T20I में दूसरी बार होगा कनाडा और UAE का आमना-सामना

ESPNcricinfo स्टाफ़

Alishan Sharafu और नवनीत धालीवाल पर रहेंगी नज़रें © Getty Images

बड़ी तस्वीर: UAE का पलड़ा भारी लेकिन समस्या मौजूद हैं

कनाडा की तुलना में UAE अधिक अनुभवी और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम है लेकिन T20I रैंकिंग में दोनों टीमें आसपास ही हैं। UAE 17वें स्थान पर है जबकि कनाडा 19वें स्थान पर है। पिछले दो विश्व कप के बीच में UAE ने पूर्ण सदस्य टीमों के ख़िलाफ़ कुल 11 मुक़ाबले खेले हैं जबकि कनाडा ने सिर्फ़ एक मुक़ाबला ही खेला है।

हालांकि UAE को एक बड़ा झटका उनके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ मोहम्मद ज़ोहैब के रूप में लगा है जिन्हें वापस घर भेज दिया गया है। इस संबंध में ECB ने "अनुशासनात्मक कारणों" का हवाला दिया है।

UAE को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ चेन्नई में अपने दल के साथ छेड़छाड़ करनी पड़ी और चेन्नई में उन्हें न्यूज़ीलैंड के हाथों 10 विकेट से हार भी मिली। मोहम्मद वसीम और अली शराफ़ु ने अर्धशतक भी डड़े लेकिन गेंदाबज़ों ने 15.2 ओवर में ही 174 रन ख़र्च कर दिए।

कनाडा को भी साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अहमदाबाद में बड़ी हार झेलनी पड़ी। साउथ अफ़्रीका के 213 पर चार के स्कोर के जवाब में कनाडा की टीम 156 रन ही बना पाई और चेज़ के दौरान केवल नवनीत धालीवाल और हर्ष ठाकेर ही 20 से अधिक का स्कोर बना पाए।

T20I में अब तक दोनों टीमों का एक ही बार आमना-सामना हुआ है और 2019 में खेले गए इस मुक़ाबले में UAE ने अबू धाबी में 14 रनों से जीत दर्ज की थी।

हालिया प्रदर्शन

UAE LLLLW (सबसे हालिया पहले)

कनाडा LWWWW

अलीशान शराफ़ु और नवनीत धालीवाल पर रहेंगी नज़रें

अलीशान शराफ़ु ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ मोहम्मद वसीम के साथ दूसरे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी की थी। 23 वर्षीय शराफ़ु ने क्लीन हिट लगाए और वसीम का सहयोग देते हुए उन्होंने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए सहयोगी की भी भूमिका निभाई। T20 विश्व कप से पहले वह फ़ॉर्म में नहीं थे लेकिन चेन्नई में खेली गई उनकी पारी को UAE उनके लय में लौटने के संकेत की तरह ही देख रही होगी।

साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ नवनीत धालीवाल ने कगिसो रबाडा और लुंगी एन्गिडी पर पंच लगाए और फ़ील्ड का बढ़िया इस्तेमाल किया। 49 गेंदों पर खेली गई अपनी 64 रनों की पारी के दौरान उन्होंने एक छक्का और सात चौके लगाए। UAE के ख़िलाफ़ जब कनाडा ने 2019 में अपना पिछला मुक़ाबला खेला था तब धालीवाल ही कनाडा के कप्तान थे।

टीम न्यूज़ और संभावित एकादश

UAE तेज़ गेंदबाज़ी विकल्प के तौर पर मोहम्मद जवादुल्लाह को एकादश में शामिल कर सकती है। उनके पास मोहम्मद फ़ारूक़ का भी विकल्प है, वहीं हैदर शाह ने ज़ोहैब को दल में रिप्लेस किया है।

UAE (संभावित): 1 आर्यांश शर्मा (विकेटकीपर), 2 मोहम्मद वसीम (कप्तान), 3 अलीशान शराफ़ु, 4 हर्षित कौशिक, 5 मयंक कुमार, 6 सोहैब ख़ान, 7 मोहम्मद अरफ़ान, 8 ध्रुव पराशर, 9 हैदर अली, 10 जुनैद सिद्दिक़ी, 11 मोहम्मद रोहिद

कनाडा साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ एकादश को ही मैदान में उतार सकती है।

कनाडा (संभावित): 1 दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), 2 युवराज सामरा, 3 नवनीत धालीवाल, 4 निकोलस किर्टन, 5 श्रेयस मोव्वा (विकेटकीपर), 6 हर्ष ठाकेर, 7 साद बिन ज़फ़र, 8 जसकरण सिंह, 9 डिलन हेलिगर, 10 कलीम सना, 11 अंश पटेल

पिच और परिस्थितियां

शुक्रवार को दिल्ली में तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, उमस कम रहेगी। नीदरलैंड्स ने नामीबिया के ख़िालफ़ 156 का टोटल चेज़ किया था और भारत ने गुरुवार को शाम के मुक़ाबले में नामीबिया के ख़िलाफ़ बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस वेन्यू पर UAE-कनाडा का मुक़ाबला पहला डे-नाईट मुक़ाबला होगा क्योंकि यह दोपहर तीन बजे शुरू होगा।

Comments