रणजी ट्रॉफ़ी क्वार्टर-फ़ाइनल के लिए मुंबई में ठाकुर, जायसवाल की वापसी

ESPNcricinfo स्टाफ़

Yashasvi Jaiswal की शीर्षक्रम में होगी वापसी © AFP/Getty Images

कर्नाटक के ख़िलाफ़ 6 फरवरी से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफ़ी क्वार्टर-फ़ाइनल मैच से पहले मुंबई की टीम में शार्दुल ठाकुर की कप्तान के रूप में और यशस्वी जायसवाल की ओपनर के रूप में वापसी हुई है। 

इन दोनों ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी और विजय हजारे ट्रॉफ़ी के तुरंत बाद शुरु हुई रणजी ट्रॉफ़ी का दूसरा हाफ़ नहीं खेला था। अक्तूबर-नवंबर लेग में ठाकुर ने मुंबई की कप्तानी की थी तो वहीं जायसवाल साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सीरीज़ में हिस्सा ले रहे थे।

33 अंकों के साथ मुंबई ने बड़ी आसानी से क्वार्टर-फ़ाइनल में अपनी जगह बनाई। उनके द्वारा हासिल किए गए अंक ग्रुप D में सर्वाधिक और सभी टीमों में मिलाकर दूसरे सर्वाधिक रहे। उन्होंने चार मैचों में जीत और तीन में ड्रॉ हासिल करते हुए कोई भी मैच नहीं गंवाया। ठाकुर की अनुपस्थिति में इस सीज़न पांच शतक लगा चुके सिद्धेश लाड मुंबई की कप्तानी कर रहे थे।

ग्रुप टॉपर के रूप में मुंबई के पास बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में घरेलू परिस्थितियों का लाभ लेने का मौक़ा होगा। उनकी विपक्षी कर्नाटक ग्रुप B में दूसरे स्थान पर रही और लीग स्टेज़ के आख़िरी दिन उन्होंने क्वालिफ़ाई किया है। उनकी कप्तानी जोरदार फ़ॉर्म में चल रहे देवदत्त पडीक्कल कर रहे हैं। 2023-24 में आख़िरी बार चैंपियन बनने वाली मुंबई 43वीं रणजी ट्रॉफ़ी ख़िताब जीतने की कोशिश में है तो वहीं टूर्नामेंट की दूसरी सबसे सफल टीम कर्नाटक भी नौवीं बार चैंपियन बनने की कोशिश में है।

Comments