वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टूर्नामेंट में बने रहने के इरादे से उतरेगी नेपाल
बड़ी तस्वीर
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सिर्फ़ चार रनों से पहला मैच हारने के बाद इटली के सामने नेपाल को 10 विकेट से बड़ी हार मिली थी। एसोसिएट टीमों में अगर देखा जाए तो सबसे ज़्यादा नेपाल के फ़ैंस ही T20 विश्व कप 2026 के मैच देखने आए हैं और पिछले रविवार को अगर उन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जीत हासिल कर ली होती तो ग्रुप सी में उनकी स्थिति कुछ अलग ही रहती।
फ़ैंस की उम्मीदों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच नेपाल के कोच स्टुअर्ट लॉ ने टीम को चेतावनी दी थी और अब अपने तीसरे मुक़ाबले में वह 'करो या मरो' की स्थिति में आ चुके हैं। अब उनके सामने वेस्टइंडीज़ की चुनौती हैं जिन्होंने अपने पहले दो मैचों में लगातार दो जीत हासिल की है। यह वही वेस्टइंडीज़ टीम है जिनके ख़िलाफ़ नेपाल ने कुछ महीने पहले शारजाह में 2-1 से T20I सीरीज़ जीती थी। लेकिन उस विंडीज़ की टीम और इस विंडीज़ की टीम में काफ़ी अंतर है।
नेपाल को इस मैच में जीत हासिल करने के लिए एक बड़ा उलटफ़ेर करना होगा। सितम्बर में नेपाल को मिली दो जीत से सीखना होगा और पहले बल्लेबाज़ी करके वह वेस्टइंडीज़ के ऊपर दबाव बना सकते हैं। वेस्टइंडीज़ ने अभी तक दोनों मैच में पहले खेलते हुए जीत हासिल की है।
वेस्टइंडीज़ के सामने ज़्यादा चिंताएं नहीं होंगी और इस मैच में जीत उन्हें सीधे सुपर 8 में पहुंचा देगी। हालांकि नेपाल की टीम लगातार मुंबई के वानखेड़े में ही खेल रही है और इसका उन्हें थोड़ा फ़ायदा मिल सकता है।
हालिया फ़ॉर्म
नेपाल LLWWW (पिछले पांच T20I, हालिया सबसे पहले) वेस्टइंडीज़ WWWLL
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नज़रें
पहले मैच में माइकल लीस्क की गेंद पर आउट होने के बाद दूसरे मैच में शे होप इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ख़ाता भी नहीं खोल सके थे। दो मैचों में उनका स्ट्राइक रेट भी सिर्फ़ 76 का रहा है और वह वेस्टइंडीज़ के एकमात्र बल्लेबाज़ हैं जिनका स्ट्राइक रेट इस विश्व कप में 100 के नीचे है। नेपाल के ख़िलाफ़ होप फ़ॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। पिछले T20 विश्व कप से लेकर अभी तक विंडीज़ की तरफ़ से होप ने सबसे ज़्यादा रन बनाने के अलावा सबसे ज़्यादा चौके-छक्के भी लगाए हैं।
इटली के ख़िलाफ़ करारी हार के बाद नेपाल की टीम ज़बरदस्त वापसी करना चाहेगी और इसके लिए उन्हें कुशल भुर्तेल से बड़ी उम्मीदें होंगी। इंग्लैंड के ख़िलाफ़ उन्होंने 17 गेंदों में 29 रनों की तेज़ पारी खेली थी लेकिन इटली के खिलाफ़ उनका बल्ला नहीं चला था। वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ वह एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।
टीम समाचार
वेस्टइंडीज़ की टीम सभी विभाग में बढ़िया प्रदर्शन कर रही है और वह अपनी प्लेइंग XI में शायद ही कोई बदलाव करें।
वेस्टइंडीज़ (संभावित XI): 1 ब्रैंडन किंग, 2 शे होप (कप्तान और विकेटकीपर), 3 शिमरॉन हेटमायर, 4 रोवमन पॉवेल, 5 शरफ़ेन रदरफ़ोर्ड, 6 रॉस्टन चेज़, 7 रोमारियो शेफ़र्ड, 8 जेसन होल्डर, 9 अकील हुसैन, 10 गुडाकेश मोती, 11 शमार जोसेफ़
नेपाल के कप्तान रोहित पॉडेल शुक्रवार को बीमार हो गए थे लेकिन स्टुअर्ट लॉ के अनुसार वह इस मुक़ाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे।
नेपाल (संभावित): 1 आसिफ़ शेख़ (विकेटकीपर), 2 कुशल भुर्तेल, 3 रोहित पॉडेल (कप्तान), 4 दीपेंद्र ऐरी, 5 आरिफ़ शेख़, 6 लोकेश बाम, 7 गुलशन झा, 8 करन केसी, 9 संदीप लामिछाने, 10 नंदन यादव, 11 ललित राजबंशी
पिच और परिस्थितियां
वानखेड़े में चार मैच खेले जा चुके हैं और यह मैच एक नई पिच पर खेला जाएगा। सुबह का मैच होने के कारण टीम शायद यहां बाद में बल्लेबाज़ी न करना चाहे। पिच पर थोड़ी घास रहेगी और यहां बड़े स्कोर वाला मुक़ाबला देखने को मिल सकता है। मैच के दौरान तापमान 30 डिग्री के आसपास रह सकता है।