T20 विश्व कप: ऑस्ट्रेलियाई टीम में स्मिथ ने ली हेज़लवुड की जगह
स्टीव स्मिथ को आधिकारिक तौर पर ऑस्ट्रेलिया की T20 विश्व कप 2026 टीम में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने जॉश हेज़लवुड की जगह ली है और आवश्यकता पड़ने पर श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेल सकते हैं।
मिचेल मार्श को आयरलैंड के ख़िलाफ़ ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती मैच से पहले ग्रोइन पर गेंद लगने से टेस्टिक्युलर ब्लीडिंग हो गई थी, जिसके बाद स्टीव स्मिथ को बुलाया गया था। स्मिथ समय पर पहुंच गए और टीम के साथ पल्लेकेले रवाना हुए, जहां ऑस्ट्रेलिया अपने ग्रुप के आख़िरी दो मैच खेलेगा।
उन्होंने रविवार को श्रीलंका मैच से पहले ट्रेनिंग की, लेकिन यह अभी तय नहीं है कि वह प्लेइंग इलेवन में उतरेंगे या नहीं। मार्श ने नेट्स में लंबा सेशन किया और उनकी रिकवरी में सकारात्मक प्रगति हो रही है, जबकि ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ फ़ॉलो-थ्रू में हाथ पर गेंद लगने के बाद मार्कस स्टॉयनिस को किसी गंभीर चोट से क्लियर कर दिया गया है।
ज़िम्बाब्वे से हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए श्रीलंका को हराना ज़रूरी है।
चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा, "ICC नियमों के मुताबिक़ किसी भी स्क्वॉड बदलाव को मैच से कम-से-कम एक दिन पहले सबमिट और एक्टिवेट करना होता है। स्टीव के यहां होने और मिच व मार्कस स्टॉयनिस को लेकर कुछ अनिश्चितता को देखते हुए, यह समझदारी थी कि उन्हें [स्मिथ को] एक्टिवेट कर दिया जाए और ज़रूरत पड़ने पर मैच के लिए चयन के योग्य रखा जाए।"
जॉश हेज़लवुड को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही बाहर कर दिया गया था, क्योंकि हैमस्ट्रिंग चोट से उबरते समय हुई एक और समस्या से वह पूरी तरह नहीं उबर पाए थे, जिसने ऐशेज़ में उनके अभियान को भी प्रभावित किया था। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं ने तुरंत उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया।
स्मिथ ने आख़िरी बार फ़रवरी 2024 में T20I मैच खेले थे, लेकिन हालिया बिग बैश लीग में उनका फ़ॉर्म शानदार रहा, जहां उन्होंने 59.80 की औसत और 167.97 की स्ट्राइक रेट से 299 रन ठोके। इसके चलते विश्व कप दल में उनकी एंट्री की ज़ोरदार मांग उठी थी। लेकिन चयनकर्ताओं ने इसके बजाय मैट शॉर्ट की जगह मैट रेनशॉ को बुलाया था।
कुल मिलाकर T20I क्रिकेट में स्मिथ का औसत 24.86 और स्ट्राइक रेट 125.45 है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के लिए आख़िरी बार खेलने के बाद लीग और फ़्रैंचाइज़ी क्रिकेट में उनका औसत 49.73 और स्ट्राइक रेट 156.19 रहा है।