आंकड़े : भारत ने खेला अपना सबसे छोटा T20I

संपत बंडारुपल्ली
यह पुरुष T20I में भारत की सर्वाधिक गेंदें शेष रहते हुए जीत है, इससे पहले उन्होंने 2022 T20 विश्व कप में स्कॉटलैंड को 81 गेंद शेष रहते हराया था

Play 02:33
हां या ना: सूर्या अगर पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेल रहे होते तो अपील वापस नहीं लेते

एशिया कप 2025 के अपने पहले मुक़ाबले में भारत ने UAE को 93 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से हरा दिया। भारत की इस जीत के सूत्रधार कुलदीप यादव रहे जिन्होंने चार विकेट चटकाकर विपक्षी टीम को महज़ 57 रनों के स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका अदा की जिसे भारतीय बल्लेबाज़ों ने बेहद आसानी से अंजाम दे दिया। इस मुक़ाबले में बने तमाम आंकड़ों की एक झलक।

57 दुबई में पुरुषों के T20 एशिया कप 2025 में भारत के ख़िलाफ़ UAE का कुल स्कोर। यह अब भारत के खिलाफ़ पुरुषों के T20I में किसी भी टीम का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले न्यूज़ीलैंड 2023 में अहमदाबाद में 235 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 66 पर सिमट गया था।

1 57 रन पर ऑलआउट होना UAE का इस प्रारूप में संयुक्त तौर पर सबसे कम स्कोर है। इससे पहले उनका न्यूनतम स्कोर 2024 में दुबई में ही स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ 57 था। यह पुरुषों के T20 एशिया कप का दूसरा सबसे कम स्कोर भी है। सबसे कम स्कोर 2022 में हॉन्ग कॉन्ग का 38 रन (पाकिस्तान के खिलाफ़, शारजाह) है।

93 गेंदें शेष रहते भारत ने 58 रन का लक्ष्य हासिल किया। यह पुरुषों के T20I में भारत की गेंदें शेष रहते सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2022 T20 विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ़ 81 गेंदें शेष रहते भारत जीता था।

यह पुरुषों के T20I में किसी पूर्ण सदस्य टीम की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। सबसे बड़ी जीत इंग्लैंड ने पिछले साल T20 विश्व कप में ओमान को 101 गेंदें शेष रहते हराकर दर्ज की थी। पुरुषों के T20 एशिया कप में पहली बार किसी टीम ने 10 ओवर शेष रहते मैच जीता है।

4/7 UAE के ख़िलाफ़ कुलदीप के आंकड़े पुरुषों के T20 एशिया कप में दूसरे सर्वश्रेष्ठ हैं। सबसे अच्छे आंकड़े भुवनेश्वर कुमार के नाम हैं, जिन्होंने 2022 में अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ दुबई में 4 रन देकर पांच विकेट लिए थे।

कुलदीप के अब इस प्रारूप में चार बार चार या उससे ज़्यादा विकेट हैं। भारत के लिए केवल भुवनेश्वर (5) के नाम इस प्रारूप में ज़्यादा चार-विकेट हॉल हैं।

4 बार कुलदीप ने T20I में एक ही ओवर में तीन (या अधिक) विकेट लिए हैं। भारतीय पुरुषों में यह कारनामा एक से ज़्यादा बार करने वाले केवल युज़वेंद्र चहल (2) हैं। कुल मिलाकर राशिद ख़ान (6) ही ऐसे गेंदबाज़ हैं जिन्होंने कुलदीप जितनी बार या उससे ज़्यादा एक ओवर में तीन विकेट लिए हैं।

10 रन UAE की आख़िरी सात साझेदारियों से जुड़े, जब उनका स्कोर 47/3 था। पुरुषों के T20I में इससे पहले केवल एक बार किसी पूर्ण सदस्य टीम ने विपक्षी टीम की आख़िरी सात साझेदारियों को 10 या उससे कम रनों के भीतर सीमित किया था। 2017 में बेंगलुरु में भारत बनाम इंग्लैंड, जब इंग्लैंड 119/3 से 127 पर ऑलआउट हुआ।

17.4 ओवर में UAE और भारत का मैच ख़त्म हुआ, जो पुरुषों के T20 एशिया कप का सबसे छोटा पूरा हुआ मैच है। इससे पहले 2022 में दुबई में अफ़ग़ानिस्तान बनाम श्रीलंका का मैच 29.5 ओवर तक चला था।

यह भारत से जुड़ा पुरुषों का सबसे छोटा T20I भी है (बारिश से प्रभावित मैचों को छोड़कर)। इससे पहले सबसे छोटा मैच 2022 में स्कॉटलैंड के खिलाफ़ 24.1 ओवर तक चला था।

Comments