क्या कोलंबो में तीन स्पिनरों के साथ उतरेगा भारत?
T20 विश्व कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अपने पहले दोनों ग्रुप मुक़ाबले जीत कर आ रही हैं। इस मुक़ाबले से संबंधित टीम न्यूज़, पिच रिपोर्ट और संभावित एकादश पर नज़र डालते हैं।
टीम न्यूज़ और संभावित एकादश
अभिषेक शर्मा मुक़ाबले के लिए रिकवर कर चुके हैं और वह संजू सैमसन की जगह पर एकादश में शामिल हो सकते हैं। भारत एक अतिरिक्त स्पिनर के साथ मैदान में उतर सकता है, इसका मतलब है कि वॉशिंगटन सुंदर या कुलदीप यादव में से कोई एक अर्शदीप सिंह की जगह एकादश में शामिल हो सकता है।
भारत: (संभावित) 1 इशान किशन (विकेटकीपर), 2 अभिषेक शर्मा, 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 शिवम दुबे, 6 रिंकू सिंह, 7 हार्दिक पंड्या, 8 अक्षर पटेल, 9 कुलदीप यादव, 10 वरुण चक्रवर्ती, 11 मोहम्मद सिराज
पाकिस्तान ने मध्य क्रम में अब तक बाबर आज़म पर भरोसा जताया है और USA के ख़िलाफ़ उन्होंने अच्छा प्रदर्शन भी किया था। ऐसी संभावना है कि उस्मान ख़ान के विकल्प के तौर पर फ़ख़र ज़मान को एकादश में शामिल किया जाए, जिसके परिणामस्वरूप साहिबज़ादा फ़रहान विकेटकीपर की भूमिका अदा कर सकते हैं।
पाकिस्तान: (संभावित) 1 साहिबज़ादा फ़रहान (विकेटकीपर), 2 सईम अयूब, 3 सलमान अली आग़ा (कप्तान), 4 बाबर आज़म, 5 शादाब ख़ान, 6 उस्मान ख़ान/फ़ख़र ज़मान, 7 मोहम्मद नवाज़, 8 फ़हीम अशरफ़, 9 शाहीन शाह अफ़रीदी, 10 उस्मान तारिक़, 11 अबरार अहमद
पिच और परिस्थितियां
इस मुक़ाबले के लिए फ़्रेश पिच का उपयोग किया जाएगा। शनिवार तक पिच में घास मौजूद थी। लेकिन बड़ा सवाल बारिश को लेकर है कि क्या वह मुक़ाबले में खलल डालेगी? बीते दिन दोपहर में बारिश हुई थी और मैदान में कवर्स लाने की ज़रूरत पड़ी थी। मुक़ाबले की शाम बारिश होने के आसार हैं।
आप इस मुक़ाबले का मुख्य प्रीव्यू यहां पढ़ सकते हैं।