आर्यांश, सोहैब और सिद्दीकी ने UAE को दिलाई T20 विश्व कप 2026 की पहली जीत
UAE 154/5 (आर्यांश 74, सोहैब 51, जफ़र 3-14) ने कनाडा 150/7 (ठाकेर 50, धालीवाल 34, सिद्दीकी 5-35) को पांच विकेट से हराया हराया
जुनैद सिद्दीकी के पांच विकेट और आर्यांश शर्मा व सोहैब ख़ान के अर्धशतकों की मदद से UAE ने कनाडा को पांच विकेट से हराकर T20 विश्व कप 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की।
151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम अपने चार विकेट 12.3 ओवरों में 66 रनों पर गंवा चुकी थी। उन्हें अंतिम 45 गेंदों में 10 से ऊपर के रन रेट से 85 रन बनाने थे। सलामी बल्लेबाज़ आर्यांश तो टिके थे, लेकिन उन्हें एक जोड़ीदार की ज़रूरत थी।
सोहैब ख़ान के रूप में उन्हें वह जोड़ीदार मिला और दोनों ने सिर्फ़ 43 गेंदों में 84 रनों की साझेदारी कर UAE को जीत दिला दी। सोहैब ख़ासा तौर पर अधिक आक्रामक दिखे और उन्होंने सिर्फ़ 29 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रनों की पारी खेली।
वहीं आर्यांश ने शुरुआत में संयम दिखाया। जब सामने से विकेट गिर रहे थे, तो उन्हें यह सजगता भी दिखानी थी। हालांकि सोहैब के आने के बाद उन्होंने भी हाथ खोले और 53 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 74 रनों की पारी खेल अपनी टीम को जीत दिला दी।
कनाडा की तरफ़ से बाएं हाथ के स्पिनर साद बिन जफ़र ने पावरप्ले के बाद UAE के बल्लेबाज़ों को बांधने का काम किया। उन्होंने अपने चार ओवरों के स्पेल में सिर्फ़ 14 रन दिए और तीन विकेट हासिल किए।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी कनाडाई टीम को UAE के सीनियर तेज़ गेंदबाज़ सिद्दीकी ने पांच झटके देकर सात विकेट पर 150 रन के साधारण स्कोर तक सीमित कर दिया।
कनाडा की शुरुआत खराब रही, जब सिद्दीकी और मुहम्मद जवादुल्लाह ने पहले चार ओवरों के भीतर ही कनाडा के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया।सिद्दीकी ने शानदार शुरुआती स्पेल डालते हुए लय हासिल की और पहले दो विकेट लिए। और फिर डेथ आते में हुए उन्होंने तीन और शिकार किए।
उन्होंने ऑफ़ स्टंप के आस-पास फ़ुल लेंथ गेंद डालकर कनाडा के सलामी बल्लेबाज़ और कप्तान दिलप्रीत बाजवा को हवा में शॉट खेलने के लिए उकसाया। कनाडाई कप्तान ने शॉट टाइम करने में ग़लती की और आसान कैच थमा बैठे।
इसके बाद सिद्दीकी ने पांचवें स्टंप की लाइन पकड़ी और गेंद को बाहर की ओर एंगल कराया। दूसरे सलामी बल्लेबाज़ युवराज सामरा ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद मिड-ऑन पर आलीशन शराफ़ू के हाथों में चली गई।
जवादुल्लाह ने भी अपनी पहली ही गेंद पर असर दिखाया। उन्होंने ख़तरनाक निकोलस किरटॉ को बाहरी किनारा हासिल कर विकेटकीपर के हाथों कैच कराया। छह ओवर के भीतर कनाडा के शीर्ष तीन बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके थे।
हर्ष ठाकेर ने 41 गेंदों पर 50 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाकर थोड़ी देर के लिए दबाव कम किया और नवनीत धालीवाल (34) के साथ मिलकर टीम को संभाला।
ठाकेर ने धालीवाल (34) के साथ 58 रन और श्रेयस मोव्वा (21) के साथ 33 रन जोड़े। हालांकि, 18वें ओवर में सिद्दीकी ने वापसी करते हुए ठाकेर को आउट कर दिया। अगले ही ओवर में उन्होंने धीमी बाउंसर पर मोव्वा को भी पवेलियन भेज दिया और फिर साद बिन ज़फ़र को आउट कर कनाडा की आख़िरी कोशिशों पर भी ब्रेक लगा दिया।