कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मैच हो सकता है बारिश से प्रभावित

ESPNcricinfo स्टाफ़

कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम रविवार को भारत और पाकिस्तान की मेज़बानी करेगा © ICC/Getty Images

T20 विश्व कप में भारत बनाम पाकिस्तान मुक़ाबले के होने या न होने को लेकर चल रही चर्चा से दो दिन पहले, कोलंबो में मौसम ज़्यादातर साफ़ रहा है। लेकिन श्रीलंका मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की चेतावनी दी है, जो संकेत देता है कि रविवार शाम होने वाले विश्व कप के इस बड़े मैच में बारिश का ख़तरा काफ़ी ज़्यादा है और इससे खेल बाधित हो सकता है।

कोलंबो के खेत्तरामा इलाक़े में रविवार का मौसम पूर्वानुमान बताता है कि दिन की शुरुआत गर्म और उमस भरी रहेगी, जबकि तापमान लगभग 30° से 31°C तक पहुंच सकता है। हालांकि, दोपहर के दौरान अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बारिश की संभावना है, जिसमें 50-70% तक बारिश के आसार हैं। ग़ौरतलब है कि खेत्तरामा में ही आर प्रेमदासा स्टेडियम स्थित है।

मैच स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होना है और कुछ मौसम मॉडल यह संकेत देते हैं कि तय समय से पहले के घंटों में तेज़ गरज के साथ बारिश हो सकती है। इससे टॉस में देरी या मैच को छोटा करना पड़ सकता है। हालांकि बादल बने रहने की उम्मीद है। कुछ पूर्वानुमान 8 बजे के बाद मौसम के साफ़ रहने की ओर इशारा करते हैं, लेकिन रात भर कहीं-कहीं बारिश की संभावना बनी रह सकती है।

हालांकि, प्रेमदासा में उन्नत ड्रेनेज सिस्टम और विशेष ग्राउंड स्टाफ़ प्रोटोकॉल मौजूद हैं, जिन्हें कोलंबो की भारी बारिश से निपटने के लिए तैयार किया गया है। कई अंतरराष्ट्रीय मैदानों के विपरीत प्रेमदासा में पूरे मैदान को ढकने के लिए पर्याप्त कवर मौजूद हैं। इससे आउटफ़ील्ड में पानी भरने की स्थिति ही नहीं बनती।

स्टाफ़ एक कवर से दूसरे कवर की ओर पानी को हाथ से धकेलते हैं, जब तक वह मैदान की सीमा पर बने ड्रेन तक नहीं पहुंच जाता। यह तरीका अक्सर मैकेनिकल सुपर सॉपर के इस्तेमाल से तेज़ और ज़्यादा असरदार साबित होता है। सामान्य परिस्थितियों में, भारी बारिश रुकने के 45 से 60 मिनट के भीतर मैदान आम तौर पर खेल के लिए तैयार हो जाता है।

मैच से एक दिन पहले शनिवार को भी कुछ बारिश की संभावना है, जिससे भारत का तय अभ्यास सत्र बाधित हो सकता है। कोलंबो में मौसम अभी तक काफ़ी सूखा रहा है, जिससे इस समय बारिश होना कुछ हद तक बेमौसम माना जाएगा। अब तक श्रीलंका में इस T20 विश्व कप के किसी भी मैच पर ख़राब मौसम का असर नहीं पड़ा है। हालांकि कुछ मौक़ों पर स्थिति काफ़ी क़रीब रही। जैसे श्रीलंका और ओमान के बीच मैच में बारिश की भविष्यवाणी की गई थी, लेकिन बारिश मैच ख़त्म होने के कई घंटों बाद हुई।

अगर कोलंबो में बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा क्योंकि ग्रुप चरण के मैचों के लिए कोई रिज़र्व डे नहीं है।

Comments