क्या वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ फिर से उलटफेर करेगा स्कॉटलैंड?

ESPNcricinfo स्टाफ़

स्कॉटलैंड की टीम बड़े मौक़े का पूरा फ़ायदा उठाना चाहेगी © ICC/Getty Images

T20 विश्व कप 2026 के पहले दिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दो ऐसी टीमों की भिड़ंत है, जिनकी कहानी किस्मत और कठिनाइयों के काफ़ी क़रीब से गुज़रती है। स्कॉटलैंड को इस टूर्नामेंट में एक सरप्राइज़ एंट्री मिली। तैयारी के लिए ज़्यादा समय नहीं था। उन्होंने ज़्यादातर इंडोर ट्रेनिंग की और काफ़ी कम समय में अपने विश्व कप की तैयारियां शुरू कीं।

स्कॉटलैंड में सिर्फ़ 30 के आसपास फुल टाइम स्टाफ़ हैं, जो इस अप्रत्याशित राहत से पहले ही मेन्स अंडर 19 वर्ल्ड कप और विमेंस T20 वर्ल्ड कप क्वालिफ़ायर की प्रतिस्पर्धी मांगों से तनाव में थे। वे पिछले दो हफ़्तों से दिन रात काम कर रहे हैं और उन्होंने अपनी 15 सदस्यीय टीम के लिए वीज़ा, किट और एक नया स्पॉन्सर सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है।

टूर्नामेंट में बहुत आगे तक जाना स्कॉटलैंड के लिए एक अवास्तविक महत्वाकांक्षा हो सकती है, लेकिन वे सुपर 8 के लिए आसानी से चुनौती पेश कर सकते हैं।

वहीं वेस्टइंडीज़ की टीम एक ऐसे दौर से गुज़र रही है, जहां उन्हें निराशाजनक माहौल को ख़त्म करने के लिए काफ़ी कुछ साबित करना होगा। हालांकि वेस्टइंडीज़ की टीम के लिए एक अच्छी बात यह है कि उनका विश्व कप अभियान ऐसे मैदान से शुरू हो रहा है, जहां उन्होंने 2016 में ट्रॉफ़ी हासिल की थी।

साथ ही एक बात यह भी है कि वेस्टइंडीज़ की टीम एक ऐसी टीम के ख़िलाफ़ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जिसने 2022 के विश्व कप में उन्हें हराया था। उस मैच में जॉर्ज मुंसी और मार्क वॉट की अगुवाई में स्कॉटलैंड ने 42 रनों से जीत दर्ज की थी। कोलकाता में हालात बहुत अलग होंगे, लेकिन स्कॉटलैंड उस प्लेइंग XI के नौ खिलाड़ियों को मैदान में उतार सकता है, जिन्होंने उस मैच में जीत हासिल की थी।

हालिया प्रदर्शन

स्कॉटलैंड: हार, हार, जीत, जीत, हार (पिछले 5 T20I, हालिया सबसे पहले) वेस्टइंडीज़: जीत, हार, हार, जीत, हार

इन खिलाड़ियों पर होगी नज़र: ब्रैंडन मैकमुलन और जेसन होल्डर

स्कॉटलैंड के खिलाड़ी ब्रैंडन मैकमुलन ने 2024 T20 विश्व कप में सेंट लूसिया में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 34 गेंदों में 60 रन जड़कर अपनी प्रतिभा दिखाई थी, जिससे ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में पड़ गई थी। उन्होंने इस सीज़न की तैयारी बेंगलुरु में नामीबिया के ख़िलाफ़ 39 गेंदों में 95 रन बनाकर की है। साउथ अफ़्रीका में जन्मे और पले बढ़े मैकमुलन ने क्रिसमस का समय UAE में फ़्रैंचाइज़ी क्रिकेट खेलते हुए बिताया। वह स्कॉटलैंड की टीम की अहम कड़ी हैं, जो नंबर 3 पर बल्लेबाज़ी के साथ-साथ पावरप्ले में तेज़ गेंदबाज़ी भी करते हैं।

एक दशक पहले जब वेस्टइंडीज़ ने यह ख़िताब जीता था, तब जेसन होल्डर टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौक़ा नहीं मिला था। उसके बाद से उन्होंने टेस्ट कप्तान के रूप में लंबे कार्यकाल सहित काफ़ी कुछ हासिल किया है। वह अब फ़्रैंचाइज़ी क्रिकेट का नियमित हिस्सा हैं और उन्होंने 2025 में रिकॉर्ड तोड़ 97 T20 विकेट लिए थे। वह भारत में वेस्टइंडीज़ के आक्रमण की अगुवाई करेंगे और आमतौर पर पावरप्ले के आख़िरी ओवरों के साथ डेथ ओवरों में गेंदबाज़ी करते हैं।

टीम न्यूज़: हेटमायर उपलब्ध

स्कॉटलैंड की पूरी 15 सदस्यीय टीम फ़िट और उपलब्ध है। इतने कम समय में यह किसी उपलब्धि से कम नहीं है। उनकी बल्लेबाज़ी लाइन अप लगभग तय है, लेकिन उन्हें अपने गेंदबाज़ी आक्रमण को लेकर एक फ़ैसला करना है। लेग स्पिनर क्रिस ग्रीव्स दोनों वॉर्म अप मैचों में महंगे साबित हुए थे, इसलिए उनकी जगह बाएं हाथ के स्विंग गेंदबाज़ ब्रैड करी को नई गेंद सौंपने के लिए शामिल किया जा सकता है।

स्कॉटलैंड (संभावित XI): 1 जॉर्ज मुंसी, 2 माइकल जोन्स, 3 ब्रैंडन मैकमुलन, 4 रिच़ी बेरिंगटन (कप्तान), 5 टॉम ब्रूस, 6 मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), 7 माइकल लीस्क, 8 क्रिस ग्रीव्स, 9 मार्क वॉट, 10 ब्रैड व्हील, 11 सफ़यान शरीफ़।

शिमरन हेटमायर के भारत आगमन में देरी हुई थी, जिसे क्रिकेट वेस्टइंडीज़ ने मामूली वीज़ा समस्या बताया था, लेकिन वह शुक्रवार दोपहर को कोलकाता पहुंच गए हैं। वह शनिवार को खेलने के लिए आधिकारिक तौर पर उपलब्ध हैं, लेकिन अगर वेस्टइंडीज़ को लगता है कि वह तैयार नहीं हैं, तो आउट ऑफ़ फ़ॉर्म जॉनसन चार्ल्स नंबर 3 पर उनकी जगह ले सकते हैं। तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में एक स्थान के लिए जेडन सील्स, शमार जोसेफ़ और मैथ्यू फ़ोर्ड के बीच मुक़ाबला है।

वेस्टइंडीज़ (संभावित प्लेइंग XI): 1 शे होप (कप्तान और विकेटकीपर), 2 ब्रैंडन किंग, 3 शिमरन हेटमायर/जॉनसन चार्ल्स, 4 रोस्टन चेज़, 5 रोवमन पॉवेल, 6 शेरफ़ेन रदरफ़ोर्ड, 7 रोमारियो शेफ़र्ड, 8 जेसन होल्डर, 9 अकील हुसैन, 10 गुडाकेश मोती, 11 जेडन सील्स।

पिच और हालात

दोपहर 3 बजे मैच शुरू होने का मतलब है कि दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा फ्लडलाइट्स में किया जाएगा। पिछले तीन IPL सीज़न में ईडन गार्डन्स में दोपहर के समय पांच मैच खेले गए हैं और वे सभी हाई स्कोरिंग रहे हैं। इनमें 200 से ज़्यादा के तीन स्कोर का बचाव करने में टीमें बमुश्किल सफल रहीं, जबकि 162 और 180 रनों के लक्ष्यों को बेहद आसानी से हासिल कर लिया गया।

IPL 2025 में यहां पहली पारी का औसत स्कोर 199 रहा। मौसम की बात करें तो तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Comments