बाउचर बने मुंबई इंडियंस के प्रमुख कोच
पूर्व साउथ अफ़्रीका मुख्य कोच ने ख़ुद को आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार बताया

मार्क बाउचर को मुंबई इंडियंस के नए कोच के रूप में नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल आईपीएल के 2023 संस्करण से शुरू होगा। यह घोषणा ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो के द्वारा इससे संबंधित रिपोर्ट को प्रकाशित जाने के एक दिन बाद हुई। उस रिपोर्ट में कहा गया था कि बाउचर मुंबई इंडियंस के कोच बनने की रेस में सबसे आगे हैं। पूर्व मुख्य कोच महेला जयवर्दना को मुंबई इंडियंस ग्रुप में एक वैश्विक पदभार दिया गया है। इसी कारण से टीम में मुख्य कोच का पद खाली भी हो गया था।
बाउचर ने इस नियुक्ति के बाद कहा, "एक फ़्रैंचाइज़ी के रूप में उनके इतिहास और उपलब्धियों ने उन्हें स्पष्ट रूप से दुनिया के सबसे सफल फ़्रैंचाइज़ी के रूप में स्थापित किया है। मैं इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। इसके अलावा मैं परिणामों की आवश्यकता का सम्मान करता हूं।"
बाउचर ने सोमवार को इंग्लैंड से टेस्ट सीरीज़ में मिली हार के बाद साउथ अफ़्रीका के कोच पद से इस्तीफ़ा देने का ऐलान किया था। वह टी20 विश्व कप के बाद टीम के कोच नहीं रहेंगे।
हालांकि बाउचर के पास टी20 फ़्रैंचाइज़ी क्रिकेट का लंबा अनुभव नहीं है। बाउचर 2016 आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपिंग कोच थे। साथ ही वह केकेआर टीम के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के लिए खेल भी चुके हैं। इसके तुरंत बाद वह साउथ अफ़्रीका घरेलू सर्किट में टाइटंस के प्रमुख कोच बने थे और इसके बाद वह साउथ अफ़्रीका टीम के कोच बने।
नए सपोर्ट स्टाफ़ के मौजूदा सेट-अप में अब जयवर्दना को 'वैश्विक प्रदर्शन प्रमुख' के रूप में पदोन्नत किया गया है। वह 2017 से मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच थे। साथ ही पिछले सीज़न तक क्रिकेट संचालन के निदेशक ज़हीर ख़ान अब क्रिकेट विकास के वैश्विक प्रमुख हैं। ये दोनों लोग अब समूह के स्वामित्व वाली तीनों टीमों का कार्यभार संभालेंगे।
वहीं एसए20 में एमआई केपटाउन में कोच की भूमिका साइमन कैटिच संभालेंगे। मीडिया को दिए बयान में मुंबई इंडियंस ग्रुप ने साइमन कैटिच की नियुक्ति की पुष्टि की थी, साथ ही बताया था कि हाशिम अमला बल्लेबाज़ी कोच होंगे जबकि रॉबिन पीटरसन टीम के जनरल मैनेजर होंगे। जेम्स पैमंट क्षेत्ररक्षण कोच होंगे।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.