T20 विश्व कप में अपने ख़राब रिकॉर्ड को सुधारना चाहेगा आयरलैंड
ग्रुप मैच:
8 फ़रवरी: बनाम श्रीलंका, कोलंबो
11 फ़रवरी: बनाम ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो
14 फ़रवरी: बनाम ओमान, कोलंबो
17 फ़रवरी: बनाम ज़िम्बाब्वे, पल्लेकेले
बड़ी तस्वीर
आयरलैंड का वनडे विश्व कप में समृद्ध इतिहास रहा है, लेकिन T20 विश्व कप में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं है। उन्होंने 2022 में ऑस्ट्रेलिया में हुए T20 विश्व कप के दौरान दूसरे ग्रुप चरण तक जगह बनाई थी, लेकिन दो साल बाद USA में उनका अभियान पूरी तरह बिखर गया, जहां उन्हें भारत और पाकिस्तान के अलावा कनाडा से भी मात खानी पड़ी।
वे पिछले विश्व कप से मिलते-जुलते दल के साथ श्रीलंका जा रहे हैं, जहां उनके मैच निर्धारित हैं। हालांकि उनके कप्तान ऐंडी बैलबर्नी ने तब से कोई T20I नहीं खेला है। पॉल स्टर्लिंग के साथ रॉस एडेयर या टिम टेक्टर में से कोई ओपनिंग कर सकता है, जबकि टिम के बडे भाई हैरी टेक्टर नंबर-3 पर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
एक स्थापित बाएं हाथ के बल्लेबाज़ की कमी लंबे समय से टीम के चिंता की विषय रही। टर्निंग पिचों पर यह कभी भी उजागर हो सकती है। 2022 विश्व कप के स्टार तेज़ गेंदबाज़ जॉश लिटिल फ़ॉर्म और फ़िटनेस की समस्या से जूझते रहे हैं।
दरअसल, लिटिल शायद विश्व कप की शुरुआत प्लेइंग XI में भी ना करें, क्योंकि आयरलैंड ने पिछले हफ्ते UAE के ख़िलाफ़ एक अलग संतुलन आज़माया था, जिसमें डॉकरेल की बाएं हाथ की स्पिन पर ज़्यादा भरोसा दिखाते हुए एक अतिरिक्त बल्लेबाज़ को चुना गया था।
आयरलैंड ने टूर्नामेंट की तैयारी एशिया में T20 क्रिकेट के लंबे चरण के साथ की है, जहां वे क्रिसमस से पहले बांग्लादेश गए और फिर इस साल की शुरुआत में अबु धाबी में इटली और UAE के ख़िलाफ़ खेले। लेकिन उन्हें बढ़िया शुरुआत करनी होगी, क्योंकि वे टूर्नामेंट की शुरुआत सह-मेज़बान श्रीलंका और एक ताक़तवर ऑस्ट्रेलिया लाइन-अप के ख़िलाफ़ करेंगे। सुपर-8 में पहुंचने के लिए उन्हें इन दो में से कम से कम एक मैच जीतना ज़रूरी होगा।
हालिया फ़ॉर्म
होम समर में खेले जाने वाले आयरलैंड के छह में से तीन T20I बारिश की भेंट चढ़ गए, लेकिन आयरलैंड ने इटली के ख़िलाफ़ 2-1 और UAE के ख़िलाफ़ 2-0 की जीत के साथ ख़ुद को तैयार किया। इससे पहले वे पिछले साल के अंत में बांग्लादेश में 2-1 से हार गए थे।
इन पर रहेंगी नज़रें
बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ़्रीज़ ने पिछले 18 महीनों में नई गेंद के गेंदबाज़ के रूप में अपनी पहचान बनाई है, जब उन्होंने स्पिन गेंदबाज़ी कोच क्रिस ब्राउन की मदद से अपने ऐक्शन में बदलाव किया और मिचेल सैंटनर से प्रेरणा ली। वे प्रतिष्ठित ट्रिनिटी कॉलेज, डबलिन से मैथ ग्रेजुएट हैं, लेकिन क्रिकेटिंग डेटा में उनकी दिलचस्पी सीमित है। उन्होंने पिछले साल द टाइम्स से कहा था, "अपना अनुभव ज़्यादा उपयोगी होता है।"
आयरलैंड के लिए सबसे ज़्यादा T20I विकेट लेने वाले गेंदबाज़ मार्क एडेयर के बड़े भाई रॉस एडेयर एक आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज़ हैं, जिन्होंने रग्बी भी खेला है। वहीं टिम टेक्टर आयरलैंड के सबसे प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज़ हैं। हालांकि आयरलैंड की सफलता काफ़ी हद तक नंबर तीन और चार पर आने वाले हैरी टेक्टर और लोर्कान टकर की जोड़ी पर निर्भर करेगी।
आख़िरी विश्व कप
पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड के पिछले 28 में से 24 T20 विश्व कप मैच खेले हैं और वे टूर्नामेंट के अपने नौवें संस्करण में उतर रहे हैं। लेकिन वे ऑस्ट्रेलिया में होने वाले दसवें संस्करण का भी लक्ष्य रख सकते हैं और संभव है कि 2030 संस्करण तक खेलते रहें, जब आयरलैंड विश्व कप की सह-मेज़बानी करेगा। उस समय उनकी उम्र 39 साल होगी। तेज़ गेंदबाज़ क्रेग यंग (35) दल में स्टर्लिंग से उम्र में बड़े इकलौते खिलाड़ी हैं।
सर्वश्रेष्ठ एकादश
1 पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), 2 रॉस ए़़डेयर, 3 हैरी टेक्टर, 4 लोर्कान टकर (विकेटकीपर), 5 कर्टिस कैंफ़र, 6 बेन कैलिट्ज़, 7 जॉर्ज डॉकरेल, 8 गेरथ डेलेनी, 9 मार्क एडेयर, 10 बैरी मक्कार्थी/जॉश लिटिल, 11 मैथ्यू हम्फ़्रीज़
बाक़ी दल: टिम टेक्टर, क्रेग यंग, बेन व्हाइट
पोल सवाल
मैट रोलर ESPNcricinfo में वरिष्ठ संवाददाता हैं. @mroller98
