महिला विश्व कप फ़ाइनल ने पुरुष T20 विश्व कप फ़ाइनल के दर्शकों की रिकॉर्ड संख्या की बराबरी की

ESPNcricinfo स्टाफ़

रविवार को हुए फ़ाइनल को दर्शकों ने रिकॉर्ड संख्या में देखा © ICC/Getty Images

महिला वनडे विश्व कप 2025 के फ़ाइनल को भारत में JioHotstar पर रिकॉर्ड 18.5 करोड़ दर्शकों ने देखा। इसने पिछले साल हुए पुरुष T20 विश्व कप फ़ाइनल के दर्शकों की रिकॉर्ड की बराबरी करने के साथ ही IPL 2025 की औसत प्रतिदिन रीच को भी पार कर लिया।

इसके साथ ही कनेक्टेड टीवी (CTV) पर इसे 9 करोड़ 20 लाख लोगों ने देखा और CTV दर्शकों की संख्या के मामले में इस मुक़ाबले ने पिछले साल खेले गए पुरुष T20 विश्व कप फ़ाइनल और 2023 के पुरुष वनडे विश्व कप फ़ाइनल के CTV दर्शकों की संख्या की बराबरी कर ली। कुल मिलाकर 44.6 करोड़ दर्शकों ने इस टूर्नामेंट को डिजिटल प्लैटफ़ॉर्म पर देखा जो कि पिछले तीन महिला विश्व कप की कुल दर्शकों की संख्या से भी ज़्यादा है।

यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में खेला गया था और फ़ाइनल जीत कर भारतीय टीम के महिला वनडे विश्व कप जीतने वाली पहली एशियाई टीम बनने ने भी दर्शकों की बढ़ती रुचि में योगदान दिया।

इससे पहले 5 अक्तूबर को हुए भारत और पाकिस्तान के मुक़ाबले ने भी किसी भी महिला अंतर्राष्ट्रीय मैच में सर्वाधिक दर्शकों की संख्या का रिकॉर्ड बनाया था - इस मैच को लगभग 2 करोड़ 84 लाख लोगों ने देखा था। यह संख्या फ़ाइनल देखने वाले दर्शकों की संख्या सामने में नगण्य है।

डीवाई पाटिल में फ़ाइनल मैच को देखने के लिए आए 39,555 दर्शकों ने भारत को इतिहास बनाते देखा।

ESPNcricinfo, JioStar नेटवर्क का हिस्सा है

Comments