अक्षर, दुबे और वॉशिंगटन ने दिलाई भारत को सीरीज़ में बढ़त

नीरज पाण्डेय

Axar Patel ने किया शानदार प्रदर्शन © Getty Images

भारत 167 पर 8 (गिल 46, अभिषेक 28, अक्षर 21* और एलिस 21 पर 3) ने ऑस्ट्रेलिया 119 (मार्श 30, शॉर्ट 25, वॉशिंगटन 3 पर 2 और अक्षर 20 पर 2) को 48 रनों से हराया

भारत ने करारा में खेले गए चौथे T20I मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हरा दिया है और सीरीज़ में 2-1 से बढ़त ले ली है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत आठ विकेट के नुक़सान पर केवल 167 रन ही बना सका था। हालांकि, शानदार गेंदबाज़ी के दम पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 18.2 ओवरों में ही केवल 119 के स्कोर पर ढेर कर दिया।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की शुरुआत काफ़ी अच्छी रही थी और पावरप्ले में उन्होंने बिना विकेट गंवाए 49 रन बना लिए थे। हालांकि इस बीच शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा को एक जीवनदान मिला था। सातवें ओवर में भारत ने 56 के स्कोर पर अभिषेक के रूप में पहला विकेट गंवाया। उन्होंने 21 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। इसके बाद शिवम दुबे को प्रमोट किया गया और उन्हें तीन नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए भेजा गया। हालांकि वह कुछ ख़ास नहीं कर पाए और 18 गेंद में केवल 22 रन बनाकर 88 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।

शुभमन गिल अच्छे टच में दिखाई दे रहे थे और उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट्स भी लगाए। हालांकि वह अपने अर्धशतक से चार रन दूर रह गए। 39 गेंदों में 46 रनों की अपनी पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। वह 10 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। 16वें ओवर की पहली गेंद पर सूर्यकुमार आउट हुए और इस समय भारत का स्कोर 125 रन था। केवल चार विकेट गिरे होने की वजह से ऐसा लग रहा था कि भारत यहां से भी 180 तक पहुंच जाएगा।

हालांकि ऐडम ज़ैम्पा ने एक ही ओवर में तिलक वर्मा और जितेश शर्मा को आउट करते हुए भारत को बड़े झटके दिए। तेज गेंदबाज़ नेथन एलिस ने भी बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए तीन विकेट चटकाए। अंत में अक्षर पटेल ने 11 गेंद पर नाबाद 21 रन बनाते हुए भारत को किसी तरह 167 के स्कोर तक पहुंचाया। एलिस के अलावा ज़ैम्पा ने भी तीन विकेट अपने नाम किए।

स्कोर का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने संभलकर शुरुआत की थी और उन्होंने पहले छह ओवर में 48 रन बनाए थे। हालांकि इस दौरान उन्होंने ओपनर मैथ्यू शॉर्ट का विकेट गंवा दिया था। 19 गेंद में 25 रनों की पारी खेलने के बाद शॉर्ट को अक्षर ने विकेट के सामने फंसाया। मैदानी अंपायर ने उन्हें सुरक्षित बताया था लेकिन रिव्यू लेते ही फैसला बदला और भारत को पहली सफलता मिली। इसके बाद आए जॉश इंग्लिस भी कुछ खास नहीं कर सके और 11 गेंद में केवल 12 रन बनाकर अक्षर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। कप्तान मिचेल मार्श लगातार संघर्ष कर रहे थे और उनके बल्ले से बड़े शॉट नहीं आ रहे थे।

पारी के 10वें ओवर में शिवम दुबे ने एक धीमी गेंद पर मार्श को कैच आउट करवाया। 24 गेंद का सामना करने के बाद वह केवल 30 रन बना पाए थे। टिम डेविड ने केवल 9 गेंद की ही अपनी पारी में एक चौका और एक बड़ा छक्का लगाया। हालांकि एक शॉर्ट पिच गेंद पर दुबे ने उन्हें चकमा दिया और वह भी कैच आउट हुए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को लगातार अंतराल पर झटके लगते रहे और भारतीय टीम मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाती चली गई। अपने स्पेल के आख़िरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया की बची हुई उम्मीदों को भी समाप्त कर दिया था।

17वें ओवर में गेंदबाज़ी करने के लिए पहली बार बुलाए गए वॉशिंगटन सुंदर ने लगातार गेंद पर दो विकेट चटकाए और ऑस्ट्रेलिया को हार के और क़रीब धकेला। सुंदर को ही ऑस्ट्रेलिया का अंतिम विकेट भी मिला। वॉशिंगटन ने केवल तीन रन देकर तीन विकेट चटकाए।

Comments