श्रीलंका के विश्व कप दल में कामिंडु मेंडिस की वापसी
श्रीलंका ने शनिवार से शुरू हो रहे T20 विश्व कप के लिए अपने 15 सदस्यीय दल में कामिंडु मेंडिस को वापस बुलाया है और वह धनंजय डीसिल्वा की जगह लेंगे। 23 वर्षीय बल्लेबाज़ पवन रत्नायके को टीम में जगह मिली है, लेकिन तेज़ गेंदबाज़ प्रमोद मदुशन के लिए कोई जगह नहीं है।
सबसे बड़ी चर्चा का विषय कामिंडु की वापसी है, जो पिछले महीने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ T20I सीरीज़ में शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं थे और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ चल रही T20I सीरीज़ से पहले उन्हें बाहर कर दिया गया था। लेकिन अब वह वापस आ गए हैं, जबकि इंग्लैंड और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ हालिया T20I पारियों में रन गति बढ़ाने में नाकाम रहने के बाद धनंजय को बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
ख़ुद कामिंडु भी हाल के महीनों में बेहतरीन फ़ॉर्म में नहीं रहे हैं। 2025 की शुरुआत से उन्होंने इस फ़ॉर्मेट में सिर्फ़ 159 रन बनाए हैं, जहां उनका औसत 19.87 का रहा है। हालांकि इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 130.32 रहा है, जो थोड़ी उम्मीद ज़रूर देता है। गेंद के साथ धनंजय की उपयोगिता को उनकी शुरुआती चयन की वजह माना गया था, लेकिन दोनों हाथों से गेंदबाज़ी करने वाले कामिंडु भी यह भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि 2025 की शुरुआत से उन्होंने 12 मैचों में सिर्फ़ छह ओवर ही डाले हैं।
इससे बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर दुनित वेल्लालगे के लिए भी अंतिम एकादश में जगह बनाने की संभावना खुल गई है, लेकिन 23 वर्षीय खिलाड़ी के अनुभव की कमी उसके ख़िलाफ़ जाती है। वह वनडे टीम में कुछ हद तक नियमित रहे हैं, लेकिन 2024 में डेब्यू के बाद से उन्होंने सिर्फ़ छह T20I खेले हैं। इसमें तीन मैचों में ही उनकी बल्लेबाज़ी आई है और गेंदबाज़ी में उनके नाम सात विकेट हैं। हालांकि फ़्रेचाइज़ी और घरेलू क्रिकेट में उनका अनुभव कहीं ज़्यादा है। उन्होंने पिछले साल पार्ल रॉयल्स के लिए SA20 खेला और नवंबर में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में श्रीलंका ए की कप्तानी की।
हालांकि उनके करियर के T20 और वनडे स्ट्राइक रेट क्रमशः 106.14 और 84.20 यह संकेत देते हैं कि उनका चयन ज़्यादातर संभावनाओं के आधार पर है, और शायद इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हालिया वनडे पारियों का भी इस पर असर रहा है।
संभावनाओं पर आधारित एक और चयन रत्नायके का है, जिन्होंने नवंबर में पाकिस्तान में T20I डेब्यू किया था, लेकिन घरेलू सीरीज़ के लिए उन्हें बाहर कर दिया गया था। हालांकि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में उनके शतक ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और उन्हें T20I टीम में वापस बुलाया गया और अब विश्व कप टीम में भी उनको जगह मिल गई। 25 T20 पारियों में 100.00 का स्ट्राइक रेट रत्नायके की पावर-हिटिंग क्षमता को पूरी तरह नहीं दर्शाता। वह लिस्ट A क्रिकेट में 92.82 की स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं और स्पिन के ख़िलाफ़ आक्रामक खेलने की क्षमता दिखा चुके हैं।
गेंदबाज़ी के मोर्चे पर श्रीलंका की चिंता कम है। दुष्मंता चमीरा, मतीशा पतिराना और इशान मलिंगा के रूप में उनके पास पारी के हर चरण के लिए असरदार तेज़ गेंदबाज़ हैं। इसी वजह से प्रमोद मदुशन और नुवान तुषारा को बाहर करना समझ में आता है। तुषारा पिछले एक साल में श्रीलंका की योजनाओं का अहम हिस्सा रहे थे, लेकिन 2025 के आख़िरी दौर में उनकी फ़ॉर्म गिर गई थी।
स्पिन विभाग में भी कोई चौंकाने वाला फ़ैसला नहीं हुआ है। वनिंदु हसरंगा और महीश तीक्षणा इसकी अगुवाई करेंगे, जबकि वेल्लालगे, असलंका और कामिंडु सहायक की भूमिका निभाएंगे।
2026 T20 विश्व कप के लिए श्रीलंका दल
दसुन शानका (कप्तान), पतुम निसंका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, चरित असलंका, कामिंडु मेंडिस, जनित लियानगे, पवन रत्नायके, दुनित वेल्लालगे, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा, दुष्मंता चमीरा, मतीशा पतिराना और इशान मलिंगा।