पेट में संक्रमण के कारण अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती

PTI

अभिषेक शर्मा को भारत के USA के ख़िलाफ़ मैच से पहले भी कुछ परेशानी थी, लेकिन उन्होंने वह मैच खेला था © AFP/Getty Images

भारत के सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं, जिससे गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के ख़िलाफ़ होने वाले मुक़ाबले में उनका खेलना संदिग्ध हो गया है। PTI ने बुधवार सुबह रिपोर्ट किया कि अभिषेक पिछले दो दिनों से अस्पताल में हैं।

BCCI के एक सूत्र ने PTI से कहा, "अभिषेक को पेट में संक्रमण के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समस्या का पता लगाने के लिए कुछ टेस्ट किए जा रहे हैं। अभी यह साफ़ नहीं है कि उन्हें आज डिस्चार्ज किया जाएगा या नहीं, लेकिन नामीबिया के ख़िलाफ़ मैच में फ़िलहाल उनका खेलना संदिग्ध लग रहा है।"

अगर अभिषेक सही समय पर फ़िट नहीं होते हैं, तो उनकी जगह संजू सैमसन को मौक़ा मिल सकता है। सैमसन ने मंगलवार को भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा तो लिया और वार्म अप के बाद बल्लेबाज़ी का अभ्यास किया। नामीबिया के ख़िलाफ़ भारत का मुक़ाबला गुरूवार को दिल्ली में निर्धारित है और उसके पहले बुधवार शाम भारत का एक और अभ्यास सत्र होना निर्धारित है।

मंगलवार शाम भारत के अभ्यास सत्र से पहले भारत के सहायक कोच रायन टेन डेशकाटे ने कहा था, "अभि (अभिषेक) के पेट में अभी भी कुछ समस्या है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह ठीक होकर इस मैच के लिए तैयार रहेंगे।" उन्होंने आगे कहा था, "अभी हमें उनका मेडिकल अपडेट आना बाक़ी है, उसके बाद ही हम अलग-अलग संयोजनों पर विचार करेंगे।"

Comments