साइफ़र्ट, सैंटनर और फ़िलिप्स ने दिलाई न्यूज़ीलैंड को जीत

Play 03:53
करीम: चेन्नई की पिच पर नूर अहमद को न खिलाना बड़ी चूक थी

न्यूज़ीलैंड ने चेन्नई में अपने T20 विश्व कप अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। कप्तान मिचेल सैंटनर की अगुवाई में टिम साइफ़र्ट और ग्लेन फ़िलिप्स की बेहतरीन पारियों से टीम को आसान जीत मिली है। 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड ने 13 गेंद शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया। अफ़ग़ानिस्तान ने केवल 14 के स्कोर पर ही न्यूज़ीलैंड के दो विकेट गिरा दिए थे, लेकिन इसके बाद फ़िलिप्स और साइफ़र्ट के बीच हुई साझेदारी ने पूरा मोमेंटम ही बदल दिया।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अफ़ग़ानिस्तान की शुरुआत काफ़ी धीमी रही थी। रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने बड़े शॉट्स तो लगाए, लेकिन फिर भी उस गति से रन नहीं बना सके जिसके लिए वह जाने जाते हैं। छठे ओवर में लॉकी फ़र्ग्युसन ने उनकी पारी का अंत किया और वह 22 गेंदों में 27 रन बना सके। इसके बाद उसी ओवर की आख़िरी गेंद पर फ़र्ग्युसन ने इब्राहिम ज़दरान को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। 44 के स्कोर पर अफ़ग़ानिस्तान के दोनों ओपनर आउट हो चुके थे। यहां उन्हें एक साझेदारी की जरूरत थी।

गुलबदीन नाईब और सेदिकुल्लाह अटल ने वो साझेदारी बनाई और 51 गेंदों में 79 रन जोड़े। इस दौरान अटल काफ़ी धीमी बल्लेबाज़ी करते दिखे। उन्हें 15वें ओवर में जैकब डफ़ी ने आउट किया। अटल ने 24 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली। पहली 14 गेंदों में केवल 16 रन बनाने वाले नईब ने अपने गियर बदले और केवल 29 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया।

18वें ओवर में जब 35 गेंदों में 63 रनों की पारी खेलने के बाद नईब आउट हुए तब अफ़ग़ानिस्तान का स्कोर 156/4 था। हालांकि, यहां से न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों ने वापसी की और आख़िरी दो ओवरों में केवल 18 रन ही ख़र्च किए। इस तरह अफ़ग़ानिस्तान की टीम 182 रन ही बना सकी। फ़र्ग्युसन ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए तो वहीं सैंटनर ने चार ओवर में केवल 23 रन ख़र्च किए।

Play 01:15
हां या ना: राशिद ख़ान ने साइफ़र्ट का कैच नहीं बल्कि सुपर-8 का टिकट ड्रॉप कर दिया

183 के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की शुरुआत अच्छी रही थी। फ़ज़लहक फ़ारुकी द्वारा डाले गए पहले ओवर में तीन चौके लगाकर टिम साइफ़र्ट ने न्यूज़ीलैंड को बेहतरीन शुरुआत दी थी। हालांकि, अगला ओवर न्यूज़ीलैंड के लिए बेहद कठिन रहा। तीसरी गेंद पर मुज़ीब ने फिन ऐलन को क्लीन बोल्ड किया। ये गेंद गिरने के बाद तेज़ी से स्किड होकर अंदर आई और पुल करने की कोशिश कर रहे ऐलन के विकेट से टकराई।

अगली ही गेंद पर रविंद्र भी चकमा खा गए और उनके स्टंप भी हिल गए। केवल दो रन देकर दो विकेट लेते हुए मुज़ीब ने पारी के दूसरे ओवर में ही न्यूज़ीलैंड को भारी दबाव में ला दिया था। साइफ़र्ट ने ख़ास तौर पर पावरप्ले में अधिक आक्रामकता दिखाई और लगातार अपने हाथ खोले। ग्लेन फ़िलिप्स ने भी उनका अच्छा साथ दिया और दबाव वापस अफ़ग़ानिस्तान पर पड़ना शुरु हो चुका था। दोनों की बदौलत नौ ओवर के बाद न्यूज़ीलैंड का स्कोर 87/2 था।

राशिद ने अपने पहले ओवर में 14 और ओमरजई ने 9वें ओवर में 12 रन खर्च किए। हालांकि, राशिद ने जल्द ही वापसी की और ग्लेन फिलिप्स (25 गेंद पर 42 रन) को आउट करके अपना बदला लिया। साइफ़र्ट को 48 के स्कोर पर राशिद से एक मुश्किल कैच छूटने पर जीवनदान मिला, जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने अपना 14वां T20I अर्धशतक पूरा किया। मोहम्मद नबी को साइफ़र्ट ने लगातार दो छक्के और एक चौका लगाया, लेकिन नबी ने ही आखिरकार उनकी 65 रनों की शानदार पारी का अंत किया।

13वें ओवर में जब साइफ़र्ट आउट हुए तब न्यूज़ीलैंड का स्कोर 124/4 था। यहां से मार्क चैपमैन (17 गेंद, 28 रन) और डैरिल मिचेल (14 गेंद, 25* रन) ने 17 गेंदों में 31 रन जोड़े और न्यूज़ीलैंड को जीत के क़रीब ला दिया। कप्तान सैंटनर ने आठ गेंदों में नाबाद 17 रन बनाते हुए मैच का जल्दी अंत किया।

नीरज पाण्डेय ESPNcricinfo हिंदी में एसोसिएट सब-एडिटर हैं। @Messikafan

Comments