ली, रॉड्रिग्स और गेंदबाज़ों की मदद से लगातार चौथी बार फ़ाइनल में DC

ESPNcricinfo स्टाफ़

लिज़ेल ली ने एक महत्वपूर्ण पारी खेली © BCCI

दिल्ली कैपिटल्स 3 विकेट पर 169 (लिज़ेल ली 43, जेमिमाह रॉड्रिग्स 41, लॉरा वुलफ़ार्ट 32*, शेफ़ाली वर्मा 31, जॉर्जिया वेयरहम 2-28) ने गुजरात जायंट्स 7 विकेट पर 168 (बेथ मूनी 62, जॉर्जिया वेयरहम 35, शिनेल हेनरी 3-35) को सात विकेट से हराया

लिज़ेल ली और शेफाली वर्मा की विस्फ़ोटक ओपनिंग साझेदारी, जेमिमाह रॉड्रिग्स की कप्तानी पारी और शिनेल हेनरी की शानदार गेंदबाज़ी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स (GG) को हराकर लगातार चौथे WPL फ़ाइनल में जगह बना ली। DC अब 5 फ़रवरी को वडोदरा में होने वाले फ़ाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ली और शेफाली ने मज़बूत शुरुआत दिलाई और 89 रन की ओपनिंग साझेदारी कर बाक़ी टीम का काम आसान कर दिया। इसके बाद रॉड्रिग्स और लॉरा वुलफ़ार्ट ने 68 रन की साझेदारी की, जिससे DC ने 26 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी GG की टीम के साथ एक समय ऐसा लग रहा था कि वे 120 रन भी पार नहीं कर पाएंगे। 10 ओवर के अंत में उनका स्कोर 4 विकेट पर 64 रन था। लेकिन क्रीज़ पर बेथ मूनी मौजूद थीं, इसलिए ज़्यादा चिंता की बात नहीं थी।

उन्होंने पारी की पहली गेंद से लेकर आख़िरी गेंद तक बल्लेबाज़ी की और GG को एक प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने संभलकर बल्लेबाज़ी की और स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान दिया। बीच-बीच में गैप ढूंढते हुए उन्होंने 51 गेंदों पर 62 रन बनाकर अपनी पारी खत्म की। इससे बड़े मैचों की खिलाड़ी के तौर पर उनकी क़ाबिलियत फिर साबित हुई।

इससे पहले इस सीज़न पहले बल्लेबाज़ी करते हुए GG ने अपने सभी पांचों मैच जीते थे। लेकिन मंगलवार को उनकी पारी कभी रफ़्तार नहीं पकड़ पाई।

इसकी शुरुआत दूसरे ओवर में इस सीज़न की उनकी सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी सोफ़ी डिवाइन के आउट होने से हुई। हेनरी ने डिवाइन को पूरी तरह चकमा दिया। ऑफ़ स्टंप के बाहर की बैक ऑफ़ लेंथ गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में डिवाइन बाहरी किनारा दे बैठीं और विकेट के पीछे ली ने कोई ग़लती नहीं की। उन्होंने अपने दाईं ओर छलांग लगाकर एक हाथ से शानदार कैच पकड़ा।

इसके बाद छठे ओवर में नंदनी शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर अनुष्का शर्मा और गार्डनर को आउट कर GG को और नुक़सान पहुंचाया। इसके साथ ही नंदनी एक WPL सीज़न में किसी भारतीय द्वारा सबसे ज़्यादा विकेट लेने के मामले में साइका इशाक़ से आगे निकल गईं। अब उनके नाम 16 विकेट हो गए हैं, जो इस सीज़न में सबसे ज़्यादा 17 विकेट लेने वाली डिवाइन से सिर्फ़ एक कम हैं। इसके बाद मिन्नू मणि ने भी विकेट लिया और जायंट्स की टीम 4 विकेट पर 59 रन पर लड़खड़ा गई।

मूनी की पारी से उन्होंने एक सम्मानजनक स्कोर तो बनाया, लेकिन DC के बल्लेबाज़ों के आगे यह नाकाफ़ी साबित हुआ।

Comments