वैभव सूर्यवंशी के बाद जानिए कौन हैं IPL के सबसे युवा डेब्यू करने वाले खिलाड़ी
इस सूची में एक विदेशी खिलाड़ी, एक वर्तमान टेस्ट बल्लेबाज़ और वर्तमान समय के एक कार्यवाहक IPL कप्तान का नाम शामिल है

जब बिहार के बाएं हाथ के बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को IPL में राजस्थान रॉयल्स की तरफ़ से लखनऊ सुपर जायंट्स के ख़िलाफ़ डेब्यू किया, तो उन्होंने टूर्नामेंट के सबसे कम उम्र के डेब्यू खिलाड़ी का रिकॉर्ड दो साल से भी ज्यादा के अंतर से तोड़ दिया। आइए जानते हैं टूर्नामेंट के 18 साल के इतिहास में छह सबसे युवा डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों के बारे में।
1 वैभव सूर्यवंशी - 14 साल, 23 दिन (लखनऊ सुपर जायंट्स के ख़िलाफ़, IPL 2025)
शनिवार को बाएं हाथ के ओपनर को RR की प्लेइंग XII में कप्तान संजू सैमसन की चोट के कारण शामिल किया गया। 13 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के ख़िलाफ़ 58 गेंदों में शतक लगाकर वह पहली बार राष्ट्रीय सुर्खियों में आए। उस पारी के साथ सूर्यवंशी, यूथ क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी (13 साल 187 दिन) बन गए थे। उन्होंने ट्रायल्स के दौरान नागपुर स्थित RR के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में प्रदर्शन कर टीम का विश्वास जीता और बड़ी नीलामी में उन पर 1.1 करोड़ रूपये की बोली लगी।
उन्होंने 44 की औसत से 176 रन बनाकर 2024 अंडर-19 एशिया कप में भारत को फ़ाइनल तक पहुंचाया था। उनके नाम पर रंधीर वर्मा टूर्नामेंट (बिहार का एक अंडर-19 टूर्नामेंट) में एक तिहरा शतक (नाबाद 332 रन) भी दर्ज है।
2 प्रयास राय बर्मन - 16 साल, 157 दिन (सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़, IPL 2019)
उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने विजय हज़ारे ट्रॉफी में बंगाल के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने के बाद 1.5 करोड़ रूपये में खरीदा था। सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ टॉस से कुछ मिनट पहले मुख्य कोच गैरी कर्स्टन ने उन्हें बताया कि वह आज खेल रहे हैं। 16 साल और 157 दिन की उम्र में वह IPL के सबसे युवा डेब्यूटेंट बन गए। जॉनी बेयरस्टो और डेविड वॉर्नर जैसे बल्लेबाज़ों के सामने उन्होंने चार ओवर में 56 रन दिए। यह उनका एकमात्र IPL मैच रहा और 2022 से अब तक उन्होंने केवल तीन घरेलू मैच खेले हैं।
3 मुज़ीब उर रहमान - 17 साल, 11 दिन (दिल्ली डेयरडेविल्स के ख़िलाफ़, IPL 2018)
अफगानिस्तान के इस मिस्ट्री स्पिनर ने 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से डेब्यू किया था। पावरप्ले में गेंदबाज़ी शुरू करते हुए उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर कॉलिन मुनरो को LBW आउट किया। उनकी अनोखी गेंदबाज़ी शैली पहले से ही चर्चा में थी और उन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए और उम्मीदों पर खरे उतरे। इस सीज़न में वह मुंबई इंडियंस की टीम में एक लेट रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल हुए हैं।
4 रियान पराग - 17 साल, 152 दिन (चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़, IPL 2019)
असम के इस ऑलराउंडर का पहला IPL मैच एक थ्रिलर था, जिसे मिचेल सैंटनर के आख़िरी गेंद पर लगाए गए छक्के और एमएस धोनी की अंपायरों पर नाराज़गी के लिए याद किया जाता है। डेब्यू सीज़न में ही पराग IPL अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए थे। तब से वह RR के नियमित सदस्य हैं और फिलहाल टीम के उप-कप्तान भी हैं।
5 प्रदीप सांगवान - 17 साल, 179 दिन (चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़, IPL 2008)
IPL के पहले सीज़न में प्रदीप सांगवान को एक बेहतरीन युवा प्रतिभा माना गया था। वह अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे और लगभग एक दशक तक सबसे युवा डेब्यूटेंट रहे। अपने डेब्यू में उन्होंने कोई विकेट नहीं लिया और 40 रन दिए। 2009 में 13 मैच खेलने के अलावा उनका IPL करियर अधिक प्रभावशाली नहीं रहा। उन्होंने आख़िरी बार 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए खेला था और 2024 की शुरुआत से कोई क्रिकेट नहीं खेली है।
6 सरफ़राज़ ख़ान - 17 साल, 182 दिन (चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़, IPL 2015)
मुंबई से आने वाले इस बल्लेबाज़ ने 2015 में RCB के लिए डेब्यू किया। टीम ने शुरुआत में ही उन्हें भविष्य के खिलाड़ी के रूप में देखा और बाद में उन्हें रिटेन भी किया, लेकिन 2018 में रिलीज़ कर दिया गया। 2025 में जब वह अपने रेड-बॉल करियर के चरम पर हैं, उन्हें लगातार दूसरे साल भी IPL नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.