कनाडा और साउथ अफ़्रीका के मुक़ाबले में ब्रेविस और सामरा पर रहेंगी नज़रें

ESPNcricinfo स्टाफ़

Play 04:27
करीम: साउथ अफ़्रीका के पास अहमदाबाद में 300 रन बनाने का मौक़ा होगा

बड़ी तस्वीर - कनाडा के पास उलटफेर करने की क्षमता

T20 विश्व कप 2026 के नौवें मुक़ाबले में सोमवार को साउथ अफ़्रीका अहमदाबाद में कनाडा के ख़िलाफ़ अपने विश्व कप अभियान का आग़ाज़ करेगा।

2024 में साउथ अफ़्रीका विश्व कप जीतने के क़रीब पहुंचा लेकिन फ़ाइनल में उन्हें भारत से हार झेलनी पड़ी। बारबेडोस के फ़ाइनल के बाद साउथ अफ़्रीका के लिए सबसे छोटे प्रारूप में आंकड़े सुखद नहीं रहे हैं, उन्हें 32 में से 20 T20I में हार मिली है। हालांकि इस दौरान वह अपने सर्वश्रेष्ठ एकादश के साथ नहीं खेले हैं।

इन दो संस्करणों के बीच साउथ अफ़्रीका के पास अब हाइनरिक क्लासन भी नहीं हैं जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन उनके लिए अच्छी बात यह है कि उन्हें डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में क्लासन का विकल्प मिला है और क्विंटन डी कॉक वनडे संन्यास से वापसी के बाद अच्छी लय में हैं। साउथ अफ़्रीका का शीर्ष क्रम स्थिर नज़र आ रहा है, उनके शीर्ष क्रम की अगुवाई कप्तान ऐडन मारक्रम और डी कॉक कर रहे हैं। वहीं उनके पास कगिसो रबाडा, अनरिख़ नॉर्ख़िए और मार्को यानसन के रूप में मज़बूत तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण भी है।साउथ अफ़्रीका को अपने चार ग्रुप मुक़ाबलों में से तीन अहमदाबाद में खेलने हैं जो कि एक हाई स्कोरिंग वेन्यू है।

कनाडा अपना दूसरा T20 विश्व कप खेल रहा है। उनके पास दिलप्रीत बाजवा के रूप में नया कप्तान है और पूर्व कप्तान निकोलस किर्टन भी विश्व कप दल में शामिल हैं। कनाडा को इटली और नेपाल के ख़िलाफ़ अपने दोनों मुक़ाबले में हार मिली थी लेकिन उनके पास एक ऐसा दल है जो किसी टीम के सामने चुनौती पेश कर सकता है।

साद बिन ज़फ़र, जसकरण सिंह और नवनीत धालीवाल के रूप में कनाडा के पास पर्याप्त अनुभव है और युवराज सामरा और बाजवा के रूप में उनके पास युवा जोश भी है। विश्व कप के पहले दिन ने यह दर्शाया कि एसोसिएट देशों को हल्के में नहीं लिया जा सकता और कनाडा भी इसी तथ्य को स्थापित करने उतरेगा।

हालिया प्रदर्शन

साउथ अफ़्रीका LWWLL
कनाडा WWWWW

Dewald Brevis SA20 के जादू को T20 World Cup में दोहराने उतरेंगे © Getty Images

डेवाल्ड ब्रेविस और युवराज सामरा पर रहेंगी नज़रें

डेवाल्ड ब्रेविस ने 2022 अंडर-19 विश्व कप के बाद काफ़ी लंबी यात्रा तय कर ली है। IPL अनुबंध हासिल करने के साथ ही जल्द ही उन्होंने राष्ट्रीय टीम में भी जगह बना ली लेकिन उन्होंने अब तक अपनी प्रतिभा के साथ पूरा न्याय नहीं किया है। ब्रेविस अब उसी अंदाज़ में खेलने लगे हैं जैसा वह अपने शुरुआती दिनों में खेला करते थे। SA20 2026 में वह दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे जिसमें फ़ाइनल में एक शतक भी शामिल था। ब्रेविस साउथ अफ़्रीका के मध्य क्रम का अहम हिस्सा हैं और उनके नो लुक छक्कों को देखना मज़ेदार होगा।

19 वर्षीय युवराज सामरा कनाडा के 15 सदस्यीय दल में सबसे युवा खिलाड़ी होंगे। वह अब तक अपने 16 T20I लंबे करियर में 27 छक्के लगा चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 160.72 का है। वहीं पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने 194.57 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। हालांकि सामरा का पूर्ण सदस्य देश के ख़िलाफ़ T20I मुक़ाबला खेलना अभी बाक़ी है।

टीम न्यूज़ - स्टब्स या स्मिथ?

साउथ अफ़्रीका को यह निर्णय लेना है कि वह फ़िनिशर के रूप में ट्रिस्टन स्टब्स और जेसन स्मिथ में से किसे अपने एकादश में जगह देगी। स्मिथ ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ T20I सीरीज़ में तीनों मुक़ाबले खेले थे और तीसरे मैच में उन्होंने 10 गेंदों पर 26 रन बनाए थे। जबकि स्टब्स T20 विश्व कप दल में देर से जुड़े थे क्योंकि डॉनोवन फ़रेरा चोटिल हो गए थे। साउथ अफ़्रीका चार तेज़ गेंदबाज़ों के साथ उतरने का फ़ैसला कर सकती है।

साउथ अफ़्रीका (संभावित): 1 क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 2 ऐडन मारक्रम (कप्तान), 3 रायन रिकल्टन, 4 डेवाल्ड ब्रेविस, 5 5 डेविड मिलर, 6 ट्रिस्टन स्टब्स/जेसन स्मिथ, 7 मार्को यानसन, 8 केशव महाराज, 9 कगिसो रबाडा, 10 अनरिख़ नॉर्खिए, 11 लुंगी एन्गिडी

श्रेयस मोव्वा ने नेपाल के ख़िलाफ़ बेहतरीन प्रदर्शन किया था और हर्ष ठाकेर की जगह उन्हें एकादश में जगह मिल सकता है। सामरा और बाजवा पारी की शुरुआत करेंगे।

कनाडा (संभावित): 1 दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), 2 युवराज सामरा, 3 नवनीत धालीवाल, 4 निकोलस किर्टन, 5 श्रेयस मोव्वा, 6 कंवरपाल तथगुर (विकेटकीपर), 7 जसकरण सिंह, 8 साद बिन ज़फ़र, 9 शिवम शर्मा, 10 डिलन हेलिगर, 11 कलीम सना

Yuvraj Samra ने इटली के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में अपनी 33 रनों की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। © ICC/Getty Images

पिच और परिस्थितियां - रन और सिर्फ़ रन

अहमदाबाद बड़े स्कोर के लिए जाना जाता है। आठ T20I में यहां पहली पारी का औसत स्कोर 189 है जबकि पिछले चार मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 230 है। IPL 2025 में अहमदाबाद में पहली पारी का औसत स्कोर 216 रहा जिसमें 18 में से 11 पारियों में 200 से अधिक का स्कोर बना।

शाम में तापमान 30 डिग्री के आसपास रह सकता है और मैच के आगे बढ़ने के साथ ही मौसम ठंडा हो सकता है। ओस का प्रभाव यहां देखने मिल सकता है।

Comments