T20 विश्व कप 2026 से हर्षित राणा बाहर, सिराज भारतीय दल में शामिल

ESPNcricinfo स्टाफ़

Harshit Rana को साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में घुटने में चोट लगी थी © BCCI

भारतीय तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा पुरुष T20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह पर मोहम्मद सिराज को भारतीय दल में शामिल किया गया है।

राणा को साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 4 फ़रवरी को नवी मुंबई में खेले गए अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लगी थी। विशेषज्ञ से सलाह लेने और स्कैन के बाद BCCI की मेडिकल टीम ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए उन्हें अनफ़िट करार दिया।

राणा ने हाल ही में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पांच T20I की घरेलू सीरीज़ में तीन मैच खेले थे जिसे भारत ने 4-1 से अपने नाम किया था। राणा को विश्व कप दल में एक उपयोगी ऑलराउंडर के रूप में शामिल किया गया था और न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में उन्होंने अर्धशतकीय पारी भी खेली थी। राणा का विश्व कप से बाहर होने के बाद भारतीय दल में तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर के रूप में हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे शामिल हैं।

सिराज ने अब तक अपने T20I करियर में कुल 16 मुक़ाबले खेले हैं और 7.79 की इकॉनमी और 32.28 की औसत से उन्होंने 14 विकेट हासिल किए हैं। हालांकि सिराज ने जुलाई 2024 के बाद से एक भी T20I नहीं खेला है। उन्होंने अंतिम T20I 30 जुलाई 2024 को पल्लेकेले में श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेला था।

भारत अपने विश्व कप अभियान का आग़ाज़ 7 फ़रवरी को संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के ख़िलाफ़ करेगा।

भारतीय दल : सूर्यकुमार यादव(कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज

Comments