मारक्रम, यानसन की बदौलत साउथ अफ़्रीका की लगातार तीसरी जीत
साउथ अफ़्रीका 178 पर 3 (मारक्रम 86*, मिलर 24* और रविंद्र 1-9) ने न्यूज़ीलैंड 175 पर 7 (चैपमैन 48, मिचेल 32, ऐलन 31 और यानसन 4-40) को सात विकेट से हराया
साउथ अफ़्रीका ने T20 विश्व कप में न्यूज़ीलैंड को लगातार पांचवीं हार थमाई है। साउथ अफ़्रीका की इस जीत में मार्को यानसन और ऐडन मारक्रम ने अहम भूमिका निभाई। यानसन ने चार विकेट निकाले तो वहीं मारक्रम ने 86 रनों की नाबाद पारी खेली।
साउथ अफ़्रीका ने टॉस जीतकर न्यूज़ीलैंड को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था और टिम साइफ़र्ट और फ़िन ऐलन ने न्यूज़ीलैंड को आक्रामक शुरुआत भी दिलाई थी। लेकिन यानसन ने आक्रामक शुरुआत के बीच पावरप्ले में न्यूज़ीलैंड को तिहरे झटके दिए और पावरप्ले के बाद केशव महाराज ने ग्लेन फ़िलिप्स को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
न्यूज़ीलैंड ने महज़ 64 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन यहां से डैरिल मिचेल और मार्क चैपमैन के बीच साझेदारी पनप गई और दोनों बल्लेबाज़ न्यूज़ीलैंड के स्कोर को 138 तक ले गए। ऐसा लगने लगा जैसे न्यूज़ीलैंड 200 का स्कोर भी बना सकती है लेकिन तभी चैपमैन यानसन का शिकार बन गए और अर्धशतक से चूक गए। यह T20I में यानसन का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी आंकड़ा भी है क्योंकि उन्होंने पहली बार इस प्रारूप में चार विकेट हासिल किए।
इसके अगले ही ओवर में लुंगी एन्गिडी ने भी मिचेल का शिकार कर लिया और अगले ओवर में जॉर्ज लिंडे की जगह खेल रहे कॉर्बिन बॉश ने कप्तान मिचेल सैंटनर को रवाना कर दिया। लगातार तीन ओवर में तीन झटकों ने न्यूज़ीलैंड की पारी को धक्का दे दिया और 20 ओवर की समाप्ति तक न्यूज़ीलैंड की टीम स्कोरबोर्ड पर 175 रन ही जोड़ पाई।
साउथ अफ़्रीका के सामने लक्ष्य बड़ा नहीं था और अंडर लाइट्स पिच बल्लेबाज़ी के लिए अनुकूल भी हो गई थी। साउथ अफ़्रीका की सलामी जोड़ी ने आते ही धावा बोल दिया और मारक्रम और क्विंटन डी कॉक की जोड़ी ने तीन ओवर में ही अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। मारक्रम ने विशेषकर साउथ अफ़्रीका की रन गति को धीमा नहीं पड़ने दिया और मात्र 19 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जो कि T20 विश्व कप में साउथ अफ़्रीका की ओर से सबसे तेज़ अर्धशतक भी है।
न्यूज़ीलैंड मुक़ाबले में कभी वापस नहीं आ पाया और अंत में साउथ अफ़्रीका ने सात विकेट और 17 गेंद शेष रहते यह मुक़ाबला जीत लिया। यह इस विश्व कप में साउथ अफ़्रीका की लगातार तीसरी जीत है।