RR ने जाडेजा और करन के लिए सैमसन को किया CSK से ट्रेड

ESPNcricinfo स्टाफ़

पिछले पांच सीज़न से राजस्थान रॉयल्स के कप्तान थे संजू सैमसन © Associated Press

राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने एक ऐसे खिलाड़़ियों के ट्रेड को अंतिम रूप दे दिया है, जिसके तहत संजू सैमसन CSK जाएंगे, जबकि RR को ऑलराउंडर्स रवींद्र जडेजा और सैम करन मिलेंगे।

यह IPL इतिहास के सबसे हाई-प्रोफाइल ट्रेड्स में से एक है। 2021 से लेकर पिछले सीज़न तक RR की कप्तानी करने वाले सैमसन को IPL 2025 से पहले 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। CSK ने भी जाडेजा को इतने ही मूल्य पर रिटेन किया था, जबकि करन को उन्होंने नीलामी में 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। सैमसन CSK में उसी शुल्क पर शामिल होंगे, लेकिन जडेजा का शुल्क संशोधित होकर 14 करोड़ रुपये कर दिया गया है। करन का शुल्क जस का तस है।

सैमसन ने RR के साथ 11 साल बिताए, लेकिन IPL 2025 के बाद संकेत दिया था कि वह बदलाव चाहते हैं और फ्रेंचाइज़ी से रिलीज़ किए जाने की इच्छा जताई थी।

जाडेजा के लिए यह उस फ्रेंचाइज़ी में वापसी है जिसके साथ उन्होंने 2008 में पहले सीज़न में अपना IPL करियर शुरू किया था। जाडेजा 2012 से CSK के साथ थे, सिवाय 2016 और 2017 के जब फ्रेंचाइज़ी निलंबित थी। उन्हें 2022 में कप्तान भी बनाया गया था, लेकिन ख़राब शुरुआत के बाद उन्होंने नेतृत्व एमएस धोनी को वापस सौंप दिया था।

करन के लिए यह तीसरी IPL फ्रेंचाइज़ी होगी। वह 2019 से 2025 के बीच CSK और पंजाब किंग्स के बीच आते-जाते रहे।

RR के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा ने कहा "जाडेजा का रॉयल्स में वापस आना हम सभी के लिए बेहद ख़ास है। वह फ्रेंचाइज़ी और फैंस को अच्छी तरह समझते हैं, क्योंकि वह RR के IPL जीतने वाले अभियान का हिस्सा रहे हैं। इतने सालों में वह ऐसे खिलाड़ी बने हैं जो खेल को हर विभाग में प्रभावित कर सकते हैं। उनका अनुभव, संयम और प्रतिस्पर्धी रवैया हमारे ग्रुप के लिए बेहद मूल्यवान साबित होगा।"

उन्होंने आगे कहा, "सैम एक अलग लेकिन उतना ही अहम पहलू जोड़ते हैं। वह बेखौफ, बहुमुखी हैं और बैट-गेंद दोनों से प्रेशर वाली स्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। जाडेजा और सैम मिलकर हमें बैलेंस, लीडरशिप और वह मैच-विनिंग डेप्थ देते हैं जिसकी हमें भविष्य के लिए टीम बनाने में जरूरत है।"

दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे Nitish Rana © BCCI

शमी, नितीश राणा, फरेरा, तेंदुलकर किए गए ट्रेड

जैसा कि बीते शुक्रवार को ESPNcricinfo ने रिपोर्ट किया था अब मोहम्मद शमी IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलेंगे, जिन्हें सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने ट्रेड किया है। SRH द्वारा IPL 2025 सीज़न से पहले 10 करोड़ में खरीदे गए शमी अपने मौजूदा शुल्क पर ही LSG गए हैं।

दिन की अन्य बड़ी अपडेट्स में मयंक मारकंडे, अर्जुन तेंदुलकर, नितीश राणा और डोनोवन फरेरा से जुड़े ट्रेड शामिल रहे।

राणा, जिन्होंने 100 से अधिक IPL मैच खेले हैं और KKR की कप्तानी भी की है, RR से दिल्ली कैपिटल्स (DC) में शामिल होंगे और उनका मौजूदा 4.2 करोड़ रुपये का शुल्क ही जारी रहेगा। मारकंडे के लिए यह अपने घर वापसी जैसा है, क्योंकि वह KKR से अपने शुरुआती IPL टीम मुंबई इंडियंस (MI) में लौट रहे हैं। उनका 30 लाख रुपये का शुल्क भी वही रहेगा।

साउथ अफ़्रीकी ऑलराउंडर फरेरा अपनी पहली टीम RR में लौटेंगे, जिन्हें DC ने ट्रेड किया है। साथ ही फरेरा को सैलरी हाइक भी मिलेगा। उनका शुल्क 75 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया गया है। वहीं तेंदुलकर MI से LSG जाएंगे, उनके 30 लाख रुपये के मौजूदा शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Comments