आंकड़े झूठ नहीं बोलते: RCB और प्लेऑफ़- जानी दुश्मन वाली कहानी

नीरज पाण्डेय

Play 06:01
ऐरन: RCB का अहमदाबाद में इस सीज़न न खेलना PBKS के हक़ में होगा

IPL 2025 का फ़ाइनल मंगलवार को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला जाना है। पहले क्वालिफ़ायर में RCB ने बड़ी आसानी से PBKS को हरा दिया था। हालांकि, इस बार मामला इतना आसान नहीं होने वाला है। दोनों ही टीमें अपने पहले ख़िताब की तलाश में हैं और इस बार दर्शकों को नया चैंपियन देखने को मिल ही जाएगा। इससे पहले आइए जानते हैं कुछ ऐसे आंकड़े जिनका इस मैच पर सीधा प्रभाव पड़ने वाला है।

RCB और प्लेऑफ़: जानी दुश्मन वाली कहानी

RCB का प्लेऑफ़ में रिकॉर्ड काफ़ी निराशाजनक रहा है। टीम ने IPL प्लेऑफ़ में अब तक कुल 16 मैच खेले हैं, जिनमें से सिर्फ़ छह में जीत हासिल की है, जबकि 10 में हार का सामना करना पड़ा है। उनका जीत प्रतिशत सिर्फ़ 37.5% है, जो यह दर्शाता है कि RCB अक्सर नॉकआउट स्टेज में लड़खड़ाती रही है।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें तो विराट कोहली ने प्लेऑफ़ में 16 पारियां खेली हैं जिनमें उन्होंने 353 रन बनाए हैं। उनका औसत 25.2 और स्ट्राइक रेट 121 रहा है, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। वहीं गेंदबाज़ी में जॉश हेज़लवुड का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने सिर्फ़ 5 प्लेऑफ़ मुकाबलों में 12 विकेट झटके हैं।

क्रुणाल पंड्या का प्लेऑफ़ में बल्लेबाज़ी रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने नौ पारियों में 136 रन 19.4 की औसत और 124 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 47 रन है। गेंदबाज़ी में उन्होंने 10 पारियों में सिर्फ़ चार विकेट लिए हैं। 51 का उनका स्ट्राइक रेट सबसे बड़ी चिंता का कारण है।

Play 04:33
ऐरन: कोहली vs चहल बैटल देखना काफ़ी मज़ेदार होगा

श्रेयस को रोकना है तो हेज़लवुड को लाइए

श्रेयस अय्यर ने इस सीज़न जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने 16 पारियों में 54.8 की औसत और 176 के स्ट्राइक रेट के साथ 603 रन बनाए हैं। इस सीज़न में उनके बल्ले से छह अर्धशतक निकले हैं। यह IPL में किसी एक सीज़न में श्रेयस का सर्वाधिक रन हो चुका है। 2020 में उन्होंने 519 और 2019 में 463 रन बनाए थे। हालांकि, RCB के ख़िलाफ़ इस सीज़न में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत साधारण रहा, जहां उन्होंने क्रमशः 2 (3), 6 (10) और 7 (10) रन बनाए हैं।

हेज़लवुड के ख़िलाफ़ श्रेयस का संघर्ष साफ़ नज़र आता है। IPL में हेज़लवुड के ख़िलाफ़ छह पारियों में उन्होंने 22 गेंदों का सामना करते हुए महज़ 11 रन बनाए हैं और चार बार आउट हुए हैं। इस दौरान उनकी औसत 2.8 और स्ट्राइक रेट 50 का रहा है।

सॉल्ट की दवाई अर्शदीप के पास है

अर्शदीप सिंह ने IPL 2025 में कुल 15 पारियों में गेंदबाज़ी करते हुए 18 विकेट हासिल किए। उनका इकॉनमी रेट 8.8 रहा और स्ट्राइक रेट 18.1 रहा, जो इस बात का संकेत है कि उन्होंने हर 18वें गेंद पर विकेट लिया। पहली पारी में गेंदबाज़ी करते हुए अर्शदीप ने 10 विकेट चटकाए, जहां उनका इकॉनमी रेट 8.9 और स्ट्राइक रेट 13.4 रहा। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने आठ विकेट लिए, इकॉनमी रेट 8.8 पर कायम रहा लेकिन स्ट्राइक रेट बढ़कर 24.0 हो गया।

फ़िल सॉल्ट के ख़िलाफ़ अर्शदीप का रिकॉर्ड T20 में काफ़ी प्रभावशाली रहा है। नौ पारियों में उन्होंने सॉल्ट को चार बार आउट किया है। इस दौरान सॉल्ट ने सिर्फ़ 38 रन बनाए हैं, औसत 9.5 और स्ट्राइक रेट 100 का रहा है, जो दर्शाता है कि अर्शदीप ने उन्हें पूरी तरह नियंत्रित किया है।

बराड़ को RCB पसंद है

हरप्रीत बराड़ ने इस सीज़न सीमित मौक़ों के बावजूद प्रभावशाली गेंदबाज़ी की है। उन्होंने सात पारियों में 10 विकेट 8.6 की इकॉनमी और 13.2 के स्ट्राइक रेट के साथ लिए हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ उन्होंने छह विकेट नौ की इकॉनमी और 15.8 के स्ट्राइक रेट से चटकाए हैं। वहीं बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों के खिलाफ़ उनका प्रदर्शन और भी बेहतर रहा जिसमें उन्होंने चार विकेट 7.8 की इकॉनमी और सिर्फ़ 9.3 के स्ट्राइक रेट से लिए हैं।

RCB के ख़िलाफ़ बराड़ का रिकॉर्ड भी काफ़ी असरदार रहा है। उन्होंने नौ पारियों में RCB के ख़िलाफ़ 11 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 7.7 और स्ट्राइक रेट 16.4 रहा है। ये आंकड़े दिखाते हैं कि बराड़ ने ख़ास तौर पर बीच के ओवरों में टीम को अहम सफलताएं दिलाई है।

Comments