नबी के 12 विकेट की बदौलत पहली बार सेमीफ़ाइनल में पहुंची जम्मू कश्मीर
जम्मू कश्मीर 194 (खजुरिया 60, सेन 5-66, कार्तिकेय 3-26) और 248 (वंशज 54*, मुश्ताक़ 41, सेन 4-65, वेंकटेश 3-23) ने मध्य प्रदेश 152 (दुबे 58, नबी 7-40, सुनील 3-47) और 234 (सारांश 64, नबी 5-70, मुश्ताक़ 3-49) को 56 रन से हराया
इंदौर में खेले गए रणजी ट्रॉफ़ी के क़्वार्टर-फ़ाइनल में जम्मू कश्मीर ने मध्य प्रदेश को 56 रनों से हराकर पहली बार सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है। 15 फ़रवरी को सेमीफ़ाइनल में उनका सामना आंध्र बनाम बंगाल मुक़ाबले की विजेता टीम से होगा। जम्मू कश्मीर के आक़िब नबी को मैच में 12 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया।
पहली पारी में जम्मू कश्मीर की टीम सिर्फ़ 194 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी जिसके जवाब में मध्य प्रदेश सिर्फ़ 152 रन ही बना सकी और 42 रनों से पीछे रही। इसके बाद दूसरी पारी में जम्मू कश्मीर ने वंशज शर्मा के 54 रनों की मदद से 248 रन बनाए और मध्य प्रदेश के सामने जीत के लिए 291 रनों का लक्ष्य रखा।
बड़े लक्ष्य के जवाब में तीसरे दिन के अंत तक मध्य प्रदेश की टीम 87 रन तक अपने पांच विकेट गंवा चुकी थी। चौथे दिन सारांश जैन ने 64 रनों की बढ़िया पारी खेलकर टीम को जीत के क़रीब ले जाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। पहली पारी में सात विकेट लेने वाले नबी ने दूसरी पारी में भी पांच विकेट लिए और टीम की जीत में सबसे बड़ा योगदान दिया। नबी के अलावा दूसरी पारी में आबिद मुश्ताक़ ने भी तीन विकेट लिए।
ग़ौरतलब है कि इससे पहले जम्मू कश्मीर की टीम पहले कभी भी रणजी ट्रॉफ़ी के सेमीफ़ाइनल में नहीं पहुंची थी। जम्मू कश्मीर के अलावा उत्तराखंड की टीम भी पहली बार रणजी ट्रॉफ़ी के सेमीफ़ाइनल में पहुंची है। उन्होंने क़्वार्टर-फ़ाइनल में झारखंड को एक पारी और 6 रन से हराया। झारखंड ने पहले खेलते हुए 235 रन बनाए जिसके जवाब में उत्तराखंड ने 371 रन बनाए थे। दूसरी पारी में झारखंड की टीम सिर्फ़ 130 रनों पर ढेर हो गई।