T20 क्रिकेट में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज़ बने राशिद
अफगानिस्तान के कप्तान राशिद ख़ान T20 क्रिकेट में 700 विकेट का आंकड़ा छूने वाले पहले गेंदबाज़ बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि सोमवार को दिल्ली में UAE के ख़िलाफ़ T20 विश्व कप मैच में मोहम्मद अरफ़ान को आउट करके हासिल की। मैच से पहले राशिद के नाम 699 विकेट थे। उन्होंने UAE की पारी के 16वें ओवर में अरफ़ान को हिट विकेट कराकर अपना ऐतिहासिक 700वां विकेट लिया, जो इस मैच में उनका आख़िरी ओवर भी था।
अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान को इस मील के पत्थर तक पहुंचने के लिए थोड़ा इंतज़ार करना पड़ा। पिछले सप्ताह साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ उन्होंने 698वां और 699वां विकेट लिया था, लेकिन इस मैच में शुरुआती 3.2 ओवर उनके बिना सफलता के गए। उन्होंने पहले 20 गेंदों में 17 रन दिए। फिर अरफ़ान रिवर्स स्वीप खेलने के लिए घूमे, लेकिन शॉट को मिस किया और फिर बैलेंस होने के चक्कर में स्टंप को टच कर बैठे। हालांकि राशिद ने इस उपलब्धि पर ज्यादा जश्न नहीं मनाया।
वैसे भी राशिद काफ़ी समय से विकेट लेने वालों की सूची में सबसे आगे रहे हैं। रिटायर हो चुके ड्वेन ब्रावो 631 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सक्रिय खिलाड़ियों में सुनील नरेन 613 विकेट के साथ राशिद से पीछे और ब्रावो के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
राशिद T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं और उनके नाम 191 T20I विकेट हो चुके हैं। इस सूची में उनके बाद न्यूज़ीलैंड के टिम साउदी (164 विकेट) और ईश सोढ़ी (162 विकेट) का नाम आता है।
T20 विश्व कप से पहले और उसके दौरान मीडिया से बातचीत में 700 विकेट का आंकड़ा चर्चा का विषय रहा। पिछले मंगलवार साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मैच से पहले उन्होंने कहा था, "700 विकेट की जो भी उपलब्धि है, वह चलती रहेगी। मैंने ऐसा कोई लक्ष्य नहीं रखा कि 700 विकेट लेकर रुक जाऊंगा। जब मैं विश्व कप में राष्ट्रीय टीम के लिए खेलता हूं, तो 100% प्रयास करता हूं और जब टीम को जरूरत होती है, तो विकेट लेता हूं।"