अपने दूसरे T20 विश्व कप में छाप छोड़ना चाहेगी कनाडा 

कनाडा ने 2024 में अपने पहले विश्व कप में सिर्फ़ एक मैच जीता था, और इस बार नए कप्तान के नेतृत्व में वे बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे

Canada दूसरी बार T20 विश्व कप खेलने के लिए तैयार है © Getty Images

ग्रुप स्टेज मैच

9 फरवरी: बनाम साउथ अफ़्रीका, अहमदाबाद (7 PM स्थानीय समयानुसार)
13 फरवरी: बनाम UIAE, दिल्ली (3 PM स्थानीय समयानुसार)
17 फरवरी: बनाम न्यूज़ीलैंड, चेन्नई (11 AM स्थानीय समयानुसार)
19 फरवरी: बनाम अफ़ग़ानिस्तान, चेन्नई (7 PM स्थानीय समयानुसार )

बड़ी तस्वीर: क्या कनाडा दूसरे T20 विश्व कप में कर पाएगी प्रभावित?

कनाडा 2024 T20 विश्व कप में अपनी पहली उपस्थिति दर्ज कराने के बाद वापस आई है। टीम की कमान 23 वर्षीय दिलप्रीत बाजवा के हाथों में होगी, जो अभी बतौर कप्तान अपना डेब्यू करेंगे। बाजवा टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज़ हैं और उन्होंने निकोलस किर्टन से कप्तानी संभाली है, जो अभी भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं। दो अन्य पूर्व कप्तान, साद बिन ज़फ़र और नवनीत धालीवाल भी टीम में मौजूद रहेंगे ताकि अगर बाजवा को सलाह की ज़रूरत हो तो वे मदद कर सकें।

पिछले संस्करण में, कनाडा ने केवल एक मैच जीता था, आयरलैंड के ख़िलाफ़। इसलिए उन्हें क्वालिफ़िकेशन प्रक्रिया से गुज़रना पड़ा। यह उनके लिए बहुत आसान साबित हुआ क्योंकि उन्होंने जून में अमेरिका रीजनल फ़ाइनल में अपने सभी छह मैच जीते।

इस विश्व कप में, उन्हें अफ़ग़ानिस्तान, न्यूज़ीलैंड, साउथ अफ़्रीका और UAE के साथ ग्रुप डी में रखा गया है। ग्रुप डी के सभी मैच भारत में खेले जाएंगे।

हालिया फ़ॉर्म

कनाडा ने क्वालिफ़ाइंग टूर्नामेंट के बाद से कोई T20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है, लेकिन उनके ज़्यादातर खिलाड़ियों ने अक्टूबर में कनाडा सुपर 60 में हिस्सा लिया था। पिछले महीने, उन्होंने श्रीलंका में श्रीलंका इमर्जिंग टीमों और ओमान के ख़िलाफ़ कुछ अभ्यास मैच खेले।

पूर्व कप्तान Saad Bin Zafar टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी © ICC/Getty Images

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

19 साल के युवराज समरा स्क्वॉड के सबसे युवा खिलाड़ी हैं। लंबे कद के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज़ ने 16 T20I मैचों में 27 छक्के लगाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 160.72 का रहा है। उनके नाम कनाडा के लिए सबसे तेज़ T20I अर्धशतक का रिकॉर्ड भी दर्ज है। केवल 15 गेंदों में अर्धशतक लगा चुके इस बल्लेबाज़ को अभी फुल मेंबर टीम के ख़िलाफ़ खेलना बाक़ी है। 

उम्र के दूसरे छोर पर साद बिन ज़फ़र हैं। 39 साल की उम्र में, यह बाएं हाथ के स्पिनर स्क्वॉड के सबसे उम्रदराज़ सदस्य हैं। साद, जो 2008 से कनाडा के लिए खेल रहे हैं, उन्हें CPL 2018 प्लेऑफ़ के लिए एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने बुलाया था। 2020 संस्करण में, उन्होंने सेंट लूसिया ज़ूक्स के साथ ICC अमेरिका अनुबंध हासिल किया। अगले वर्ष, उन्होंने पनामा के ख़िलाफ़ एक T20 इंटरनेशनल में 4-4-0-2 के आंकड़े दर्ज किए।

सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर जसकरन सिंह 2009 में डेक्कन चार्जर्स के साथ आईपीएल IPL विजेता थे। उन्होंने हेडिंग्ले में यॉर्कशायर के ख़िलाफ़ इंडिया ए टीम के लिए अपना फ़र्स्ट-क्लास डेब्यू किया था, जिसमें शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे और ऋद्धिमान साहा शामिल थे। जसकरन मार्च 2022 तक चंडीगढ़ के लिए खेल रहे थे। उन्होंने पिछले साल ही कनाडा के लिए अपना डेब्यू किया लेकिन उनके पास अपने साथियों के साथ साझा करने के लिए अनुभव का खज़ाना है।

क्या आख़िरी मौक़ा?

जब अगला T20 विश्व कप आएगा तब साद 41 साल के हो जाएंगे और धालीवाल 39 के। लेकिन उन्हें दौड़ से बाहर मानना आप अपने जोख़िम पर ही करें।

बेस्ट XI

1 नवनीत धालीवाल, 2 युवराज समरा, 3 दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), 4 निकोलस किर्टन, 5 हर्ष ठाकर, 6 कंवरपाल तथागुर (विकेटकीपर), 7 जसकरन सिंह, 8 साद बिन ज़फ़र, 9 शिवम शर्मा, 10 डिलन हेलीगर, 11 कलीम सना

अन्य खिलाड़ी: रविंदरपाल सिंह, अजयवीर हुंदल, अंश पटेल, श्रेयस मोव्वा (विकेटकीपर)

हेमंत बराड़ ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं

Comments