साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में किशन और तिलक ने किया प्रभावित

ESPNcricinfo स्टाफ़

भारत 240 पर 5 (किशन 53, तिलक 45, अक्षर 35 और यानसन 18 रन देकर एक विकेट) ने साउथ अफ़्रीका 210 पर 7 (स्टब्स 45, रिकल्टन 44 और अभिषेक 32 रन देकर दो विकेट) को 30 रनों से हराया

बुधवार को T20 विश्व कप 2026 से पहले अभ्यास मुक़ाबले में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ इशान किशन ने अर्धशतकीय पारी खेलकर प्रभावित किया। इस अभ्यास मुक़ाबले में वह अर्धशतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज़ रहे। सबसे अहम पहलू इस मुक़ाबले का यह रहा कि किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की जिससे विश्व कप के लिए भारत की सलामी जोड़ी के लिए तस्वीर पूरी तरह से साफ़ हो गई।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया और किशन ने धुआंधार शुरुआत की और सात छक्कों और दो चौकों की मदद से 20 गेंदों पर 53 रन बनाए। अर्धशतक बनाने के बाद किशन रिटायर आउट हुए जबकि अभिषेक 18 गेंदों पर 24 रन बनाकर रिटायर हर्ट हुए। USA के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले तिलक वर्मा ने भी 45 रनों की पारी खेली और ख़ुद के लय में होने के संकेत दिए और उन्होंने 19 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 45 रनों की पारी खेली। हालांकि तिलक दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से मार्को यानसन की गेंद पर बोल्ड हो गए और अर्धशतक से चूक गए।

शीर्ष क्रम में तीन बल्लेबाज़ों के अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने भी धुआंधार पारियां खेली। हार्दिक ने अंत में 10 गेंदों पर तीन छक्के और दो चौकों की मदद से 30 रन बनाए और भारत ने 20 ओवर की समाप्ति तक 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

गेंदबाज़ी में भारत ने नौ गेंदबाज़ी विकल्प का इस्तेमाल किया और अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने चार-चार ओवर की गेंदबाज़ी की। गेंदबाज़ी में अभिषेक ने दो विकेट भी झटके। अभ्यास मुक़ाबले में जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन और वॉशिंगटन सुंदर नहीं खेले।

साउथ अफ़्रीका को पहले ही ओवर में अर्शदीप ने झटका दिया और जॉर्ज लिंडे को अपना शिकार बनाया। हालांकि इसके बाद एडन मारक्रम और रायन रिकल्टन ने आक्रमण शुरू किया। मारक्रम 38 के निजी स्कोर पर रिटायर आउट हो गए जबकि रिकल्टन ने 21 गेंदों पर 44 रनों की धुआंधार पारी खेली। वरुण चक्रवर्ती ने रिकल्टन का शिकार किया और किशन के हाथों कैच आउट कराया। किशन ने आज विकेट के पीछे भी चुस्ती दिखाई।

बल्लेबाज़ी में साउथ अफ़्रीका की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स, जेमी स्मिथ और यानसन ने भी प्रभावशाली बल्लेबाज़ी की लेकिन बड़ा लक्ष्य का पीछा कर रही साउथ अफ़्रीका की टीम अंत में 30 रन दूर रह गई।

Comments