होप, होल्डर और हेटमायर की बदौलत सुपर 8 में पहुंची वेस्टइंडीज़
वेस्टइंडीज़ ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए T20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। नेपाल के ख़िलाफ़ मुंबई में खेले गए मैच में उन्होंने 28 गेंद और नौ विकेट शेष रहते जीत दर्ज की है। जेसन होल्डर ने चार विकेट लेते हुए नेपाल को 133 के स्कोर पर ही रोक दिया था। इसके बाद शे होप ने नाबाद 61 रनों की पारी खेलते हुए वेस्टइंडीज़ को आसान और बड़ी जीत दिलाई।
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी नेपाल ने पहले ओवर में ही ओपनर कुशल भुर्तेल का विकेट गंवा दिया था। अकील हुसैन और भुर्तेल का इस मैच पहले तीन T20I पारियों में आमना-सामना हुआ था और हर बार हुसैन ने भुर्तेल को आउट किया था। यही सोचकर गेंदबाज़ी की शुरुआत हुसैन से ही कराई गई और पांचवीं गेंद पर उन्होंने भुर्तेल को क्लीन बोल्ड करते हुए निर्णय को सही साबित किया।
रोमारियो शेफ़र्ड की जगह खेल रहे मैथ्यू फोर्ड ने पावरप्ले में एक विकेट मेडन ओवर डाला। तीन ओवर में उन्होंने केवल आठ रन ख़र्च किए जो पावरप्ले के हिसाब से बेहद शानदार रहा। जेसन होल्डर को भी उनकी पहली ही गेंद पर विकेट मिला और नेपाल ने अपने तीन विकेट 17 रन पर ही गंवा दिए थे। पहले छह ओवर में नेपाल ने केवल 22 रन बनाए जो इस विश्व कप में किसी टीम द्वारा पावरप्ले में बनाया गया सबसे कम स्कोर है। इस बीच फोर्ड ने अपना कोटा समाप्त किया और चार ओवर में केवल 10 रन दिए।
चार विकेट केवल 23 के स्कोर पर गिर जाने के बाद लोकेश बाम और दीपेंद्र ऐरी ने पांचवें विकेट के लिए 25 गेंदों में 23 रन जोड़े। इस साझेदारी ने थोड़ी उम्मीद जगानी शुरू कर दी थी, लेकिन 11वें ओवर की चौथी गेंद पर शमार जोसेफ़ ने बाम को कैच आउट करा दिया। इस समय ऐरी 21 गेंदों में केवल 12 रन बनाकर खेल रहे थे। 13 ओवर के नेपाल का स्कोर 59/5 था। इसके बाद ऐसी ने गियर बदले और तेज़ी से रन जुटाना शुरू किया।
सोमपाल कामी ने होल्डर द्वारा फेंके गए 18वें ओवर में एक के बाद तीन चौके लगाए। 16 से 18 ओवर के बीच नेपाल को 35 रन मिले। ऐरी ने छक्के के साथ 44 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। जोसेफ़ द्वारा फेंके गए इस 19वें ओवर में ऐरी ने दो छक्के लगाए। ओवर से कुल 18 रन आए और यह पारी का सबसे महंगा ओवर भी बना। होल्डर ने आख़िरी ओवर में केवल सात रन ख़र्च किए और पारी का शानदार अंत किया। कामी 15 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहे।
ऐरी ने 47 गेंदों में 58 रन बनाए और उनकी पारी में तीन चौके एवं तीन छक्के शामिल थे। कामी और उनके बीच सातवें विकेट के लिए 26 गेंदों में ही 54 रनों की साझेदारी हो गई। इस साझेदारी ने नेपाल की वापसी कराई और उन्हें सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
वेस्टइंडीज़ ने 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की लेकिन पावरप्ले के आख़िरी ओवर में 43 के स्कोर पर उन्होंने ब्रैंडन किंग का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद शे होप और शिमरन हेटमायर के बीच एक अच्छी साझेदारी पनपी जो अविजित रही। 10 ओवर के बाद वेस्टइंडीज़ ने एक विकेट के नुक़सान पर 79 रन था। होप रनों के लिए तरस रहे थे और उन्होंने इस मैच में जमकर बल्लेबाज़ी की।
उनके और हेटमायर के बीच 59 गेंदों में 91 रनों की अविजित साझेदारी हुई। होप 44 गेंदों में 61 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए। दूसरी ओर हेटमायर ने 32 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाए।
नीरज पाण्डेय ESPNcricinfo हिंदी में एसोसिएट सब-एडिटर हैं। @Messikafan