आत्मविश्वास से भरा भारत देगा मोलिन्यू को कठिन शुरुआत

ESPNcricinfo स्टाफ़

Sophie Molineux और Harmanpreet Kaur सीरीज़ ट्रॉफ़ी के साथ © Getty Images

बड़ी तस्वीर: मोलिन्यू युग, पहला अध्याय

क़रीब एक दशक में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की ट्रॉफ़ी कैबिनेट में कोई ग्लोबल ख़िताब नहीं है। खेल की एक दिग्गज खिलाड़ी एक फ़ॉर्मेट से संन्यास ले चुकी हैं, जबकि बाक़ी दो फ़ॉर्मेट्स से भी उनका विदा लेना अब दूर नहीं। साथ ही, टीम की कमान अब एक नए कप्तान के हाथों में है। हालांकि स्क्वॉड में कई चेहरे जाने-पहचाने हैं, लेकिन इसके बावजूद एक नई शुरुआत का एहसास साफ़ तौर पर महसूस किया जा सकता है।

और इस नई शुरुआत के लिए इससे ज़्यादा मुश्किल इम्तिहान शायद हो भी नहीं सकता था: भारत के ख़िलाफ़ मल्टी-फ़ॉर्मेट सीरीज़, जो मौजूदा वनडे विश्व कप चैंपियन है और जिसने कुछ महीने पहले ही ऑस्ट्रेलिया को हराकर वह बहुप्रतीक्षित ट्रॉफ़ी अपने नाम की थी, जिसे लंबे समय से गेम-चेंजर माना जा रहा था।

इस सीरीज़ की शुरुआत T20I मैचों से होगी, जिसमें सोफ़ी मोलिन्यू ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी संभालेंगी। इसके बाद तीन वनडे और पर्थ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा और यही दो फ़ॉर्मेट्स अलिसा हीली के शानदार करियर का स्वानसॉन्ग भी होंगे। इस बार पॉइंट्स सिस्टम लागू रहेगा जो 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे के दौरान नहीं था जहां व्हाइट-बॉल मैचों में जीत के लिए दो अंक और टेस्ट जीत के लिए चार अंक (ड्रॉ पर दो अंक) मिलेंगे।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "विश्व कप एक अलग फ़ॉर्मेट था और T20 बिल्कुल अलग फ़ॉर्मेट है। विश्व चैंपियन होना आपको कॉन्फ़िडेंस ज़रूर देता है, लेकिन हर बार मैदान पर उतरते समय आपको बॉल वन से शुरुआत करना होता है। T20 ऐसा फ़ॉर्मेट है, जिसे टीम के तौर पर हम सब खेलना बहुत एंजॉय करते हैं, और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेलना हमेशा मज़ेदार होता है।"

आने वाले कुछ सालों में ग्लोबल टूर्नामेंट्स के शेड्यूल को देखते हुए T20 पर ख़ासा फ़ोकस रहने वाला है। जून 2026 में T20 विश्व कप है, 2027 में नया चैंपियंस ट्रॉफ़ी टूर्नामेंट होगा, 2028 में लॉस एंजेलिस ओलंपिक और उसके बाद एक और T20 विश्व कप। हीली के संन्यास के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा टीम से कितनी खिलाड़ी इस पूरे चक्र तक बनी रह पाती हैं।

भारत के लिए बल्लेबाज़ भारती फ़ुलमाली की 2019 के बाद पहली बार स्क्वॉड में वापसी हुई है, जिनके खेल का ख़ास पहलू उनकी स्ट्राइक रेट है। ऑफ़-स्पिनर श्रेयांका पाटिल भी 2024 T20 विश्व कप के बाद पहली बार टीम में लौटी हैं।

T20 फ़ॉर्मेट में हालिया अनुभव के लिहाज़ से भारत को बढ़त हासिल है। उन्होंने दिसंबर के आख़िर में श्रीलंका के ख़िलाफ़ पांच मैचों की सीरीज़ खेली और सभी जीते। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पिछले 12 महीनों में सिर्फ़ तीन मैच खेले हैं, वो भी मार्च में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़।

फ़ॉर्म गाइड ऑस्ट्रेलिया: W W W W W (पिछले पांच पूरे हुए मैच, सबसे हालिया पहले) भारत: W W W W W

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

ज़्यादातर लोगों की लिस्ट में उनका नाम सबसे ऊपर नहीं था, लेकिन सोफ़ी मोलिन्यू अब ऑस्ट्रेलिया को उसके अगले दौर में लीड करेंगी। इस हैरानी की वजह उनके खिलाड़ी के तौर पर क़द पर सवाल नहीं था।लिमिटेड ओवर्स की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके गेंदबाज़ी आंकड़े शानदार रहे हैं। चोटों के चलते वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रही हैं। कप्तान बनाए जाने के साथ ही यह भी माना गया कि ज़रूरत पड़ने पर उन्हें आराम दिया जा सकता है। एक स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर होने के नाते चयन को लेकर कुछ दिलचस्प फ़ैसले भी सामने आ सकते हैं। हालांकि फ़िट रहने पर उन्हें अक्सर फ़र्स्ट-पिक माना गया है। वह बैटिंग के लिए कौन सा नंबर चुनती हैं, यह भी देखने लायक होगा।

स्मृति मांधना एक शानदार WPL सीज़न के बाद इस सीरीज़ में उतर रही हैं, जहां वह सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ रहीं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को ख़िताब दिलाने में कप्तानी भूमिका निभाई। फ़ाइनल में जॉर्जिया वॉल के साथ 165 रनों की साझेदारी इस सीज़न का हाइलाइट रही, जहां फ़्लू से जूझते हुए उन्होंने 41 गेंदों पर 87 रन ठोके। ऑस्ट्रेलिया में उनका T20I रिकॉर्ड भी मज़बूत है। 400 रन, 28.57 की औसत और 122.69 की स्ट्राइक रेट। हालांकि भारत ने यहां यह फ़ॉर्मेट 2021 के बाद नहीं खेला है। पिछले T20 विश्व कप के बाद से मांधना ने T20I में 44.50 की औसत और 143.54 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उन्होंने सीरीज़ की तैयारी गवर्नर जनरल्स इलेवन के ख़िलाफ़ 29 गेंदों पर 36 रन बनाकर की।

टीम न्यूज़: निकोला कैरी की वापसी की गुंजाइश?

मोलिन्यू ने कहा कि टीम का बैलेंस अभी भी विचाराधीन है। इससे निकोला कैरी की वापसी का रास्ता खुल सकता है। मोलिन्यू ख़ुद मार्च में खेले गए ऑस्ट्रेलिया के पिछले T20I साइड की तुलना में अलाना किंग की जगह लेती दिख रही हैं। पेस बॉलर्स में आख़िरी फ़ैसला डार्सी ब्राउन और किम गार्थ के बीच हो सकता है।

ऑस्ट्रेलिया (संभावित):1 जॉर्जिया वॉल, 2 बेथ मूनी (विकेटकीपर), 3 फ़ीबी लिचफ़ील्ड, 4 एलिस पेरी, 5 एनाबेल सदरलैंड, 6 तालिया मैक्ग्राथ, 7 निकोला कैरी, 8 सोफ़ी मोलिन्यू (कप्तान), 9 जॉर्जिया वेयरहम, 10 डार्सी ब्राउन, 11 मेगन शूट

भारत को अपने स्पिन अटैक के संयोजन पर फ़ैसला करना होगा। वार्म-अप मैच में 24 रन देकर दो विकेट लेने वाली ऑफ़-स्पिनर पाटिल 2024 के बाद अपना पहला T20I खेल सकती हैं।

भारत (संभावित):1 स्मृति मांधना, 2 शेफ़ाली वर्मा, 3 जेमिमाह रॉड्रिग्स, 4 हरमनप्रीत कौर (कप्तान), 5 ऋचा घोष (विकेटकीपर), 6 दीप्ति शर्मा, 7 अरुंधति रेड्डी, 8 श्रेयांका पाटिल, 9 क्रांति गौड़, 10 एन. श्री चरणी / वैष्णवी शर्मा, 11 रेणुका सिंह

पिच और हालात: मौसम पर नज़र

SCG में खेले गए चारों T20I मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं। इनमें से तीन में उन्होंने पहले बल्लेबाज़ी की और स्कोर 134, 136 और 198 बनाए। इसमें आख़िरी स्कोर पिछले सीज़न इंग्लैंड के ख़िलाफ़ आया था। क्या हम सिडनी में बारिश का ज़िक्र न करें? अफ़सोस, रविवार को बारिश की संभावना जताई गई है।

Comments