चोट के कारण माइकल ब्रेसवेल T20 विश्व कप से बाहर
न्यूज़ीलैंड के 2026 T20 विश्व कप अभियान को एक बड़ा झटका तब लगा, जब उनके ऑलराउंडर माइकल ब्रे़सवेल चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उनकी बाएं पिंडली की चोट फिर से उभर गई और उनके लगभग तीन हफ़्तों तक क्रिकेट से दूर रहने की संभावना है।
उनकी जगह ऑफ़-स्पिन ऑलराउंडर कोल मक्कॉन्ची, तेज़ गेंदबाज़ बेन सियर्स के साथ ट्रैवलिंग रिज़र्व के रूप में टीम से साथ जुड़ेंगे।
ब्रे़सवेल को पिछले महीने भारत के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे के दौरान पिंडली में खिंचाव हुआ था। उन्होंने पहली पारी में नाबाद 28 रन बनाए थे, लेकिन फ़ील्डिंग नहीं की थी। इसके बाद वह पांच मैचों की T20I सीरीज़ से बाहर हो गए थे।
न्यूज़ीलैंड क्रिकेट (NZC) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ब्रे़सवेल ने चोट से उबरने की प्रक्रिया पूरी की थी, लेकिन रविवार को अभ्यास के दौरान उनकी मांसपेशी फिर से चोटिल हो गई।
बयान में कहा गया, "इसके बाद हुए स्कैन में चोट की पुष्टि हुई और उम्मीद है कि उन्हें रिकवरी के लिए लगभग तीन हफ़्तों की ज़रूरत होगी।"
ब्रे़सवेल 2023 वनडे विश्व कप में भी चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। मक्कॉन्ची ने न्यूज़ीलैंड के लिए 12 T20I खेले हैं, जिसमें उन्होंने 7.29 की इकॉनमी से सात विकेट लिए हैं। वह छह वनडे भी खेल चुके हैं। सुपर स्मैश में कैंटरबरी के कप्तान मक्कॉन्ची पिछले महीने टूर्नामेंट में टीम के सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे थे, जहां उन्होंने 7.71 की इकॉनमी से 14 विकेट लिए थे।
न्यूज़ीलैंड के प्रमुख कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, "हम सभी माइकल के लिए दुखी हैं। विश्व कप से बाहर होना बेहद मुश्किल होता है और मुझे पता है कि न्यूज़ीलैंड के लिए खेलना उनके लिए कितना मायने रखता है। माइकल ने ख़ुद को मौक़ा देने के लिए बहुत मेहनत की, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका। हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।"
न्यूज़ीलैंड ने अब तक विश्व कप में अपने दोनों मैच जीत लिए हैं, जिसमें दूसरा मैच उन्होंने UAE के ख़िलाफ़ दस विकेट से एकतरफ़ा जीता था। अब टीम 14 फ़रवरी को साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अपना तीसरा मैच खेलने के लिए अहमदाबाद जाएगी।