एक दूसरे की ताकत आज़माने उतरेंगे साउथ अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड

ESPNcricinfo स्टाफ़

Play 05:57
चोपड़ा: NZ के दोनों विस्फोटक ओपनर और एन्गिडी के बीच दिलचस्प मुक़ाबला होगा

बड़ी तस्वीर

बुधवार को अहमदाबाद में अफ़ग़ानिस्तान और साउथ अफ़्रीका के बीच एक क़रीबी मुक़ाबला खेला गया। शनिवार को अहमदाबाद में ही साउथ अफ़्रीका अब न्यूज़ीलैंड से भिड़ेगी।

लेकिन अभी तक की स्थिति के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान की लगातार दो हार के बाद न्यूज़ीलैंड और साउथ अफ़्रीका के लिए ग्रुप डी से सुपर-8 का रास्ता लगभग साफ़ हो गया है। हालांकि इसके बावजूद साउथ अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड जैसी दो बड़ी टीमें जब आमने-सामने होती हैं तो मुक़ाबला रोचक हो ही जाता है।

हालिया प्रदर्शन

न्यूज़ीलैंड WWLWL (पिछले पांच मुक़ाबले)

साउथ अफ़्रीका WWLWW

रबाडा और रविंद्र पर रहेंगी नज़रें

कगिसो रबाडा साउथ अफ़्रीका के महान गेंदबाज़ों में से एक हैं लेकिन पिछले कुछ समय से T20I में उनका फ़ॉर्म अच्छा नहीं चल रहा है। 2025 की शुरुआत के बाद से उनकी गेंदबाज़ी औसत 34.55 की है और उन्होंने इस दौरान 9.82 की इकॉनमी से रन ख़र्च किए हैं। हालांकि उन्होंने इस दौरान केवल नौ मुक़ाबले ही खेले हैं और इसके लिए ज़िम्मेदार उनकी चोट और कार्यभार प्रबंधन है। अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 20वें ओवर में वह दो बार ओवरस्टेप कर गए लेकिन इसके बावजूद उनकी जगह ख़तरे में नहीं है और शनिवार को एक बार फिर साउथ अफ़्रीका को उनसे उम्मीदें होंगी।

रचिन रविंद्र T20I में अब तक वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जैसी उनसे उम्मीद की जाती है। उन्होंने 40 पारियों में 135.19 के स्ट्राइक रेट और 19.09 की औसत से रन बनाए हैं और इस दौरान उनके बल्ले से मात्र तीन अर्धशतक लगे हैं। हालांकि केशव महाराज के रूप में बाएं हाथ के स्पिन के विकल्प को देखते हुए न्यूज़ीलैंड को उनसे काफ़ी उम्मीदें होंगी।

टीम न्यूज़ और संभावित एकादश

न्यूज़ीलैंड अफ़ग़ानिस्तान और UAE के ख़िलाफ़ एक ही एकादश के साथ मैदान पर उतरी थी और इस मुक़ाबले में भी उनके एकादश में बदलाव की संभावना कम ही है। हालांकि अगर उपयोग की गई पिच पर मुक़ाबला खेला जाता है तो यह उन्हें अतिरिक्त स्पिनर के रूप में ईश सोढ़ी को एकादश में शामिल करने के लिए प्रेरित कर सकती है।

न्यूज़ीलैंड (संभावित): 1 टिम साइफ़र्ट (विकेटकीपर), 2 फ़िन ऐलेन, 3 रचिन रविंद्र, 4 ग्लेन फ़िलिप्स, 5 डेरिल मिचेल, 6 मार्क चैपमैन, 7 मिचेल सैंटनर, 8 जेम्स नीशम, 9 मैट हेनरी, 10 लॉकी फ़र्ग्युसन, 11 जेकब डफ़ी

साउथ अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ कॉर्बिन बॉश की जगह स्पिनर जॉर्ज लिंडे को मौक़ा दिया था। न्यूज़ीलैंड की बल्लेबाज़ी लाइन अप में बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों की भरमार को देखते हुए साउथ अफ़्रीका को बॉश को दोबारा एकादश में शामिल करने का विचार कर सकती है।

साउथ अफ़्रीका (एकादश): 1 ऐडन मारक्रम (कप्तान), 2 क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 3 रयान रिकलटन, 4 डेवाल्ड ब्रेविस, 5 डेविड मिलर, 6 ट्रिस्टन स्टब्स, 7 मार्को यानसन, 8 कॉर्बिन बॉश/जॉर्ज लिंडे, 9 कगिसो रबाडा, 10 केशव महाराज, 11 लुंगी एन्गिडी

पिच और परिस्थितियां

साउथ अफ़्रीका-अफ़ग़ानिस्तान के मुक़ाबले की तरह ही इस बार भी लाल मिट्टी वाली पिच का ही उपयोग किया जाएगा। यह एक आदर्श T20 पिच थी, सपाट थी लेकिन पिच से तेज़ गेंदबाज़ और स्पिनर मदद भी ले सकते थे। शनिवार को भी कुछ ऐसा ही होने की उम्मीद है। हालांकि शाम का मुक़ाबला होने के चलते इसमें टॉस काफ़ी महत्वपूर्ण हो जाएगा। मौसम साफ़ रहने की उम्मीद है।

Comments