WPL 2026: हरमनप्रीत, मांधना और जेमिमाह हुईं रिटेन; हीली और लैनिंग को किया गया रिलीज़

स्मृति मांधना और हरमनप्रीत कौर, क्रमशः RCB और MI की कप्तान हैं © BCCI

भारत की विश्व कप विजेता खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर, स्मृति मांधना, जेमिमाह रॉड्रिग्स और शेफ़ाली वर्मा उन प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें WPL फ़्रेंचाइज़ियों ने 2026 की मेगा नीलामी से पहले बरकरार रखा है।

ऑस्ट्रेलिया की अलीसा हीली और मेग लैनिंग के साथ ही न्यूज़ीलैंड की ऑलराउंडर अमीलिया कर को उनकी टीमों ने रिलीज़ कर दिया है और वे नीलामी पूल में शामिल होंगी। अन्य बड़े नामों में दीप्ति शर्मा भी हैं, जिन्होंने विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज़' का ख़िताब जीता था। हीली की गैरमौजूदगी में 2025 में दीप्ति ने वॉरियर्ज़ की कप्तानी भी की थी।

ESPNcricinfo को मिली जानकारी के अनुसार दो टीमों, मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ने अधिकतम पांच खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, जो WPL के नियमों के अनुसार अधिकतम सीमा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चार, गुजरात जायंट्स ने दो और यूपी वॉरियर्ज़ ने एक खिलाड़ी को रिटेन किया है। खिलाड़ियों के व्यक्तिगत अनुबंध मूल्य की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन संभावित रिटेंशन सूची इस प्रकार है:

दिल्ली कैपिटल्स: ऐनाबेल सदरलैंड, मरीजान काप, जेमिमाह रॉड्रिग्स, शेफ़ाली वर्मा, निकी प्रसाद
मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर, नैट सिवर-ब्रंट, अमनजोत कौर, जी कमिलिनी, हेली मैथ्यूज़
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मांधना, एलिस पेरी, ऋचा घोष, श्रेयंका पाटिल
गुजरात जायंट्स: एश्ली गार्डनर, बेथ मूनी
यूपी वॉरियर्ज़: श्वेता सहरावत

WPL रिटेंशन नियमों के अनुसार कोई भी फ्रेंचाइज़ी अधिकतम तीन कैप्ड भारतीय खिलाड़ी, दो विदेशी खिलाड़ी और दो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बरकरार रख सकती है। यदि कोई टीम पांच खिलाड़ियों को बरकरार रखती है, तो उसमें कम से कम एक अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी होना आवश्यक है। WPL ने पहली बार नीलामी में "राइट-टू-मैच" (RTM) विकल्प की अनुमति दी है, जिससे फ्रेंचाइजी अपने 2025 के स्क्वॉड के किसी खिलाड़ी को दोबारा खरीद सकती हैं।

प्रत्येक फ्रेंचाइज़ी को नीलामी के लिए 15 करोड़ रुपये का पर्स दिया गया है, जो 27 नवंबर को दिल्ली में हो सकता है। रिटेंशन के लिए निर्धारित मूल्य स्लैब इस प्रकार हैं: खिलाड़ी 1 - 3.5 करोड़ रूपये, खिलाड़ी 2 - 2.5 करोड़ रूपये, खिलाड़ी 3 - 1.75 करोड़ रूपये, खिलाड़ी 4 - 1 करोड़ रूपये और खिलाड़ी 5 - 50 लाख रूपये। यदि कोई टीम पांच खिलाड़ियों को बरकरार रखती है, तो उसके पर्स से 9.25 करोड़ रूपये घटाए जाएंगे, चार खिलाड़ियों के लिए 8.75 करोड़ रूपये, तीन के लिए 7.75 करोड़ रूपये, दो के लिए 6 करोड़ रूपये और एक खिलाड़ी के लिए 3.5 करोड़ रूपये की कटौती होगी।

इस प्रकार दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के पास टीम निर्माण के लिए 5.75 करोड़ रूपये शेष रहेंगे। दोनों के पास कोई RTM उपलब्ध नहीं होगा। वॉरियर्ज़ जिन्होंने अनकैप्ड खिलाड़ी श्वेता सहरावत को बरकरार रखा है के पास 14.5 करोड़ रूपये का अधिकतम पर्स और चार RTM होंगे। जायंट्स के पास केवल भारतीय खिलाड़ियों के लिए तीन RTM और 9 करोड़ रूपये का पर्स रहेगा, जबकि RCB के पास एक RTM और 6.25 करोड़ रूपये होंगे।

नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo में न्यूज़ एडिटर हैं

Comments