शानका, रत्नायके और गेंदबाज़ों ने श्रीलंका को दिलाई विशाल जीत

श्रीलंका 225/5 (मेंडिस 61, रत्नायके 60, शानका 50, रामानंदी 41 पर दो) ने ओमान 120/9 (नदीम 53*, चमीरा 19 पर दो, तीक्षणा 11 पर दो) को 105 रनों से हराया

श्रीलंका ने T20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे मैच में ओमान को 105 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पवन रत्नायके ने केवल 28 गेंदों में 60 रन बनाते हुए श्रीलंका की पारी को मज़बूत आधार दिया था। फिर दसून शानका ने केवल 19 गेंदों में श्रीलंका के लिए सबसे तेज़ T20I अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बनाते हुए पारी को जोरदार अंत दिया। श्रीलंका ने 225 रन बनाए जो इस संस्करण में अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। जवाब में ओमान मोहम्मद नदीम के नाबाद 53 रनों के बावजूद चेज़ में कभी श्रीलंका को चुनौती देती नहीं दिखाई दी।

कमिल मिशारा ने पहले ओवर की आख़िरी दो गेंदों पर लगातार चौके लगाए थे और पहले ओवर में नौ रन बनाकर श्रीलंका ने सकारात्मक शुरुआत की थी। अगले ओवर में ओड़ेद्रा का स्वागत निसंका ने चौके के साथ किया। हालांकि, चौथी ही गेंद पर मिशारा को क्लीन बोल्ड करके ओड़ेद्रा ने शानदार वापसी की। कुसल मेंडिस ने आते ही पहली दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाते हुए ओड़ेद्रा के ओवर को महंगा बना दिया। तीन ओवर के बाद स्कोर 24/1 था। फ़ैसल ने पावरप्ले में तीन ओवर में केवल 11 रन ही दिए थे।

पहली गेंद पर ही चौके से अपनी पारी शुरू करने वाले रत्नायके 28 गेंदों में 60 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। स्कूप खेलने के चक्कर में वह गेंद को मिस कर गए और क्लीन बोल्ड हो गए। हालांकि, आउट होने से पहले उन्होंने मेंडिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में ही 94 रनों की बड़ी और तेज़ साझेदारी कर डाली थी। उन्होंने केवल 24 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया जो उनका सबसे तेज़ और T20 विश्व कप में श्रीलंका के लिए उस समय तक दूसरा सबसे तेज़ पचासा था। 14 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 139/3 था।

रत्नायके के आउट होने के बाद मेंडिस ने भी 39 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया जो इस फ़ॉर्मेट में उनका 19वां पचासा भी था। 15.3 ओवर में ही श्रीलंका 150 के पार जा चुकी थी। शानका ने अपनी पहली सात गेंदों में केवल छह रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने ख़तरनाक तरीक़े से गियर बदले और केवल 19 गेंदों में पचासा पूरा कर लिया। इसका मतलब है कि अगली 12 गेंदों में उन्होंने 44 रन कूट दिए। शानका ने श्रीलंका के लिए सबसे तेज़ T20I पचासे (20 गेंदों में) के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा।

ओमान के ऊपर वैसे ही 226 रनों के बड़े लक्ष्य का दबाव था और पावरप्ले में ही श्रीलंका ने उन्हें मैच से लगभग बाहर कर दिया। पहले ओवर में ही चमीरा ने जतिंदर का ऑफ़ स्टंप उड़ा दिया। दूसरे ओवर में तीक्षणा ने आमिर कलीम को पवेलियन लौटाया। पावरप्ले के आख़िरी ओवर में चमीरा ने हम्माद मिर्जा को भी कैच आउट करा दिया। पहले छह ओवर में ओमान का स्कोर 36/3 हो चुका था।

वसीम अली ने हेमंता का स्वागत छक्के के साथ किया था। फिर हेमंता के दूसरे ओवर में उन्होंने लगातार दो छक्के लगाए। पहले दो ओवर में हेमंता ने 24 रन ख़र्च कर दिए और चार ओवर में 45 रन लुटाने के बाद उन्हें एक विकेट मिला। हालांकि, तीक्षणा ने वसीम की पारी का अंत किया और वह 20 गेंदों में 27 रन बनाकर कैच आउट हुए। उनके और मोहम्मद नदीम के बीच चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों में 42 रनों की साझेदारी हुई। नए बल्लेबाज़ विनायक शुक्ला पहली ही गेंद पर रन आउट हो गए। 12 ओवर के बाद ओमान का स्कोर 79/5 हो चुका था।

नदीम ने 52 गेंदों में अपना तीसरा T20I अर्धशतक लगाया, लेकिन उनकी टीम कभी भी चेज़ में नहीं टिक सकी। वह 56 गेंदों में 53 रन बनाकर नाबाद रहे और ओमान ने पूरे 20 ओवर में 120/9 का स्कोर बनाया।

नीरज पाण्डेय ESPNcricinfo हिंदी में एसोसिएट सब-एडिटर हैं। @Messikafan

Comments