बड़े मंच पर विश्व कप के पहले यादगार पलों की तलाश में इटली

अपने पहले विश्व कप में, इटली साथी एसोसिएट टीमों के ख़िलाफ़ अपनी हालिया प्रगति को शुरुआती मोमेंटम में बदलने की कोशिश करेगा

T20 विश्व कप 2026 के लिए इटली की टीम © International Cricket Council

ग्रुप स्टेज़ मैच

बनाम स्कॉटलैंड, कोलकाता, 9 फ़रवरी बनाम नेपाल, मुंबई, 12 फ़रवरी बनाम इंग्लैंड, कोलकाता, 16 फ़रवरी बनाम वेस्टइंडीज़, कोलकाता, 19 फ़रवरी

बड़ी तस्वीर: इटली का लक्ष्य यादगार पहला विश्व कप

इटली और क्रिकेट की जोड़ी सुनने में थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन दोनों का इतिहास काफ़ी पुराना है। 18वीं सदी के अंत में, नेपल्स में एडमिरल नेल्सन के क्रू ने क्रिकेट मैचों का आयोजन किया था, जबकि एसी मिलान जैसे बड़े फ़ुटबॉल क्लबों - जिसका मूल नाम मिलान फ़ुटबॉल एंड क्रिकेट क्लब था ने इस खेल को बढ़ावा देने में मदद की। आज के दौर में इटली भारत और श्रीलंका में T20 विश्व कप में प्रतिस्पर्धा कर रहा है, जो सीमित क्रिकेटिंग इतिहास वाली टीम के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

इस ग्लोबल इवेंट तक पहुंचने का सफ़र 2023 में शुरू हुआ, जब इटालियन क्रिकेट फ़ेडरेशन (ICF) ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से ऐसे पेशेवर क्रिकेटरों को भर्ती करने की रणनीति अपनाई जो इटली का प्रतिनिधित्व करने के योग्य थे। अज़ूरी जैसा कि उन्हें अनौपचारिक रूप से जाना जाता है, ने एक प्रतिस्पर्धी यूनिट बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय और घरेलू अनुभव वाले खिलाड़ियों जो बर्न्स, वेन मैड्सन, और बेन एवं हैरी मनेन्टी भाईयों सहित अन्य को चुना। पार्ट-टाइमर्स और प्रवासियों के इस मिले-जुले समूह के पास अब विश्व मंच पर चमकने का मौक़ा है।

कनाडा के जॉन डेविसन और आयरलैंड के केविन ओ'ब्रायन की कोचिंग में इटली के पास एक ऐसा ऑफ़-फ़ील्ड लीडरशिप ग्रुप है जो विश्व कप की शानदार उपलब्धियों से अच्छी तरह वाक़िफ़ है। वे इस टूर्नामेंट में अपनी कुछ यादगार यादें संजोने की उम्मीद के साथ आए हैं। स्वतः प्रेरित, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के स्क्वॉड के साथ, इटली को कम से कम दो जीत हासिल करने की उम्मीद होगी।

शेड्यूल उन्हें शुरुआत में ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौक़ा देता है। उनके पहले दो मैच साथी एसोसिएट टीमों स्कॉटलैंड और नेपाल के ख़िलाफ़ हैं। इन मैचों का इस्तेमाल वे मोमेंटम बनाने के लिए करना चाहेंगे। ग्रुप में बाद में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़, इटली यह दिखाना चाहेगा कि उनका क्वालिफ़िकेशन कोई तुक्का नहीं था। तैयारी के दौरान मैदान के बाहर के मुद्दों जिसमें पूर्व कप्तान बर्न्स को स्क्वॉड से बाहर किया जाना शामिल है, ने उनके अभियान को लेकर उत्साह को थोड़ा कम कर दिया है, लेकिन यह विश्व मंच पर इटली का सबसे बड़ा अवसर है, और वे इसे गंवाना नहीं चाहेंगे।

हालिया फ़ॉर्म

विश्व कप तक के इटली के सफ़र में उन्होंने यूरोप रीजनल्स में स्कॉटलैंड जिनसे वे 9 फ़रवरी को फिर मिलेंगे और ग्वेर्नसे को हराया। पिछले महीने, उन्होंने UAE में पूर्ण सदस्य आयरलैंड के ख़िलाफ़ तीन T20I मैचों की सीरीज़ भी खेली, जहां वे दो क़रीबी मैच हारे लेकिन वापसी करते हुए तीसरा मैच बड़े अंतर से जीता।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें: जेजे स्मट्स और मनेन्टी ब्रदर्स

साउथ अफ़्रीका के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी जेजे स्मट्स इटली की क्वालिफ़िकेशन यात्रा का हिस्सा नहीं थे, लेकिन विश्व कप स्क्वॉड में उनके देर से शामिल होने से उनकी बल्लेबाज़ी मज़बूत हुई है। इस आक्रामक बल्लेबाज़ से बर्न्स द्वारा छोड़ी गई जगह को भरने की उम्मीद है। वह एक बार 2007-08 में साउथ अफ़्रीका के साथ अंडर-19 विश्व कप फ़ाइनल में पहुंचे थे। 2016-17 में अपने घरेलू T20 टूर्नामेंट में साउथ अफ़्रीका के अग्रणी रन-स्कोरर थे और उनके पास व्यापक फ़्रेंचाइज़ी अनुभव भी है। इटली के लिए अब तक की उनकी तीन पारियां साधारण रही हैं लेकिन बड़े मंच पर उनका अनुभव काम आएगा।

Ben Manenti से अहम भूमिका निभाने की उम्मीद © Getty Images

मनेन्टी भाई - बेन और हैरी 'इटालियन जॉब' के लिए भर्ती होने वाले शुरुआती खिलाड़ियों में से थे, और वे सिडनी सिक्सर्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ क्रमशः बिग बैश लीग में नियमित रूप से खेलने के बाद विश्व कप में आ रहे हैं। जहां उन्होंने ड्रेसिंग रूम साझा किया और आधुनिक युग के कुछ दिग्गजों के साथ खेले। बेन एक दाएं हाथ के ऑफ़ स्पिनर हैं जो थोड़ी बल्लेबाज़ी भी कर लेते हैं, जबकि हैरी एक सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं।

क्या इनके लिए यह आख़िरी मौक़ा होगा?

हर दो साल में T20 विश्व कप होने के कारण, अगर इटली यूरोपीय क्रिकेट में अपनी रैंकिंग में सुधार करना जारी रखता है, तो किसी को भी बाहर मानना मुश्किल है। हालांकि यह टूर्नामेंट नए कप्तान वेन मैड्सन के लिए अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में अंतिम दौर हो सकता है, जो पिछले महीने 42 साल के हो गए। इटली उनसे टीम को एकजुट रखने की उम्मीद करेगा। एक ऐसी भूमिका जिसे उन्होंने काउंटी क्रिकेट में डर्बीशायर के लंबे समय तक कप्तान के रूप में सफलतापूर्वक निभाया है।

बेस्ट XI

1 जस्टिन मोस्का, 2 एंथनी मोस्का, 3 जेजे स्मट्स, 4 वेन मैड्सन (कप्तान), 5 हैरी मनेन्टी, 6 जियान-पियरो मीड (विकेटकीपर), 7 ग्रांट स्टीवर्ट, 8 बेन मनेन्टी, 9 मार्कस कैम्पोपियानो, 10 अली हसन, 11 जसप्रीत सिंह

बाकी स्क्वॉड: सैयद नक़वी, ज़ैन अली, क्रिशन कलुगामेज, थॉमस ड्राका

सवाल

श्रेष्ठ शाह ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं. @sreshthx

Comments