिया, लेकिन मैंने बार-बार विनती की और कहा कि प्लीज़ ऐसा मत कीजिए, हमें उसे रखना चाहिए क्योंकि एक पक्का सुपरस्टार तैयार हो रहा है। और वही हुआ। इस बार मुझे उससे बहुत ज़्यादा उम्मीदें हैं।"
अभिषेक ने IPL डेब्यू पर DC के लिए तूफ़ानी 19 गेंद में 46* रन बनाए। लेकिन इसके बाद उन्होंने सिर्फ़ दो और पारियां खेलीं और फिर उन्हें उन्हें शिखर धवन के बदले तीन खिलाड़ियों के साथ सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) को ट्रेड कर दिया गया। 2019 सीज़न से SRH के लिए खेलते हुए अभिषेक ने अपनी क्षमता साबित की है और 71 पारियों में 162.16 के स्ट्राइक रेट से 1753 रन बनाए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने इससे भी बेहतर फ़ॉर्म हासिल की है और अब वह अपना पहला ICC टूर्नामेंट खेलने जा रहे हैं। पोंटिंग को लगता है कि उन पर कोई दबाव नहीं होगा। उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो वह सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले और संभवतः प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बन सकते हैं। अगर वह ऐसा करते हैं, तो भारत को हराना और भी मुश्किल हो जाएगा। अगर वह ऐसा नहीं करते, तो भारत भी किसी और टीम की तरह ही होगी। इसलिए इस विश्व कप में भारत के लिए वह बहुत अहम हैं।"
जुलाई 2024 में T20I डेब्यू के बाद से अभिषेक के आंकड़े काफ़ी प्रभावशाली रहे हैं। 37 पारियों में उन्होंने 37.05 की औसत से 1297 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 194.74 का रहा है। उन्होंने दो तेज़ शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं। इसमें पिछले सप्ताह न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 14 गेंद का अर्धशतक भी शामिल है। यह T20I में भारत का दूसरा सबसे तेज़ अर्धशतक है।
अभिषेक और गत चैंपियन भारत 7 फ़रवरी को मुंबई में USA के ख़िलाफ़ अपना विश्व कप अभियान शुरू करेंगे।