शमी के 8 विकेट के बावजूद नबी के प्रदर्शन ने जम्मू कश्मीर को फ़ाइनल के क़रीब पहुंचाया

ESPNcricinfo स्टाफ़

मोहम्मद शमी ने प्रथम श्रेणी में अपना सर्वश्रेष्ठ स्पेल डाला © CAB

जम्मू कश्मीर 302 (समद 82, नबी 42, शमी 8-90) और 43-2 (पुंडीर 23*, वंशज 9*, आकाश दीप 2-12) को बंगाल 328 और 99 (शाहबाज़ 24, सुनील 4-27, नबी 4-36) को हराने के लिए 83 रनों की ज़रूरत

कल्याणी में बंगाल और जम्मू कश्मीर के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफ़ी सेमीफ़ाइनल के तीसरे दिन 17 विकेट गिरे। यह सारे विकेट तेज़ गेंदबाज़ों ने लिए जिसमें मोहम्मद शमी और आक़िब नबी का योगदान सबसे ज़्यादा रहा। स्टंप्स के समय जम्मू कश्मीर जीत और पहली बार रणजी फ़ाइनल में प्रवेश करने से सिर्फ़ 83 रन दूर हैं।

बंगाल की टीम ने पहली पारी में 26 रनों की बढ़त हासिल की थी लेकिन दूसरी पारी में सिर्फ़ 99 रन बनाकर आउट हो गई। नबी ने पहली पारी में 5 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में भी चार विकेट लिए और मैच में 9 विकेट लेकर टीम को ऐतिहासिक जीत के क़रीब पहुंचा दिया।

इससे पहले बंगाल के 328 के जवाब में जम्मू कश्मीर की टीम पहली पारी में 302 रन बनाकर ऑल आउट हुई। एक समय उनका स्कोर 231-8 हो गया था लेकिन नबी और युद्धवीर सिंह चरक की नौवें विकेट की 64 रनों की साझेदारी से उन्होंने 300 का आंकड़ा पार किया। मोहम्मद शमी ने 90 रन देकर आठ विकेट लिए और यह प्रथम श्रेणी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी स्पेल है।

जम्मू कश्मीर को जीत के लिए 126 रनों का आसान लक्ष्य मिला है लेकिन 43 के स्कोर तक उनके दो विकेट गिर चुके हैं। शुभम सिंह पुंडीर 23 और वंशज शर्मा 9 रन बनाकर नाबाद थे। बंगाल की तरफ़ से अभी तक दूसरी पारी में दोनों विकेट आकाश दीप ने लिए हैं।

आर स्मरण ने 135 रनों की शतकीय पारी खेली © PTI

उत्तराखंड 149-5 (रायचंदानी 52*, पाटिल 2-26, गोपाल 1-23, वैशक 1-30) कर्नाटक 736 (पड़िक्कल 232, राहुल 141, स्मरण 135, रावत 4-154) से 587 रन पीछे

लखनऊ में उत्तराखंड के ख़िलाफ़ रणजी ट्रॉफ़ी के सेमीफ़ाइनल में कर्नाटक ने 736 रनों का पहाड़ खड़ा किया, जो प्रथम श्रेणी में उनका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। दूसरे दिन के स्कोर 689/6 से आगे खेलते हुए कर्नाटक की टीम 736 रन बनाकर ऑल आउट हुई और जवाब में स्टंप्स के समय तक उत्तराखंड ने 149 के स्कोर तक पांच विकेट गंवा दिए थे।

पारी के तीसरे शतकवीर आर स्मरण तीसरे दिन 135 रन बनाकर आउट हुए। विद्याधर पाटिल ने 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उत्तराखंड की तरफ़ से आदित्य रावत ने चार और मयंक मिश्रा ने तीन विकेट लिए।

पहली पारी में उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर उनके विकेट गिरे। सिर्फ़ लक्ष्य रायचंदानी ने ही बल्ले से कमाल दिखाया और स्टंप्स के समय वह 52 रन बनाकर नाबाद थे। उत्तराखंड की टीम अभी भी पहली पारी में कर्नाटक से 587 रन पीछे है और अगर उन्हें फॉलोऑन मिला तो उनके लिए पारी की हार बचाना भी मुश्किल हो सकता है।

Comments