मांधना, वॉल ने दिलाया RCB को दूसरा WPL ख़िताब

Smriti Mandhana और Georgia Voll के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी हुई © BCCI

RCB 204 पर 4 (मांधना 87, वॉल 79 और हेनरी 34 पर 2) ने DC 203 पर 4 (रॉड्रिग्स 57, वुलफ़ार्ट 44, काप 35 और सातघरे 46 पर 1) को हराकर WPL का ख़िताब जीता

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को WPL 2026 के फ़ाइनल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने हासिल करने के लिए एक रिकॉर्ड लक्ष्य दिया था और स्मृति मांधना और जॉर्जिया वॉल के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई रिकॉर्ड 165 रनों की साझेदारी के बावजूद मुक़ाबले में काफ़ी रोमांच बाक़ी था। RCB को जीत के लिए अंतिम ओवर में अभी भी 10 रन बनाने थे और पिछले ही ओवर में मांधना के आउट होने के बाद राधा यादव को जीवनदान भी मिला था।

पहली दो गेंदों पर दो रन ही मिलने के बाद राधा ने लगातार दो चौके जड़कर RCB को उनका दूसरा WPL ख़िताब दिला दिया और WPL के इतिहास में रिकॉर्ड चेज़ भी हासिल कर लिया। WPL और IPL दोनों के ही फ़ाइनल के इतिहास में आज से पहले तक इतना बड़ा लक्ष्या हासिल नहीं किया गया है।

RCB के सामने जेमिमाह रॉड्रिग्स, लॉरा वुलफ़ार्ट और शिनेल हेनरी ने मिलकर 204 रनों का लक्ष्य रखा था और शुरुआत में ही हेनरी ने ग्रेस हैरिस को अपना शिकार बना लिया था। लेकिन बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही RCB ने आक्रमण करना शुरू किया और देखते ही देखते मांधना और वॉल की जोड़ी ने RCB को मुक़ाबले में वापस ला दिया।

वॉल और मांधना ने बारी-बारी से अपना अर्धशतक पूरा किया और RCB के लिए WPL का दूसरा ख़िताब अब अधिक दूर नज़र नहीं आ रहा था। दोनों के बीच WPL इतिहास में रिकॉर्ड साझेदारी RCB को जीत के क़रीब ले जा रही थी लेकिन बड़े शॉट के प्रयास में मिन्नू मणि ने वॉल को अपना शिकार बना लिया। नंदनी ने भी जल्द ही ऋचा घोष को पवेलियन भेजा और ऐसा लगने लगा कि मुक़ाबले में रोमांच अभी और बाक़ी है।

19वें ओवर में हेनरी ने मांधना को अपना शिकार बनाया और DC के लिए उम्मीदों का दरवाज़ा खुल गया। हालांकि आते ही राधा का कैच छूटा और उस समय RCB को 8 गेंदों पर 13 रनों की दरकार थी। DC के लिए यहां से उम्मीदें कमज़ोर पड़ने लगीं और राधा ने अंतिम ओवर में लगातार दो चौके जड़कर RCB को जीत की दहलीज़ पार करा दी।

इससे पहले RCB ने टॉस जीतकर DC को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था। दोनों ही टीमें बिना बदलाव के साथ मैदान में उतरी थीं और एक धीमी की शुरुआत के बाद शेफ़ाली वर्मा और लिज़ेल ली ने धावा बोल दिया। शेफ़ाली के आउट होने के बाद ली ने आक्रमण और तेज़ कर दिया, हालांकि वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 37 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं।

यह मुक़ाबले पिच नंबर पांच पर खेला जा रहा था जिस पर एलिमिनेटर का मुक़ाबला खेला जा रहा था, हालांकि पिच में बल्लेबाज़ों को ख़ास समस्या नज़र नहीं आ रही थी और RCB के गेंदबाज़ों को रॉड्रिग्स और वुलफ़ार्ट की जोड़ी ने बेअसर कर दिया। रॉड्रिग्स अर्धशतक बनाकर जब आउट हुईं तब तक तीसरे विकेट के लिए वह वुलफ़ार्ट के साथ 76 रन जोड़ चुकी थीं और DC को एक बड़े स्कोर की ओर अग्रसर कर चुकी थीं। अंतिम चार ओवरों में वुलफ़ार्ट और हेनरी ने 55 रन जोड़ते हुए एक बड़ा टोटल खड़ा किया लेकिन यह मांधना और वॉल के सामने नाकाफ़ी सिद्ध हुआ।

नवनीत झा ESPNcricinfo हिंदी में कंसल्टेंट सब एडिटर हैं।

Comments